प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव समाजवादी पार्टी के सिंबल पर जसवंतनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इस बात की पुष्टि इटावा के प्रसपा जिलाध्यक्ष सुनील यादव ने की। बता दें कि शिवपाल यादव जसवंतनगर विधानसभा सीट से विधायक हैं। इस सीट पर उनका यह छठवां चुनाव होगा।

1996 में विधायक बने थे शिवपाल यादव

जसवंतनगर सीट पर 1967 में मुलायम सिंह यादव पहली बार विधायक बने। इसके बाद वह लगातार 7 बार विधायक बनने में कामयाब रहे। फिर लोकसभा चुनाव लड़ने पर मुलायम सिंह ने वर्ष 1996 में शिवपाल यादव को यहां से उतारा। तब से शिवपाल लगातार 5 बार से विधायक हैं। शिवपाल ने बताया कि षड्यंत्र के तहत उनका चुनाव चिह्न जब्त कर लिया गया है। ऐसे में सपा के चुनाव चिह्न साइकिल पर मैदान में उतर रहे हैं।

जिताऊ उम्मीदवारों की सूची अखिलेश को दी गई

शिवपाल यादव ने बताया कि, भाजपा को हटाकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए जहां भी जरूरत होगी, वह चुनाव प्रचार करेंगे। प्रसपा के अन्य पदाधिकारियों के चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि जिताऊ उम्मीदवारों की सूची अखिलेश यादव को दी गई है। उनको जो जिताऊ लगेगा, उसे टिकट मिल सकता है। अन्य को सपा सरकार बनने पर सम्मान मिलेगा। बेटे आदित्य यादव के चुनाव लड़ने के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि अभी उसे चुनाव लड़ने का मन नहीं है।

दो महीने पहले जब्त कर लिया गया था प्रसपा का चुनाव चिन्ह

बता दें कि प्रसपा का चुनाव चिह्न चाबी था, लेकिन 2 महीने पहले इसे जब्त कर लिया गया है। अब उन्हें स्टूल अलॉट किया गया है। प्रसपा ने प्रदेश भर में 240 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की थी। इसमें 170 सीट पर पार्टी ने चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया था। अब प्रसपा का सपा के साथ गठबंधन है।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *