Thursday , October 24 2024

Editor

‘एंटी करप्शन क्या…’ अपशब्द बोलकर फंसे इंस्पेक्टर, एसएसपी ने सीओ से तलब की जांच रिपोर्ट

बरेली: बरेली के शीशगढ़ थाने के इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार आपत्तिजनक बयान देने के मामले में फंस गए हैं। उनके दो ऑडियो वायरल होने के बाद सीओ बहेड़ी को मामले की जांच सौंपी गई थी। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने अब सीओ से जांच रिपोर्ट तलब की है।पहले ऑडियो में इंस्पेक्टर बंजरिया गांव के किसान ओमकार शर्मा को धमका रहे हैं। ओमकार ने अपने खेत से मिट्टी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और तहरीर बदलकर ईंट भट्ठा मालिक का नाम हटाने का आरोप लगाया था।

इंस्पेक्टर शीशगढ़ पर 50 हजार रुपये लेने का आरोप लगा था। साथ ही रिश्वतखोरी में पकड़े गए चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार का सरपरस्त होने का आरोप भी उनके सिर पर है। भड़के इंस्पेक्टर ने किसान से बातचीत के दौरान एंटी करप्शन टीम व मीडिया कर्मियों को लेकर अपशब्द कहे थे।वहीं, खनन का वाहन छुड़वाने आए प्रधान संघ अध्यक्ष से तकरार के दौरान भी उन्होंने मीडिया कर्मियों पर कटाक्ष किया था। अब एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने सीओ बहेड़ी से जांच रिपोर्ट तलब कर ली है। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।

चौकी में रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ था दरोगा

शीशगढ़ थाने की बंजरिया पुलिस चौकी के इंचार्ज जितेंद्र सिंह को 15 जून को एंटी करप्शन की टीम ने 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। चौकी इंचार्ज के कमरे की जब तलाशी ली गई तो वहां रखे बैग में 1.06 लाख रुपये भी मिले। चौकी इंचार्ज ने बताया कि रुपये फॉलोअर के मकान बनवाने के लिए इकट्ठे किए गए हैं। हालांकि इसका कोई सुबूत नहीं मिला।

माना जा रहा है कि ये रुपये भी उगाही के हैं। जांच यह भी की जा रही है कि चौकी इंचार्ज के पास यह रुपये कहां से आए? किससे लिए गए हैं? साफ है कि चौकी इंचार्ज ने और भी लोगों से वसूली की है। इस मामले में विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। मामले में शीशगढ़ इंस्पेक्टर से लेकर चौकी पुलिस पर तैनात स्टाफ तक निशाने पर है। चौकी इंचार्ज के खिलाफ भोजीपुरा थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद उसे जेल भेजा जा चुका है। साथ ही एसएसपी ने उसे निलंबित भी कर दिया है।

भाजपा नेता की डेयरी में अमोनिया का रिसाव, दम घुटने से ऑपरेटर की मौत; पांच कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान

उत्तर प्रदेश के आगरा में भाजपा नेता की गोविंद डेयरी में मंगलवार की रात को अमोनिया गैस के रिसाव ऑपरेटर की दम घुटने से मौत हो गई। पांच अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने रिसाव बंद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

घटना निबोहरा थाना क्षेत्र के ठेका चौराहे गांव के पास की है। यहां भाजपा नेता एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख सुग्रीव चौहान की गोविंद डेयरी है। थाना प्रभारी अमरदीप शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8:30 बजे डेयरी परिसर में अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था।डेयरी में काम कर रहे पांच अन्य कर्मचारी तो किसी तरह बाहर भाग निकले मगर ऑपरेटर मानवेंद्र उर्फ राजू (38) निवासी आंवलखेड़ा, बरहन का पैर मशीन में फंस गया। उसने निकलने की कोशिश की मगर कामयाब नहीं हो सका। दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इसकी जानकारी होने पर आसपास दहशत फैल गई, लेकिन रिसाव का असर बाहर तक नहीं आया। लेकिन कर्मचारियों के बाहर भागने पर आसपास के पांच घरों के लोगों को रिसाव की जानकारी हुई तो उनमें दहशत फैल गई। घटना की जानकारी होने पर एसीपी फतेहाबाद अमरदीप लाल, फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने रिसाव को बंद कराया।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि वर्ष 2010 में भी उद्घाटन के समय भी डेयरी में अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था। इस संबंध में भाजपा नेता सुग्रीव सिंह ने बताया कि डेयरी में किसी कारणवश रिसाव होने से एक कर्मचारी की मृत्यु की जानकारी मिली है। वह लंबे समय से हमारे यहां काम कर रहा था। परिवार की पूरी मदद की जाएगी।

कारोबारियों से 136 किलो चांदी गबन करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, सात गिरफ्तार; 70 लाख का माल बरामद

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में पांच चांदी कारोबारियों से कारखाना मालिक 136 किलो कच्ची चांदी लेकर 27 मई को फरार हो गया था। शिकायत के 20 दिन बाद पुलिस ने 17 जून को मुकदमा लिखा। मुकदमा दर्ज करने के 24 घंटे भी नहीं बीते कि आरोपी और उसके परिवार के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

बुधवार को आगरा पुलिस ने पर्दाफाश का दावा करते हुए आरोपी सुहेलुद्दीन समेत सात को मीडिया के सामने पेश किया। गायब 136 किलो कच्ची चांदी जो पायल बनाने के लिए आरोपी को दी गई थी, उसमें से 78 किलो पुलिस ने बरामद दिखाई है। 58 किलो चांदी धोखाधड़ी की भेंट चढ़ गई। पुलिस ने 70 लाख रुपए कीमत की बरामदगी दिखाई है।

डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने कहा कि पूछताछ में अभियुक्त सुहैल, उमैर, अजीम, जोएब उर्फ विन्नी ने पुलिस को बताया कि उनका बेगमड्योढी में चांदी का कारखाना है। अभियुक्त राजू उनके कारखाने में कारीगर है। चांदी का कच्चा माल लेकर भागने की योजना बनाई थी। 135 किलो चांदी अभियुक्त जावेद ने अपने घर पर छिपाया।

बेचने के लिए शिवनारायण से मिलवाया था। इसमें से कुछ चांदी उन्होंने शिवनारायण को बेच दी। जिसे उसने अपने कारखाने में गला दिया। बाकी 78 किलो बरामद है। इस मामले में सुहेलउद्दीन उर्फ ईसी, अब्बास नगर, शान्ति बिहार कॉलोनी, एत्माउदौला का रहने वाला है। उसके पुत्र जोएब उर्फ विन्नी, अजीम, उमैर और राजू, जावेद हुसैन गिरफ्तार किया है।

ऑपरेशन के दौरान गलत तरीके से लगा दिया एनेस्थीसिया का इंजेक्शन, अब काम नहीं कर रहे पैर

आगरा:  ताजनगरी आगरा के कालिंदी विहार स्थित एक अस्पताल में ऑपरेशन में एनेस्थीसिया का इंजेक्शन गलत लगने से मरीज के पैरों में दिक्कत हो गई। मामले में पीड़ित ने सीएमओ और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।सरेंधी निवासी विशंभर सिंह ने आरोप लगाया कि 15 मई को उनकी पत्नी सरोज देवी के पेट में दर्द हुआ था। वह उन्हें 16 मई को कालिंदी विहार स्थित अस्पताल ले गए। चिकित्सक ने अपेंडिक्स का दर्द बताया। ऑपरेशन की सलाह दी। 19 मई को ऑपरेशन कराया। 25 मई को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

आरोप लगाया कि आयुष्मान कार्ड के बाद भी दवा और जांच के पैसे लिए गए। छुट्टी के बाद पत्नी घर पहुंची तो दर्द शुरू हो गया। 9 जून को वह हॉस्पिटल दिखाने पहुंचे। यहां हॉस्पिटल संचालक व स्टाफ ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की। इलाज करने के लिए रुपये मांगे।

अन्य चिकित्सक को दिखाने पर बताया गया कि एनेस्थीसिया का इंजेक्शन रीढ़ की हड्डी में लगने के कारण मवाद की स्थिति बनी है। इससे नसें दब गई हैं। पैर काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने ऑपरेशन की सलाह दी है। विशंभर सिंह ने मुख्यमंत्री पोर्टल और मुख्य चिकित्साधिकारी से शिकायत करते हुए हॉस्पिटल पर कार्रवाई की मांग की है।

अवैध निर्माण जमींदोज… मैदान बन गया अकबरनगर, 1320 निर्माण ध्वस्त किए गए

लखनऊ:  कुकरैल नदी की जमीन पर अवैध रूप से किए गए निर्माणों को एलडीए, नगर निगम और प्रशासन की टीमों ने जमींदोज कर दिया है और अब मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। इस दौरान अफसरों की टीम मुस्तैद रही। अकबर नगर प्रथम में कुछ धार्मिक स्थल भी थे, जिन्हें देर रात ध्वस्त कर दिया गया। मंगलवार को 171 मकान तोड़े गए। इस दौरान बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहे।एलडीए के उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि अकबर नगर में सभी अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए हैं। अब मलबा हटाया जा रहा है। अकबर नगर प्रथम एवं द्वितीय में सभी 1320 अवैध निर्माण ढहा दिए गए हैं। इस दौरान कहीं कोई विवाद नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि धार्मिक स्थलों को स्थानीय लोगों की सहमति से ढहाया गया है। इससे पहले मंदिरों में स्थापित देवी देवताओं को दूसरे मंदिर में स्थापित किया गया था। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2023 में सबसे पहले भीखमपुर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई थी। इस दौरान 48 मकानों पर बुलडोजर चला था। इसके बाद अकबरनगर में लोगों को मकान खाली करने का नोटिस दिया गया।

अवैध कब्जेदारों ने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की शरण ली, उन्हें कोई राहत नहीं मिली थी। कोर्ट के आदेश के बाद 10 जून से अकबरनगर द्वितीय में अवैध कब्जा हटाना शुरू हुआ था। मंगलवार को 15 बड़ी पोकलेन मशीन, 12 जेसीबी, 15 वाटर टैंकर की मदद से ध्वस्तीकरण हुआ। एलडीए के उपाध्यक्ष ने बताया कि अकबर नगर के 1898 अध्यासियों को प्रधानमंत्री आवास आवंटित किए गए हैं। सभी लोगों को आवंटन पत्र भी दिया जा चुका है।

’52 डिग्री सेल्सियस में आठ किमी पैदल चलना, इंतजाम…’, यूपी से हज पर गए हाजियों की आपबीती

झांसी:  सऊदी अरब में भीषण गर्मी के कारण पारा 52 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। वहां अराफात से मुजदनिफा में पैदल सफर के दौरान साढ़े पांच सौ हाजियों की मौत हो गई है। गर्मी से हाजियों की मौत की खबर सुनते ही भारत से हज पर गए हाजियों के परिजन सकते में आ गए थे। तुरंत ही फोन का खैरियत की जानकारी ली। अमर उजाला से बातचीत में हाजियों ने गर्मी से मौत का मंजर बयां किया।

हज का फर्ज अदा करने के लिए झांसी जिले से 111 हज यात्री रवाना हुए थे। हज करने गए मिशन कंपाउंड के रहने वाले वाहवउद्दीन ने बताया कि 52 डिग्री सेल्सियस में सात से आठ किलोमीटर तक का पैदल सफर करने पर हाजियों की हालत बिगड़ी थी। इस दौरान माकूल इंतजाम नहीं होने पर सैकड़ों हाजी बेहोश होकर गिर गए थे। जिसमें से कई तो मौके पर ही अल्लाह को प्यारे हो गए थे और कई का इंतकाल अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गया था।

हज करने गए कसाई मंडी निवासी शकील अहमद ने बताया कि भीषण गर्मी में तकरीबन आठ किलोमीटर का पैदल सफर करने पर हाजियों की हालत बिगड़ी। इस दौरान रास्ते में व्यापक इंतजाम नहीं होने के कारण हाजियों की मौत हो गई है। हालांकि इनमें से कोई भी हाजी झांसी शहर का नहीं है। हाजियों की लाशों का मंजर देखकर दिल में बेचैनी और घबराहट हो गई थी।

धार्मिक स्थल में खून व मांस मिलने से लोगों में आक्रोश, पुलिस ने संभाली स्थिति; संदिग्धों से पूछताछ जारी

आगरा:  उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार की रात घर की छत पर बने धर्मस्थल पर मांस के टुकड़े व खून के निशान मिले। बुधवार सुबह क्षेत्र में सांप्रदायिक उन्माद की आशंका और हंगामे की सूचना पर एसीपी हेमंत कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। विरोध करते हुए लोगों को शांत कराया। मामला ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के विकास नगर कॉलोनी का है।

