Sunday , October 27 2024

निवेश को लेकर झूठा प्रोपागंडा फैला रही योगी सरकार:शिवपाल

फोटो -जसवंत नगर में एक उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते विधायक शिवपाल सिंह यादव

जसवंतनगर (इटावा)। समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने गुरुवार को कहा है कि योगी सरकार प्रदेश में निवेश के मामले में झूंठा प्रोपेगंडा फैला रही है।सरकार सार्वजनिक करे कि पिछले 6 सालों में प्रदेश मे कहां और कितना निवेश हुआ है?.. कितनी फैक्ट्रियां लगी है ?..और कितने बेरोजगारों को काम मिला है? भाजपा के लोग मीठा-मीठा बोल कर बस झूठ और भ्रम फैलाने में जुटे हैं।

श्री यादव गुरुवार को यहां हाईवे पर एक नवनिर्मित होटल का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। इस होटल का निर्माण व्यापार मंडल के नेता रामकुमार द्वारा कराया गया है।

शिवपाल सिंह ने कहा कि योगी सरकार छोटे दिल की सरकार है, और बातें बड़ी-बड़ी करती है।चाहे दिल्ली की सरकार हो या उत्तर प्रदेश की दोनों ही सरकारों ने विकास का कोई काम नहीं किया है। पूरे प्रदेश में विकास अवरुद्ध है। न सड़कें बन रही है, न ही पुल बन रहे हैं और न ही कोई नई फैक्ट्रियां प्रदेश में लगी है।उल्टे जीएसटी के नाम पर व्यापारियों को लूटा जा रहा है। ईट गिट्टी ,मोरम ,बालू आदि इतने मंहगे हो गए हैं कि एक 10 हजार रुपए की तनख्वाह पाने वाला मास्टर घर भी अब नहीं बनवा पा सकता है। वह घर तो दूर की बात अपना बिजली का बिल भी नहीं भर सकता ।

उन्होंने कहा कि आजम खान बहुत बड़े नेता हैं ,उन पर किताबों, बकरियों आदि की चोरी लगाकर यह सरकार व्यक्ति विशेष और वर्गों के उत्पीड़न के कामों में बस जुटी है। उन्होंने बताया कि उन्हें समाजवादी पार्टी में किसी भी पद की लालसा नहीं है हम समाजवादी हैं और समाजवाद को ऊंचाई तक ले जाने में कोई कोर कसर नहीं रखेंगे।

श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की अब कोई चीज नहीं है।पूरे प्रदेश में नौकरशाही हावी है, जो लूट मचाए है। बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता। एक छोटे से काम के लिए लोगों को कई कई चक्कर लगाने पड़ते हैं फिर भी काम बिना घुस के नहीं होते।

शिवपाल सिंह बोले कि हमने राजस्व विभाग के मंत्री के रूप में सर्दियों में कंबल बटवाने की प्रथा शुरू की थी।हर ब्लॉक के लिए पर्याप्त कंबल भेजे थे।अलाव भी जलवाना शुरू किया था। मगर पूछिए कि आज एक ब्लॉक में 100-200 कंबल भी नहीं बंट रहे हैं। जबकि हर ब्लॉक में इस भीषण सर्दी में गरीबों और असहायओ को कम से कम 5000 कंबल जरूर ही बटने चाहिए।

उन्होंने बताया कि कि नेताजी तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और एक बार अखिलेश। मगर इन्होंने कभी लोकतांत्रिक परंपराओं का हनन नहीं किया। आज विपक्ष की कोई बात नहीं सुनी जाती। हमारे शासनकाल में विपक्ष को पूरा सम्मान दिया जाता था और उनकी राय मानी जाती थी।उसी अनुसार योजनाएं बनती थी और विकास के काम होते थे,मगर योगी सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने और उसे मिटाने में जुटी है,मगर अब आने वाले समय में जनता ने मन बना लिया कि वह भाजपा का सफाया करके ही चैन लेगी।

होटल के उद्घाटन के दौरान होटल मालिक रामकुमार ने शिवपाल सिंह यादव और अन्य पधारे गणमान्य लोगों का स्वागत किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष महावीर सिंह यादव, प्रोफ़ेसर डॉक्टर बृजेश चंद्र यादव, राहुल गुप्ता ,अजेंद्र सिंह गौर, संतोष भुवनेश कोल्ड स्टोर के मालिक डॉक्टर भुवनेश यादव, गोपाल गुप्ता, इंद्रजीत यादव के अलावा सैकड़ों लोगों ने मौजूद रहकर होटल की उन्नति की कामना की।

होटल के किचन में फ्रेंच फ्राई तलते शिवपाल सिंह

होटल में शिवपाल ने कढ़ाही पर तलीं फ्रेंच फ्राई

होटल के उद्घाटन के दौरान शिवपाल सिंह यादव फीता काटने के बाद होटल के किचन में पहुंचे और वहां सेंके जा रहे फ्रेंच फ्राई उन्होंने खुद अपने हाथों से सेंकते हुए कहा कि वह खाना बनाने की कला को बहुत पसंद करते हैं। पहले बचपन में वह अपने लिए खुद खाना बना लेते थे ।उन्होंने कहा कि कोई भी काम छोटा नहीं होता। उन्होंने होटल के सभी कुक्स को बधाई दी और सलाह दी कि ग्राहकों के लिए अच्छे से अच्छे पकवान और नाश्ते बनाएं ताकि लोग आएं। किसी होटल की जान उस होटल में खाना बनाने वाले कुक्स ही होते हैं।