Friday , October 18 2024

मध्यप्रदेश -सागर जिला मे विजय का संदेश लेकर 21 नवंबर को सागर पहुंचेगी स्वर्णिम विजय मशाल

मध्यप्रदेश -सागर जिला मे विजय का संदेश लेकर 21 नवंबर को सागर पहुंचेगी स्वर्णिम विजय मशाल

सागर बनेगा स्वर्णिम विजय वर्ष 2021 का गवाह

1971 की ऐतिहासिक जीत का बच्चे, नौजवान और देशप्रेमी उत्साह के साथ ससम्मनान करेंगे स्वागत

सागर आगमन पर पूरे जोश से निकलेगी विजय मशाल की शोभा यात्रा
_
भारत-पाक युद्ध 1971 में भारतीय सशस्त्र बलों की ऐतिहासिक जीत के 50 वर्ष पूर्ण होने पर पूरा देश इस यादगार जीत को स्वर्णिम विजय वर्ष के रूप में मना रहा है। 1971 में भारतीय सेना की पाकिस्तान पर इस यादगार जीत को अब तक की सबसे निर्णायक और ऐतिहासिक जीत माना जाता है।

भारतीय सैनिकों के अभूतपूर्व योगदान को एक उत्सव के रूप में मनाने के लिए नई दिल्ली से देश की चारों दिशाओं में स्वर्ण विजय मशाल भेजी गई थीं। जिनमें से दक्षिण दिशा की स्वर्णिम विजय मशाल नासिक से चलकर 21 नवंबर को सागर पहुंचेगी और यहां 28 नवंबर 2021 तक रहेगी।

सागर वासियों के लिए यह एक गौरव का क्षण है जब ऐतिहासिक जीत को बयां करती यह विजय मशाल सागर के नागरिकों के बीच रहेगी और भारतीय सशस्त्र बल द्वारा 1971 में दर्ज की गई उस अभूतपूर्व जीत को बयां करेगी। सागर वासी भी उस ऐतिहासिक जीत का गवाह बनेंगे। कलेक्टर श्री दीपक आर्य ने सभी जिले वासियों से अपील की है कि, वे इस स्वर्णिम विजय मशाल का पूरे जोश और उत्साह के साथ स्वागत करें।

स्वर्णिम विजय वर्ष 2021 के समन्वयक महार रेजीमेंट सागर से मेजर करण ने जानकारी दी कि 21 नवंबर को स्वर्णिम विजय मशाल प्रातः 11 बजे सागर पहुंचेगी तत्पश्चात मशाल की विजय शोभायात्रा नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए महार रेजिमेंट सेंटर पहुंचेगी। स्वर्णिम विजय मशाल की शोभायात्रा के दौरान स्कूली छात्र- छात्राओं, सामाजिक संगठनों, शहर के गणमान्य नागरिकों द्वारा स्वागत किया जाएगा।

24 नवंबर को अटल पार्क में होंगे विभिन्न आयोजन

महार रेजिमेंट के मेजर करण द्वारा जानकारी दी गई कि 1971 की ऐतिहासिक जीत को पुनर्जीवित करने के लिए 24 नवंबर को अटल पार्क में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें बच्चे, नौजवान और सभी देशप्रेमी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न विधाओं के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव के दिन 24 नवंबर को अटल पार्क में प्रवेश शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।

कलेक्टर श्री दीपक आर्य ने सभी जिले वासियों से अपील करते हुए कहा है कि यह सभी जिले वासियों के लिए एक गौरव का क्षण है। यह हमें मौका देता है कि हम भारतीय सेना को उनके बलिदान के लिए श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए 1971 की ऐतिहासिक जीत को एक उत्सव के रूप में मनाएं। उन्होंने कहा कि, आईये हम सभी एक अच्छे नागरिक का कर्तव्य निभाते हुए स्वर्णिम मशाल यात्रा का भव्य स्वागत करें।

21 तारीख को सागर आ रही स्वर्णिम विजय मशाल के स्वागत की तैयारियों की कलेक्टर श्री दीपक आर्य ने भी गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा की। इस दौरान रिटायर्ड कर्नल श्री राम सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल श्री के सन्याल, मेजर करण, सैनिक कल्याण बोर्ड से कैप्टन उपेंद्र प्रताप सिंह भदोरिया, ट्रैफिक डीएसपी श्री संजय खरे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अजब सिंह ठाकुर, रोटेरियन श्री वीणू राणा आदि अधिकारी मौजूद थे।