टेढ़ी बगिया निवासी ओम भारद्वाज ने बताया कि उनके घर की छत पर 30 साल से मंदिर है। जहां रोज पूजा करते हैं। बुधवार सुबह 6 बजे गए तो देखा कि खून व मांस के टुकड़े पड़े थे। यह देख वह घबरा गए। मामले की सूचना पर वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। आक्रोशित लोग हंगामा करने लगे। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया है। इसके बाद धर्मस्थल को गंगाजल से साफ किया गया। एसीपी हेमंत कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। फोरेंसिक टीम ने मांस के टुकड़े व खून को जांच के लिए भेजा है। संदिग्ध आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

मुंबई में धीमी पड़ी मानसून की गति, अब फिर पकड़ेगा रफ्तार; उत्तर भारत में भी गर्मी से मिलेगी राहत

पूरा उत्तर भारत गर्मी की मार झेल रहा है। भीषण गर्मी और पानी की किल्लत से लोग बहुत परेशान हैं। हालांकि बीच-बीच में उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश के चलते राहत मिली थी, लेकिन फिर मौसम ने करवट बदल ली। दक्षिण पश्चिम मानसून कुछ समय पहले मुंबई पहुंचा था। लेकिन वह धीमा पड़ गया। 21-22 जून तक इसके आगे बढ़ने की पूरी उम्मीद है।

बुधवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारी ने बताया कि धीमा पड़ गया मानसून 21-22 जून तक वापस गति पकड़ सकता है। इसके आगे बढ़ने की उम्मीद है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग, मुंबई के प्रमुख सुनील कांबले ने कहा, “मुंबई में दस्तक देने के बाद मानसून की गतिविधि कमजोर थी, लेकिन यह धीरे-धीरे मध्यम हो रही है। यह 21-22 जून तक मजबूत होगा और तटीय महाराष्ट्र में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मराठवाड़ा सहित मध्य महाराष्ट्र में इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होगी।”

बता दें कि बुधवार सुबह मुंबई के कई हिस्सों में बारिश हुई, लेकिन यह भीषण गर्मी से राहत देने के लिए पर्याप्त नहीं थी। उन्होंने बताया कि मानसून अपने सामान्य समय से दो दिन पहले 9 जून को मुंबई पहुंचा। तब से इसमें बहुत कम प्रगति हुई है और यह अभी भी उत्तरी महाराष्ट्र और विदर्भ के कुछ हिस्सों तक नहीं पहुंच सका।

दरअसल जून और जुलाई को कृषि के लिए सबसे महत्वपूर्ण मानसून महीने माना जाता है क्योंकि खरीफ फसल की अधिकांश बुवाई इसी अवधि के दौरान होती है। 1 जून को मानसून की अवधि शुरू होने के बाद से भारत में 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 12 से 18 जून के बीच बारिश नहीं हुई। मंगलवार को आईएमडी ने कहा कि जून में सामान्य से कम बारिश होगी।

‘लोगों का कर्ज उतारना है’, चन्नापाटना सीट से उपचुनाव लड़ सकते हैं डीके शिवकुमार

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने संकेत दिए हैं कि वह चन्नापाटना विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ सकते हैं। बुधवार को डीके शिवकुमार ने अपने एक बयान में कहा कि ‘चन्नापाटना उनके दिल में है। चन्नापाटना ही वो जगह है, जहां से मेरा राजनीतिक जन्म हुआ। जो भी उनकी पार्टी और जनता आदेश देगी, वो उन्हें मानना पड़ेगा।’ गौरतलब है कि जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी के लोकसभा चुनाव में जीत और केंद्र सरकार में मंत्री बनाए जाने के बाद उन्हें चन्नापाटना सीट खाली करनी होगी।

शिवकुमार ने दिए चन्नापाटना से चुनाव लड़ने के संकेत
शिवकुमार बुधवार को चन्नापाटना के नजदीकी रामनगर जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने कहा ‘चन्नापाटना सीट पहले सथानुर का हिस्सा थी। मुझे चन्नापाटना से प्यार है, मैं चन्नापाटना की मदद करना चाहता हूं उसे बदलना चाहता हूं।’ अपने भाई और पूर्व सांसद डीके सुरेश के चन्नापाटना सीट से उपचुनाव लड़ने की संभावनाओं को डीके शिवकुमार ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ‘ऐसा कुछ तय नहीं है, अभी में लोगों से अपने लिए ही वोट मांगूंगा।’ पहले ऐसी ही चर्चाएं थी कि चन्नापाटना सीट से डीके सुरेश ही चुनाव मैदान में उतर सकते हैं क्योंकि वह लोकसभा चुनाव बंगलूरू ग्रामीण सीट से हार गए हैं। अब ऐसा लग रहा है कि डीके शिवकुमार ही अपने भाई की हार का बदला लेने के लिए और क्षेत्र में अपना दबदबा बनाने के लिए चन्नापाटना सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।

