Thursday , October 24 2024

तिहाड़ जेल में नहीं रुक रहा खूनी संघर्ष अब कैदियों के बीच हुई व्लेट बाजी तीन गंभीर घायल अस्पताल में भर्ती

तिहाड़ जेल में कैदियों के बीच खूनी संघर्ष की वारदातें रुकने का नाम ही नहीं ले रही हैं। पिछले कुछ महीनों में एक के बाद एक हुई वारदातें जेल में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। शनिवार को तिहाड़ जेल संख्या-1 में फिर से कैदियों के बीच जमकर ब्लेडबाजी हुई। इस वारदात में 3 कैदी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

कैदियों के बीच हुई वारदात की जानकारी मिलने पर जेल प्रशासन के अधिकारियों ने सभी घायलों को इलाज के लिए डीडीयू अस्पताल पहुंचाया और मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची हरिनगर थाना पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

उधर, अस्पताल प्रशासन की ओर से दो कैदियों हालत गंभीर होने पर सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हरिनगर थाने में जेल प्रशासन द्वारा वारदात की सूचना मिली थी। सूचना पर डीडीयू अस्पताल पहुंची पुलिस को घायल कैदी मिले।

 

घायल कैदियों में 24 वर्षीय पिंकू, 32 वर्षीय सुनील शेरावत और 32 वर्षीय सन्नी के तौर पर की गई है। तीनों पर गहरे जख्म के निशान मौजूद थे। शुरुआती जांच में पता चला कि तीनों के साथ बेरहमी से मारपीट करने के साथ ही धारदार हथियार से वार किया गया था। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने ब्लेड से हमला किया था।

गंभीर हालत होने की वजह से सुनील और पिंकू को बाद में इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घायलों के बयान लेकर मामले में आईपीसी की धारा 307, 324 और 34 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि चार आरोपी रोहित कपूर, राजेश उर्फ इमरान, सुनील शेरावत और संदीप दलाल ने मिलकर घायल कैदियों पर झड़प के दौरान ब्लेड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस ने इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की छानबीन कर रही है। ये सभी आरोपी तिहाड़ के सेल नं-2 के वॉर्ड-7 में विभिन्न आपराधिक मामलों में बंद हैं।

पहले भी हुई वारदात

12 सितंबर 2021:- जेल संख्या-3 में कैदियों में आपसी विवाद के बाद चाकूबाजी हुई।  तीन कैदी घायल हुए। पुलिस ने केस दर्ज किया।
14 सितंबर 2021:- जेल संख्या-3 में दो कैदियों के बीच चाकूबाजी हुई। विजय नाम का कैदी घायल हुआ।
20 सितंबर 2021:- जेल संख्या-3 में दो कैदियों के बीच चाकूबाजी हुई। एक कैदी घायल हुए।
24 सितंबर 2021:- जेल संख्या-3 में चाकूबाजी हुई। तीन कैदी घायल हुए।
19 अक्टूबर 2021:- जेल नंबर-8 में टीवी बंद करने को लेकर शुरू हुए विवाद में हुई चाकूबाजी। एक कैदी मुकेश घायल।