बरेली; ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में सपा नेता माता प्रसाद पांडेय ने अंग्रेजी भाषा का विरोध किया। यह उनका विरोध बेतुका है। मौलाना ने कहा कि किसी भी भाषा का विरोध नहीं करना चाहिए। भाषा कोई सी भी हो, उसको सीखना चाहिए। भाषा से बैर रखना ठीक नहीं है। माता प्रसाद अंग्रेजी भाषा की मुखालफत क्यों कर रहे हैं, इसलिए कि उनके बच्चे अंग्रेजी जाने और दूसरे लोगों के बच्चे अंग्रेजी से अनपढ़ रहें। अब इस तरह की राजनीति नहीं चल सकती है।

मौलाना शहाबुद्दीन ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि विधानसभा के अलावा तमाम स्कूलों और कॉलेजों में अंग्रेजी, हिंदी, अवधी के साथ-साथ उर्दू को भी अनिवार्य किया जाए, ताकि बच्चे सभी भाषाओं का ज्ञान हासिल कर सकें। मौजूदा समय में अंग्रेजी और अरबी भाषा इंटरनेशनल भाषा के तौर पर जानी जाती है। पूरी दुनिया में लोग इन्हीं दोनों भाषाओं का बोलचाल और लिखने पढ़ने में इस्तेमाल करते हैं। बच्चों की तरक्की के लिए जरूरी है कि सभी भाषाओं का ज्ञान हो।

By Editor