Sunday , October 20 2024

कन्नौज: कांग्रेसियो ने प्रदर्शन कर सीएम के खिलाफ की नारेबाजी

 

प्रज्ञेश प्रकाश भट्ट

कन्नौज: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की सीतापुर में गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने कलक्ट्रेट पर धरना देकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का रवैया अहंकार भरा है। इसीलिए हत्यारों को बचाया जा रहा है और निर्दोष किसानों को फंसाया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है की प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी से आंदोलन किसानों के न्याय की गूंज को और मजबूती देगा। लखीमपुर खीरी के तिकुनिया क्षेत्र में हुई हिंसा निंदनीय है। सरकार को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन जिस तरह सोमवार को तड़के लखीमपुर खीरी जा रही प्रियंका गांधी को सीतापुर में हिरासत में लिया गया वह तानाशाही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश पालीवाल ने कहा कि पुलिस कार्रवाई दमनकारी और अलोकतांत्रिक है। कांग्रेस नेताओं ने प्रियंका गांधी को तुरंत रिहा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है। आंदोलन को दमनकारी नीति के तहत कुचलना चाहती है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशासन अविनाश दुबे ने कहा कि हत्या के आरोपी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे को तुरंत गिरफ्तार किया जाये।
इस मौके पर मृतक किसानों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी जिसमे ऊषा दुबे, प्रदेश सचिव विजय मिश्रा, अरविंद दुबे, एहसानुल हक, श्याम सुंदर दोहरे, महिला जिलाध्यक्ष रीना सिंह, आशुतोष आदि मौजूद रहे।