Sunday , October 20 2024

अखिलेश यादव के साथ अब आएंगे क्या शिवपाल ओपी राजभर बोले कुछ गोपनीय रहने दीजिए

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का कहना है कि भाजपा को सत्ता से बेदखल करना ही उनका लक्ष्य है। समाजवादी पार्टी से गठबंधन को लेकर उत्साहित राजभर ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव से तमाम मुद्दों पर बात हो गई है। बुधवार को राजधानी में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी 27 अक्तूबर को मऊ के हलधरपुर में भागीदारी मोर्चा और सपा के गठबंधन का औपचारिक ऐलान होगा, जिसमें मोर्चा के सहयोगी भी होंगे।

इससे पहले राजभर ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की। उन्होंने इसकी जानकारी ट्विट कर दी और समावादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के साथ आने की घोषणा कर दी। ट्विटर पर उन्होंने लिखा कि अबकी बार, भाजपा साफ! समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी मिलकर साथ आए। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के साथ सभी वर्गों को धोखा देने वाली भाजपा सरकार के दिन हैं बचे चार…। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के सुप्रीमो अखिलेश यादव से शिष्टाचार मुलाकात की।

 

उन्होंने अखिलेश के साथ फोटो व वीडियो भी जारी किया। साथ ही कुछ देर बात प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा को सत्ता से बदखल करने का दावा किया। उन्होंने इस गठबंधन में शिवपाल यादव होंगे या नहीं, इसे लेकर गोलमोल जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए 27 तक इंतजार कीजिए, सारी तस्वीर साफ हो जाएगी। हालांकि पार्टी महासचिव अरविंद राजभर ने मऊ के मंच पर ओवैशी सहित कई अन्य सहयोगियों के मौजूद रहने की बात कही। ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सपा की ओर से न्योता मिलने पर हमने उनसे बात की। जातीय जनगणना, सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू करना, महंगाई कम करने, घरेलू बिजली का बिल माफ करने, रोजगार देने सहित हमारी कई मुद्दों पर उन्होंने सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा की विदाई और अखिलेश यादव का मुख्यमंत्री बनना तय है। उन्होंने भाजपा को पिछड़ों और अति पिछड़ों का विरोधी बताया।