Sunday , October 20 2024

कन्नौज: सपा, आप व कांग्रेस ने लखीमपुर कांड के विरोध में दिया ज्ञापन

प्रज्ञेश प्रकाश भट्ट

कन्नौज। लखीमपुर खीरी में आठ किसानों की हत्या के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई। लखीमपुर कांड के विरोध में
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व आप पार्टी के सांसद संजय सिंह को लखीमपुर खीरी जाने से रोकने व गिरफ्तारी करने के विरोध में तीनों पार्टियों ने कलेक्ट्रेट में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया। अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की खबर होते ही बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता, जिलाध्यक्ष कलीम खा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव, पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुँचे और वहा धरना दिया।
जिलाध्यक्ष कलीम खा ने कहा कि देसग व प्रदेश की सरकार किसान विरोधी है। जिस तरह केंद्र के मंत्री के पुत्र ने किसानों को रौंदते हुए किसानों की हत्या की है वह उनकी बर्बरता को दिखाता है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव ने कहा कि तीन काले कानून लाकर सरकार ने अन्नदाता पर जुल्म शुरू किया और अब इस निर्दयी सरकार के मंत्री के पुत्र ने किसानों की निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी। पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे तानाशाह जान लें कि अन्न पैदा करने वालों पर कोई आंच आयेगी तो समाजवादी ईंट से ईंट बजा देंगे। कुर्सी के दम पर किसानों पर जुल्म किया जा रहा है उसी कुर्सी को उखाड़ फेंकेगे। सपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन में सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। बाद में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौपा गया जिसमें प्रदेश सरकार को तुरन्त बर्खास्त करने तथा शहीद किसानों को दो करोड़ का मुआबजा देने व किसानों की हत्या के दोषियों को फांसी देने की मांग की गई।
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा, संजय दुबे, रामसेवक बाथम, अमित मिश्रा, वीरपाल, अनंत यादव, अनुराग मिश्रा, धर्मेंद्र कुशवाहा, वंश यादव, आकाश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश महासचिव नाजिम खान के नेतृत्व में भी ज्ञापन दिया गया जिसमें प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। ज्ञापन में राष्ट्रीय अध्यक्ष को गिरफ्तार करने की निंदा की गई।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रेम यादव के नेतृत्व में एक ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को दिया गया जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री के पुत्र द्वारा किसानों की हत्या करने की कड़ी निंदा की गई तथा घटना की उच्च स्तरीय जांच कराकर सख्त सजा देने की मांग की गई है। ज्ञापन में लखीमपुर कांड की सीबीआई जांच की मांग की गई। कांग्रेस के नेताओ ने सोमवार को लखीमपुर में किसानों की हुई निर्मम हत्या एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महसचिव प्रियंका गांधी जी गिरफ्तारी के विरोध में कलेक्ट्रेट पहुँच कर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। जिसमे मृत किसान परिवारों को एक एक करोड़ मुआबजा व केंद्रीय राज्य मंत्री को बर्खास्त करने तथा बेटे को गिरफ्तार करने की मांग की गई। इस मौके पर जिला प्रवक्ता अरविंद दुबे, महिला जिलाध्यक्ष रीना वर्मा, राजीव श्रीवास्तव, विजेंदर सिंह फौजी, आशुतोष त्रिपाठी, सुखनन्दन लाल, सत्यराम यादव, सलमा बेगम, बबली गौतम, पूजा गौतम, संगीता बाथम, निर्मला बाथम, लियाकत अली, तारिक वसीर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तिर्वा संवाददाता के अनुसार लखीमपुर में हुए बवाल व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी से नाराज सपा नेताओं ने तहसील पहुँच कर जोरदार प्रदर्शन किया। तहसीलदार को ज्ञापन देकर दोषियों को फांसी देने की मांग की। इस मौके पर दीपू चौहान, छात्र सभा के जिला उपाध्यक्ष सुखेन्द्र यादव, धर्मपाल राजपूत, प्रमोद यादव, विनय यादव, आशीष यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।