चन्नापाटना सीट बंगलूरू ग्रामीण लोकसभा सीट का ही हिस्सा है। सूत्रों के अनुसार, शिवकुमार अगर चन्नापाटना से उपचुनाव लड़ते हैं तो वह अपनी कनकपुरा सीट को खाली कर सकते हैं और कनकपुरा सीट से डीके सुरेश चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। शिवकुमार कनकपुरा सीट से साल 2008 से विधायक हैं। कनकपुरा और चन्नापाटना सीटें रामनगर जिले का हिस्सा हैं और यह जिला वोक्कालिगा समुदाय बहुल है। वोक्कालिगा के वोट अभी डीके शिवकुमार और जेडीएस पार्टी के बीच बंटते हैं। शिवकुमार की कोशिश है कि वह जेडीएस के वोटबैंक को भी अपने पाले में कर सकें। चन्नापाटना सीट से डीके शिवकुमार के चुनाव लड़ने को भी इसी एंगल से देखा जा रहा है।

भाजपा-जेडीएस से इन नेताओं के नाम की चर्चा
शिवकुमार ने कहा ‘मुश्किल समय (हालिया लोकसभा चुनाव) में भी चन्नापाटना के लोगों ने हमें करीब 80 हजार वोट दिए। मुझे लोगों का कर्ज उतारना है। यहां विकास करने के लिए यह एक अवसर है। शिवकुमार ने कहा कि वह मतदाताओं से बात करेंगे और उनकी और पार्टी के नेताओं की सुनेंगे। उसके बाद ही वह कोई फैसला करेंगे।’ चन्नापाटना सीट से भाजपा एमएलसी सीपी योगेश्वर के नाम की भी चर्चा है। वह भाजपा-जेडीएस के संयुक्त उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। साथ ही कुमारस्वामी के बेटे और अभिनेता से नेता बने निखिल कुमारस्वामी के भी चन्नापाटना से चुनाव लड़ने की चर्चाएं हैं। 2023 के चुनाव में रामनगर सीट पर निखिल को हार का सामना करना पड़ा था।

शरद पवार ने किया वादा, विधानसभा में जनादेश मिला तो सत्ता संभालते ही दूर करेंगे किसानों की समस्याएं

महाराष्ट्र में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस लोकसभा चुनाव के बाद से सत्ता से दूर हो चुकी राजनीतिक पार्टियों को नई ऊर्जा मिली है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने विधानसभा चुनाव में जीत पर भरोसा जताया है। बुधवार को शरद पवार ने पुणे जिले की बारामती तहसील के नीरा वागज गांव में किसानों से बातचीत की। उन्होंने उनकी समस्या सुन अपनी विवशता बताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य दोनों ही जगह हमारी सरकार नहीं है। लेकिन विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। उन्होंने कहा कि अगर सत्ता हमारे पास होती है तो हम किसानों की समस्या को हल करेंगे।

उन्होंने कहा कि हमने देखा है कि लोकसभा चुनाव में किस तरह जनादेश मिला है। अगर राज्य विधानसभा चुनाव में भी ऐसा जनादेश मिलता है तो महाराष्ट्र की बागडोर हमारे हाथ में होगी। उन्होंने कहा, “अगर राज्य सरकार की शक्ति हमारे हाथ में आ जाए तो किसानों की सभी समस्याएं हल हो सकती हैं।” शरद पवार ने पुणे जिले में नीरा नदी के जल प्रदूषण पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नदी के पानी को प्रदूषित करने में चीनी मिल की बड़ी भूमिका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को सुलझाने के लिए राज्य और केंद्र सरकारों से बात करेंगे।

बता दें कि इस बार लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर चुनाव हुआ। जिसमें कांग्रेस ने 13 सीटें जीतीं, जो 2019 के मुकाबले काफी हैं। वहीं शिवसेना (यूबीटी) ने नौ और एनसीपी (एसपी) ने आठ सीटें जीतीं। आम चुनावों के लिए सीट बंटवारे में, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) को तीनों दलों में से सबसे ज्यादा सीटें मिली थीं, क्योंकि उसने 21 सीटों पर चुनाव लड़ा था, उसके बाद कांग्रेस ने 17 और एनसीपी (एसपी) ने 10 सीटों पर चुनाव लड़ा था।