प्रयागराज;दुनिया के सबसे बड़े शहर प्रयागराज ने श्रद्धालुओं की संख्या के साथ ही प्रदूषण नियंत्रण में भी नया रिकॉर्ड बनाया है। महाकुंभ के दौरान प्रयागराज की हवा पिछले चार सालों में सबसे साफ है।
जनवरी में महज सात दिन और फरवरी में केवल दो दिन ही कुछ हिस्सों की हवा की गुणवत्ता खराब हुई। बात करें पूरे शहर की तो एयर क्वालिटी इंडेक्स ग्रीन जोन में बना हुआ है। उत्तराखंड के शहर देहरादून (93) और ऋषिकेश (76) की तुलना में प्रयागराज का एयर क्वालिटी इंडेक्स 57 रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप के आंकड़ों के अनुसार जनवरी के महीने में तेलियरगंज का इलाका सबसे अधिक साफ रहा और 30 दिनों तक एयर क्वालिटी इंडेक्स ग्रीन जोन में था। वहीं नगर निगम का क्षेत्र 28 और झूंसी 24 दिन ग्रीन जोन में रहा।
अधिकतम एयर क्वालिटी इंडेक्स झूंसी का 156, नगर निगम का 143 और मोतीलाल नेहरू एयर स्टेशन का 134 तक गया था। जनवरी 2022 में मोतीलाल नेहरू एयर स्टेशन का एक्यूआई 354, जनवरी 2023 में 237 और जनवरी 2024 में 202 तक पहुंच गया था।
झूंसी का एयर क्वालिटी इंडेक्स जनवरी 2022 में 301, जनवरी 2023 में एक्यूआई 215 और जनवरी 2024 में अधिकतम एक्यूआई 158 था। नगर निगम का एक्यूआई जनवरी 2022 में 272, जनवरी 2023 में 235 और जनवरी 2024 में 229 था।