Monday , October 28 2024

इटावा,नगला नरिया के प्रधानी उपचुनाव में 75 प्रतिशत शांतिपूर्ण मतदान

नगला नरिया के प्रधानी उपचुनाव में 75 प्रतिशत शांतिपूर्ण मतदान
*आला अधिकारी डटे रहे
* कड़ी व्यवस्था, पत्ता भी नही ।खटका

जसवंतनगर(इटावा)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत आलमपुर नरिया में प्रधान पद के उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच।गुरुवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ।
कुल मिलाकर 74.92 प्रतिशत वोट पड़े।
इस उपचुनाव में तीन प्रत्याशी मैदान में थे। सुबह सात बजे से आरंभ हुआ मतदान शाम पांच बजे संपन्न हुआ। यहां कुल 1599 मतदाताओं को मतदान करना था, मगर 1198 ने ही मताधिकार का प्रयोग किया।
ग्राम पंचायत नगला नरिया में गुरुवार को अनुसूचित जाति प्रधानी सीट के लिए इसलिए पुनर्मतदान करना पड़ा ,क्योंकि प्रधान पद पर जीते व्यक्ति ने फर्जी जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर चुनाव लडा था, जिसे पद से बर्खास्त कर दिया गया था।
उपचुनाव के लिए नगला नरिया गांव के अतिसंवेदनशील होने के कारण प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए थे।पूरे दिन दोनो बूथों के बाहर प्रशासन पूरी मुस्तैदी से तैनात रहा। जिलाधिकारी अवनीश राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश ने खुद आकर मतदान का जायजा लिया। उपजिलाधिकारी नम्रता सिंह और सीओ अतुल प्रधान खुद भी भारी पुलिस बल के साथ दिन भर डटे रहे।
चूंकि निर्वाचित प्रधान बर्खास्त कर दिया गया था और गांव का विकास बाधित था,इसलिए प्रधान पद का यह उपचुनाव कराना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण व जरूरी था।


गुरुवार को हुए मतदान में प्राथमिक विद्यालय में स्थित दो बूथों नंबर 41 और 42 पर क्रमशः 752 में 566 व 847 में से 632 मत पड़े। कुल 1198 मतों का प्रयोग किया गया। मतदान दौरान 11 बजे तक 36 प्रतिशत ,12 बजे तक 42 , दोपहर दो बजे तक 56 तथा शाम 4 बजे तक 70 प्रतिशत मतदान हुआ। महिला मतदाताओं में खासा जोश देखा गया। यहां रह चुके पूर्व दो यादव जातीय दबंग प्रधान अपने अपने खड़े प्रत्यासियों के पक्ष में मतदान करने के लिए एडी चोटी का जोर अंतिम क्षणों तक लगाते रहे।
मतदान के बाद गांव व गलियों में प्रत्याशियों को मिले संभावित वोटों और हरजीत को लेकर आंकड़ेबाजी शुरू हो गई। चुनाव दौरान मतदान को अपने पक्ष में करने के लिए स्वयं प्रत्याशियों द्वारा अंत तक मतदाताओं को रिझाने का काम भी चलता रहा।
*वेद व्रत गुप्ता*