Monday , October 28 2024

औरैया: केंद्रीय कानून राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा काशी शिव ने बसाई थी यहां सब कुछ उन्ही का

औरैया: केंद्रीय कानून राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने ज्ञानवापी मामले में कहा कि काशी भगवान शिव ने बसाई थी। यहां सब कुछ उन्हीं का है। मुस्लिम तो सातवीं शताब्दी में आए थे। उन्होंने कहा कि किराएदार किसी भी वाद में अदालत को कितना भी गुमराह कर ले, लेकिन आखिर में फैसला मकान मालिक के पक्ष में ही आता है।केंद्रीय कानून राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल सोमवार को दिल्ली से कानपुर जाते समय औरैया में रुके थे।

 

वे यहां पर एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि काशी को भगवान शिव ने बसाया है। दिस इज द ओल्डेस्ट सिविलाइजेशन ऑफ अर्थ। इस्लाम 7वीं शताब्दी में ही अस्तित्व में आया है।

उन्होंने कहा कि मुझे याद आ रहा है 1152 में तराई के दूसरे युद्ध में पृथ्वीराज चौहान को मोहम्मद गोरी ने हराया था। वहां से हम गुलाम हुए, गुलाम के गुलाम ने हमें गुलाम बनाया। उसके बाद उसके गुलाम ने हमको गुलाम रखा। कुतुबद्दीन ऐबक और इल्तुतमिस ने हमें गुलाम बनाया। इल्तुतमिस की लड़की रजिया ने शासन किया, इसके बाद उसके दो तीन नालायक भाइयों ने हम पर शासन किया।

उन्होंने मुगलों की पूरी वंशावली बताते हुए कहा कि जब 7वीं शताब्दी में इस्लाम आया है। हमारे यहां द्वापर युग का कार्यकाल ही 5400 साल है। यहां सतयुग भी रहा है त्रेता भी रहा है। उन्हे यह सोचना चाहिए। यह देश संविधान से चलेगा। रूल ऑफ लॉ से चलेगा। किसी के विरोध करने से या भीड़तंत्र से यह देश नहीं चलेगा।

उन्होंने कहा कि अखिलेश और आजम के बीच नाराजगी पर भाजपा का कुछ लेना देना नहीं है। आजम के भाजपा में शामिल होने की चर्चा के सवाल पर कहा कि पार्टी हाईकमान तय करेगी कि किसे लेना है किसे लेना ही नहीं है। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड सरेंडर की सूचना अफवाह है। बोगस और अपात्र राशन कार्डों की जांच होनी चाहिए। हमारे जिले में लोगों ने किसान सम्मान निधि गलत तरीके से ली है। मैं कहना चाहूंगा कि पीडीएस सिस्टम रहेगा। ऐसे कैसे हो सकता है कि जिस देश में 80 करोड़ लोग खाद्य वितरण प्रणाली से भोजन प्राप्त करते हों, उनके राशन कार्ड निरस्त नहीं होंगे, लेकिन बोगस राशन कार्ड निरस्त होंगे। योगी आदित्यनाथ के समय में कोई चीज गलत नहीं चलेगी। रूल ऑफ लॉ रहेगा। अपात्र को हटाया जाएगा। पात्र व्यक्ति को ही राशन मिलेगा।