आगरा जिले के जगदीशपुरा थाने के मालखाने से 25 लाख रुपये चोरी के शक में पुलिस ने जिस सफाई कर्मचारी अरुण को हिरासत में लिया था मंगलवार की रात उसकी मौत हो गई। घटना ने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं। अरुण लोहामंडी क्षेत्र का निवासी था। बवाल की आशंका के मद्देनजर थाने को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। आसपास के जिलों से भी पूर्व में यहां रह चुके तेज तर्रार इंस्पेक्टर बुलाए गए हैं।

जगदीशपुरा थाने के मालखाने में शनिवार रात को दरवाजे तोड़कर 25 लाख रुपये चोरी कर लिए गए थे। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने के बाद इंस्पेक्टर अनूप कुमार तिवारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।  मंगलवार को पुलिस ने सफाईकर्मी को ताजगंज क्षेत्र से पकड़ा था।  उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने दस लाख रुपये से अधिक बरामद कर लिए थे। इसके बाद और  रुपये बरामद करने को पूछताछ की जा रही थी। देर रात पुलिस हिरासत में सफाईकर्मी की हालत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस ने उसे हास्पिटल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुबह इस घटना पर बवाल हो सकता है इस आशंका के चलते थाने पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया।

 

बक्से में रखे 25 लाख निकालकर ले गए, सोना व पिस्टल सुरक्षित

किसी भी थाने का मालखाना सबसे सुरक्षित माना जाता है। शनिवार की रात जगदीशपुरा थाने के मालखाने से 25 लाख रुपये चोरी हो गए। ड्यूटी में लापरवाही पर इंस्पेक्टर जगदीशपुरा सहित छह पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है। अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ है। इलाके चोर ही नहीं पुलिस कर्मी भी शक के घेरे में हैं। सुबह साढ़े नौ बजे चोरी की जानकारी सबसे पहले मालखाना प्रभारी हैड मोहर्रिर प्रतापभान सिंह को हुई। सुबह थाने आने के बाद वह बाहर चाय पीने चले गए। कुछ देर बाद लौटकर आए। मालखाने का ताला खोला। सामान अस्त-व्यस्त दिखा। जिस बक्से में कैश था उसका ताला टूटा हुआ था। यह देख होश उड़ गए। पहले इंस्पेक्टर जगदीशपुरा अनूप कुमार तिवारी को घटना की जानकारी दी। करीब दो घंटे बाद पहले एसपी सिटी विकास कुमार उसके बाद एसएसपी मुनिराज जी थाने पहुंचे। गहन छानबीन चली। मालखाने तक किसी को जाने नहीं दिया गया। बाद में एसएसपी ने बताया कि 25 लाख रुपये चोरी हुए हैं। पिस्टल और सोना सुरक्षित है। दोपहर को एडीजी राजीव कृष्ण घटना स्थल पर आए। इसके बाद इंस्पेक्टर जगदीशपुरा अनूप कुमार तिवारी, एसआई रामनिवास, आरक्षी जितेंद्र सिंह, सुखवीर सिंह, साजदा और हैड मोहर्रिर प्रतापभान सिंह को निलंबित किया गया है। रामनिवास की नाइट ड्यूटी थी। अन्य पुलिस कर्मी रात को थाने पर तैनात थे।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *