Thursday , October 24 2024

Editor

आज का राशिफल; 10 अप्रैल 2024

मेष राशि: 
आज का दिन आपके लिए मिश्चित रूप से फलदायक रहने वाला है। आप बिजनेस से संबंधित कोई भी फैसला अपने भाइयों के सलाह मश्वरे से ही लें। यदि आप किसी महत्वपूर्ण चर्चा में सम्मिलित हो रहे हैं तो अपनी बात अवश्य रखें। आपको संतान की संगति की ओर विशेष ध्यान देना होगा। आपकी तरक्की के मार्ग में यदि कुछ बाधाएं आ रही थी, तो वह आज दूर होगी। आपके कोई साहसी निर्णय ले सकते हैं। आज का दिन आपके लिए प्रभाव व प्रताप में वृद्धि लेकर आने वाला है। आप कार्यक्षेत्र में किसी बात को बेवजह बहसबाजी में ना पड़ें।
वृष राशिः 
आज का दिन आपके लिए भाग्य के दृष्टिकोण से अच्छा रहने वाला है। परिवार के सदस्य के साथ आप कुछ समय मौज-मस्ती करने में व्यतीत करेंगे। आपको अपने किसी मित्र के सेहत की चिंता सता सकती है। कार्य क्षेत्र में आप अपने अनुभवों का पूरा लाभ उठाएंगे। परिवार के सदस्यों में यदि कोई आपसी खटपट चल रही थी, तो वह भी दूर होती दिख रही है। आप अपने बिजनेस में कोई बदलाव करने की योजना बना सकते हैं, जो आपके लिए अच्छे रहेगी। विदेश से लेनदेन कर रहे लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है।
मिथुन राशि : 
आज का दिन आपके लिए जिम्मेदारी से कार्य करने के लिए रहेगा। आप अपने दिनचर्या में यदि कोई बदलाव करेंगे, तो उसमे आपको अच्छा लाभ मिलेगा। आपको अपने मित्र की कोई बात बुरी लग सकती है। घर में बाहर आज अपनी कामों को लेकर थोड़ा परेशान रहेंगे और उन्हें पूरा करके ही दम लेंगे। साझेदारी में किसी काम को करने में आप सोच विचार अवश्य करें। आपका कोई करीबी आपसे किसी बात को लेकर नाराज हो सकता है। संतान के विवाह में आ रही बाधाएं दूर होती दिख रही है। रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को कोई शुभ सूचना मिल सकती है।
कर्क राशि: 
आज आप साझेदारी में काम न करें। व्यापार में यदि आपको कुछ परेशानियां चल रही थी, तो उनमें सुधार होगा। आप अपने साथी से किसी बात को लेकर नाराज हो सकते हैं। आपको अपने कामों पर पूरा फोकस बनाए रखने की आवश्यकता है। आपका कोई सोच समझ से काम पूरा होता दिख रहा है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लोग पूरी लगन से पढ़ाई करेंगे। विद्यार्थियों को बौद्धिक व मानसिक बोझ से छुटकारा मिलता दिख रहा है।
सिंह राशि: 
आज का दिन आपके लिए मेहनत से काम करने के लिए रहेगा। आप अपने विरोधियों को अपने ऊपर हावी होने ना दें, इसलिए सतर्कता बरतें। सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत लोगों को महिला मित्रों से सावधान रहने की आवश्यकता है। आप सरकारी काम में सफलता प्राप्त करेंगे। आपको शिक्षा में किसी साथी से मदद लेनी पड़ सकती है। आपके पिताजी की सहयोग से आपके काफी काम आसानी से पूरे हो पाएंगे। आप अपने मित्रों के साथ कुछ समय मौज मस्ती करने में व्यतीत करेंगे। आपके पिताजी को आपकी कोई बात बुरी लग सकती है।
कन्या राशि: 
आज का दिन आपके लिए महत्वपूर्ण रहने वाला है। करियर को लेकर आपके मन में कुछ उलझने रहेंगी, जिन्हें सुलझाने के लिए आप अपने पिताजी से बातचीत करेंगे। आपको किसी बड़े निवेश की तैयारी बहुत ही सोच विचार कर करनी होगी। करियर में आपको अच्छा उछाल देखने को मिलेगा। नौकरी में कार्यरत होने के बाद को यदि किसी पार्ट टाइम कार्य करने की योजना बना रहे थे, तो उसके लिए भी आप समय निकाल पाएंगे। जीवनसाथी के साथ आप किसी यात्रा पर जाने की तैयारी कर सकते हैं।
तुला राशिः 
आज का दिन आपके लिए आर्थिक दृष्टिकोण से अच्छा रहने वाला है। आपको अपनी ऊर्जा को सही काम में लगाना होगा। परिवार के लोग इसका फायदा उठा सकते हैं। कार्यक्षेत्र में किसी अजनबी पर भरोसा करना नुकसान देगा। आपके परिवार के सदस्य यदि आपको कोई सलाह दें, तो आप उसे पर अमल अवश्य करें। कार्य क्षेत्र में कोई बड़ी डील फाइनल होते-होते रह सकती है। आपके सहकर्मियों को आपकी किसी बात से नाराजगी रहेगी। यदि ऐसा हो, तो आपको उस चिंता को दूर करने की कोशिश करनी होगी।
वृश्चिक राशिः 
आज का दिन आपके लिए आलस्य को त्याग कर आगे बढ़ने के लिए रहेगा। आपने यदि अपने आलस्य को अपने ऊपर हावी होने दिया तो काम बिगड़ सकता है। सामाजिक गतिविधियों में आपकी पूरी निष्ठा रहेगी। परिवार में कोई आपके मन मुताबिक काम कर सकता है, जो आपको खुशी देगा। जीवनसाथी का सहयोग आपको भरपूर मात्रा में मिलता दिख रहा है। यदि भाइयों के साथ रिश्तों में कोई मनमुटाव चल रहा है, तो वह भी दूर होगा। आपको अपने भाग्य को प्रबल रखना होगा।
धनु राशिः 
आज का दिन आपके लिए मान सम्मान में वृद्धि लेकर आने वाला है। आपके व्यवहार से आपके काफी मित्र बन सकते हैं। व्यापार में धन लगाते समय इसका जिक्र किसी से न करें। परिवार में किसी मेहमान के आगमन होने से माहौल खुशनुमा रहेगा। आप अपने जीवन स्तर में सुधार लाने की कोशिश करेंगे। आपकी संतान को शिक्षा में कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है। आपको किसी की कहीसुनी बातों में आने से बचना होगा। आपकी धन संबंधित योजनाएं गति पकड़ेंगी।
मकर राशिः 
आज दिन कारोबार के मामले में अच्छा लाभ लेकर आएगा। आपकी दीर्घकालीन योजनाओं को गति मिलेगी। आप अपने कामों को लेकर सावधान रहें। अपनी दिनचर्या का पूरा पालन करे, तभी आप अपने कामों को आसानी से पूरा कर पाएंगे। वैवाहिक जीवन जी रहे लोगों के लिए दिन मिला जुला रहेगा। आपको पारिवारिक विषयों में गंभीरता दिखानी होगी। संतान के करियर में चल रही समस्या आपको परेशान करेंगी। आप अपने किसी मित्र के कहने में आकर कोई निवेश कर सकते हैं। लेनदेन से संबंधित मामलों में आपको सावधान रहना होगा।
कुंभ राशिः 
आज का दिन रोजगार के मामले में अच्छा रहने वाला है। आपके खर्च आपको परेशान कर सकते हैं। यदि आप अपनी इन्कम को बढ़ाएंगे, तो उसमें आपको सफलता मिलेगी। विदेश से बिजनेस कर रहे लोगों को सावधान रहना होगा। प्रेम जीवन जी रहे लोग किसी लॉन्ग ड्राइव पर जा सकते हैं। आपको कार्यक्षेत्र में कोई गलती होने के कारण अपने बॉस से डांट खानी पड़ सकती है। वह आपके प्रमोशन पर भी रोक लगा सकती हैं। आपको वाहन चलाते समय सावधानी बरतनी होगी।
मीन राशिः 
आज का दिन आपके लिए उत्तम रूप से फलदायक रहने वाला है। आप कार्यक्षेत्र में मुनाफे के चक्कर में किसी गलत काम को ना करें, नहीं तो समस्या हो सकती है। यदि आपको आपके साथी कोई सलाह दें, तो उस पर अमल करने से पहले सोच विचार अवश्य करें। किसी घरेलू मामले को घर में ही सुलझाएं और बाहर न आने दें। आपको किसी पैतृक संपत्ति की प्राप्ति हो सकती है, लेकिन उसमें पहले आपको कोर्ट कचहरी के चक्कर काटने होंगे। आपको अपने परिवार के सदस्यों का पूरा साथ मिलेगा।

अरिजीत सिंह के सम्मान में झुके बादशाह, मंच पर छुए गायक के पैर, वीडियो वायरल

रैपर और सिंगर बादशाह और अरिजीत सिंह के संगीत के प्रशंसक दीवाने हैं। एक ही मंच पर जब दोनों हों तो क्या ही कहने। ऐसा हाल ही में देखने को मिला। इनके संगीत के साथ-साथ एक और चीज ने दर्शकों का दिल जीत लिया। हुआ यह कि लाइव संगीत समारोह के दौरान बादशाह ने अरिजीत सिंह के पैर छुए। अरिजीत के पैर छूते हुए बादशाह का वीडियो तेजी के साथ इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद नेटिजंस इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

परफॉर्म करने से पहले छुए पैर
यह वीडियो बादशाह और अरिजीत सिंह के एक शाथ थाईलैंड के बैंकॉक में एक संगीत समारोह में परफॉर्म करने के दौरान की है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अरिजीत ‘सोलमेट’ गाने पर अपनी प्रस्तुति दे रहे थे, तभी बादशाह ने झुककर उनके सम्मान में पैर छू लिए। अरिजीत ने दर्शकों के सामने जैसै ही बादशाह का नाम लेकर उनका परिचय कराया भीड़ उत्साह में जोर-जोर से शोर करने लगी। भीड़ के शोर करते ही बादशाह ने अपनी परफार्मेंस से पहले अरिजीत के प्रति सम्मान दिखाते हुए उनके पैर छू लिए। वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल होना शुरू हुआ। नेटिजन्स ने बादशाह की सराहना करनी शुरू कर दी।

अरिजीत से बादशाह हैं तीन साल छोटे
नेटिजन्स ने अरिजीत और बादशाह की उम्र पर भी जोर दिया। एक यूजर ने लिखा, ‘बादशाह अरिजीत सिंह से तीन साल बड़े हैं, लेकिन उन्होंने अरिजीत के पैर छुए। उन्होंने उनके पैर नहीं छुए, बल्कि उनका ये करना अरिजीत की कला के लिए उनके सम्मान को दर्शाता है। उम्र मायने नहीं रखती, अनुभव मायने रखता है’! वहीं एक प्रशंसक ने लिखा, ‘पैर धोकर पीने चाहिए थे’।

‘अगर उनके प्रांतों का…’, अरुणाचल के इलाकों के नाम बदलने पर चीन को रक्षा मंत्री का जवाब

लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों की धड़कने तेज हो रही है। सत्तारूढ़ दल से लेकर विपक्षी दल तक सभी ताबड़तोड़ रैलियों के जरिए मतदाताओं को रिझाने में लगे हुए हैं। इस बीच, अरुणाचल प्रदेश के नामसाई में मंगलवार को एक चुनावी रैली को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संबोधित किया। इस दौरान वह भारत-चीन के बीच विवादों पर खुलकर बोलते हुए नजर आए।

इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं- राजनाथ सिंह
हाल ही में चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों को नाम बदले गए थे। जिस पर भारत ने कड़ी आपत्ति दर्ज की थी, हालांकि विदेश मंत्रालय ने कहा था कि देशों को भारत के आतंरिक मामले में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। नामसाई में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश के तकरीबन 30 स्थानों के नाम बदले और अपनी वेबसाइट पर अपलोड किया। मैं अपने पड़ोसी देश को बताना चाहता हूं कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।

आज के भारत के पास जवाब देने की ताकत- राजनाथ सिंह
चुनावी रैली में चीन की करतूत पर दो टूक जवाब देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर भारत चीन के कुछ जगहों और कुछ प्रांतों के नाम बदल दें तो क्या वो भारत का हिस्सा बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना चाहता है। बावजूद इसके, अगर कोई हमारे सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश करता है तो आज के भारत में जवाब देने की ताकत है।

सेना प्रमुख ने ईद से पहले दिखाई दरियादिली, नौ मई को हुई हिंसा में गिरफ्तार 20 लोगों को किया रिहा

बीते साल नौ मई को हुई हिंसा के मामले में एक नया मोड़ आया है। दरअसल, पूर्व प्रधानमंत्री इमरान की गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा में शामिल कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था। इन लोगों को सैन्य अदालतों ने सजा दी थी। हालांकि अब ईद को देखते हुए कम से कम 20 लोगों को रिहा कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर द्वारा माफ किए जाने के बाद इन लोगों को छोड़ा गया है।

इंट्रा-कोर्ट अपील (आईसीए) के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट सुनवाई कर रही थी। छह सदस्यीय पीठ में न्यायमूर्ति अमीनुद्दीन खान, न्यायमूर्ति मुहम्मद अली मजहर, न्यायमूर्ति सयैद हजहर हसन रिजवी, न्यायमूर्ति शाहीद वाहिद, न्यायमूर्ति मुसरत हिलाली और न्यायमूर्ति इरफान सादत खान शामिल थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सोमवार को इन कैदियों को रिहा किया है।

28 मार्च को दिया था आदेश
पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के प्रमुख खान को गिरफ्तार करने के बाद हिंसा भड़क गई थी। इस दौरान सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमलों में कथित शामिल कई लोगों को गिरफ्तार किया था। अब 103 नागरिकों से जुड़े मुकदमे में नया फैसला आया है। 28 मार्च को हुई पिछली सुनवाई के दौरान, अदालत ने सैन्य अधिकारियों को सशर्त रूप से संदिग्धों के फैसले की घोषणा करने की अनुमति दी थी, जिन्हें ईद त्योहार से पहले रिहा किया जा सकता था।

इसलिए किया रिहा
अब सुप्रीम कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत रिपोर्ट में कहा गया है कि उसके 28 मार्च के निर्देशों के अनुपालन में, सैन्य अदालतों को मुकदमे को फिर से शुरू करने की अनुमति दी गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 20 लोगों को एक साल की सजा सुनाई गई थी, जिनमें से 17 ने साढ़े 10 महीने और तीन व्यक्तियों ने साढ़े नौ महीने की सेवा की थी। चूंकि उनमें से अधिकांश ने लगभग 10 महीने जेल में बिताए थे, इसलिए सेना प्रमुख ने शेष अवधि माफ कर दी थी। इनमें से चार खैबर पख्तूनख्वा के हैं जबकि अन्य 16 पंजाब के हैं। उन्हें छह और सात अप्रैल को अपने-अपने प्रांतों में रिहा कर दिया गया था।

क्या हुआ था नौ मई को?
दरअसल, 9 मई, 2023 को भ्रष्टाचार एक मामले में इमरान खान को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद देश भर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। खान को अल-कादिर ट्रस्ट मामले में भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी ने इस्लामाबाद हाईकोर्ट से गिरफ्तार किया था। अधिकारियों का आरोप है कि खान और उनकी पत्नी ने एक चैरिटेबल ट्रस्ट के जरिए एक रियल एस्टेट कारोबारी से रिश्वत के रूप में लाखों डॉलर की जमीन हासिल की।

मोजांबिक द्वीप के पास क्षमता से अधिक भरी नाव पलटी; 97 लोगों की मौत, 12 को किया गया रेस्क्यू

मोजांबिक के तट पर क्षमता से अधिक भरी एक नाव पटलने से 97 लोगों की मौत हो गई। यह घटना रविवार रात की है। मोजांबिक के उत्तरी प्रांत नामपुला के प्रशासक सिल्विरो नौआइतो ने बताया कि नाव में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, जो उत्तरी लुंगा जिले से मोजांबिक द्वीप के पास जा रहे थे।

हैजा की गलत सूचना पाकर भागने लगे लोग
सिल्विरो नौआइतो ने बताया कि हैजा फैलने की गलत सूचना के कारण 130 यात्री स्वास्थ्य देखभाल के लिए दूसरे जगहों पर भाग रहे थे। उन्होंने बताया कि अबतक 12 लोगों को रेस्क्यू किया गया है और अन्य की तलाश जारी है। खराब मौसम के कारण नाव चलाने में परेशानी हो रही थी। रविवार को 91 और सोमवार को छह शव बरामद किए गए। 40 शवों को या तो द्वीप पर या मुख्य भूमि पर ले जाया गया है। शवों को दफनाने का काम जारी है। जनवरी से ही मोजांबिक अपने उत्तरी क्षेत्र में हैजा को रोकने का प्रयास कर रहा है। स्वास्थ्य संकट ने पड़ोसी देशों जैसे जांबिया और मलावी को भी प्रभावित किया है।

क्षमता से अधिक भरी होने के कारण पलटी नाव
मीडिया से बात करते हुए नामपुला में राज्य सचिव जेमी नेटो ने कहा कि नाव एक विशाल लहर से टकरा सकती थी। उन्होंने यह भी बताया कि हैजा की गलत सूचना के कारण नाव अपनी क्षमता से अधिक भरी हुई थी। नाव एक समय में इतने यात्रियों को ले जाने के लिए उपयुक्त नहीं थी।

मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “हैजा की गलत सूचना मिलने के कारण इतने सारे लोग नाव में चढ़ गए। नाव इतने लोगों को ले जाने के लिए तैयार नहीं थी और आखिर में वह डूब गई। इसका परिणाम बहुत बुरा हुआ।” बता दें कि मोजांबिक में नाव से यात्रा करना मुख्य यातायात का स्रोत है, क्योंकि वहां की सड़के जर्जर अवस्था में है।

पूर्व PM गिलानी बने सीनेट के अध्यक्ष, PML-N के नासिर को मिला उपसभापति का पद

जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी के सांसदों के विरोध के बीच पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी को मंगलवार को सीनेट का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। वहीं, सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के सैदल खान नासिर को उपसभापति चुना गया। पीएमएल-एन के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन द्वारा समर्थित दो उम्मीदवारों के खिलाफ किसी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया था।

पीटीआई सांसद कर रहे विरोध
गौरतलब है, सीनेट की बैठक पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के सांसदों के विरोध के बीच हुई है। दरअसल, पीटीआई सांसद मांग कर रहे थे कि सत्र को खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के सीनेटरों के चुनाव तक स्थगित किया जाना चाहिए। बता दें, खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के सीनेटरों के चुनाव दो अप्रैल को होने थे, लेकिन आरक्षित सीटों पर निर्वाचित सदस्यों की शपथ पर हुए विवाद होने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।

11 सीटों पर सीनेट चुनाव में देरी हुई
इस महीने की शुरुआत में इस्लामाबाद, पंजाब और सिंध में चुनाव हुए थे। हालांकि पीटीआई शासित खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में चुनाव नहीं हुआ था, जहां प्रांतीय असेंबली अध्यक्ष बाबर सलीम स्वाति के आरक्षित सीटों पर विपक्षी सांसदों को शपथ दिलाने से इनकार करने के कारण 11 सीटों पर सीनेट चुनाव में देरी हुई।

41 नवनिर्वाचित सीनेटरों को शपथ दिलाई गई
पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने पीटीआई और सुन्नी इत्तेहाद काउंसिल (एसआईसी) की इन सीटों के आवंटन की मांग को खारिज कर दिया था, जिसके बाद ये सीटें पीपीपी, पीएमएल-एन और अन्य दलों को आवंटित की गई थीं। सत्र शुरू होने के बाद 41 नवनिर्वाचित सीनेटरों को शपथ दिलाई गई। सीनेट में कुल 96 सदस्य हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 85 सीनेटर ही इसके सदस्य हैं क्योंकि खैबर पख्तूनख्वा से 11 सीनेटरों के लिए चुनाव अभी बाकी हैं।

सर्गेई लावरोव ने की चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग से मुलाकात, देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर जोर

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव दो दिवसीय चीन यात्रा पर है, जहां उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मंगलवार को मुलाकात की। गौरतलब है कि पिछले महीने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की जीत के बाद उनकी यह पहली चीन की यात्रा है। पिछले छह साल में लावरोव और शी जिनपिंग के बीच पहली आमने-सामने की चर्चा है।

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव चीन की यात्रा पर
यूक्रेन युद्ध के बाद से ही रूस के लिए चीन एक महत्वपूर्ण आर्थिक भागीदार के तौर पर उभरा है। अपने नए कार्यकाल की पहली विदेश यात्रा पर विचार कर रहे पुतिन ने एक रूसी सांसद के सुझाव के जवाब में चीन की यात्रा की संभावना का संकेत दिया। हालांकि, क्रेमलिन ने अभी तक किसी भी यात्रा योजना की पुष्टि नहीं की है। तमाम मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन की बीजिंग की आखिरी यात्रा बेल्ट एंड रोड फोरम के दौरान अक्तूबर में हुई थी, जबकि शी जिनपिंग ने पिछले मार्च में राजकीय यात्रा के लिए मॉस्को का दौरा किया था।

दोनों देशों के बीच संबंधों को प्रगाढ़ करने पर जोर- वांग यी
इससे पहले रूसी विदेश मंत्री लोवरोव ने चीन के मंत्री वांग यी से भी मुलाकात की। अपनी बैठक के बाद वांग ने दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने और आगे बढ़ाने पर जोर दिया है। अमेरिका की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि वे शीत युद्ध की मानसिकता का विरोध करते हैं। रूसी राज्य समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, लावरोव और वांग के बीच यूक्रेन में संघर्ष पर चर्चा हुई। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक, वांग ने अपने समकक्ष से कहा कि चीन रूस और यूक्रेन दोनों द्वारा मान्यता प्राप्त एक अंतरराष्ट्रीय शांति सम्मेलन आयोजित करने का समर्थन करता है, जिसमें सभी पक्षों की समान भागीदारी हो और जहां सभी शांति योजनाओं पर निष्पक्ष रूप से चर्चा की जाए।

बाघ के हमले में गई एक और किसान की जान, इस साल अब तक यह पांचवीं मौत

पीलीभीत जिले में बाघों का आतंक थम नहीं रहा। कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव रानीगंज निवासी किसान भूलेराम को बाघ ने हमला कर मार डाला। ग्रामीणों ने मंगलवार को किसान का शव जंगल के अंदर से बरामद किया। बताया जा रहा है कि किसान सोमवार को जानवर चराने जंगल के पास गया था। वापस न आने पर ग्रामीणों ने तलाश की। सूचना पर वन विभाग की क्षेत्रीय टीम मौके पर पहुंच गई। घटना कहां और कैसे हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है। इस साल अब तक बाघ के हमले में यह पांचवी मौत है।

पांच साल में 22 लोगों की मौत
पीलीभीत में पांच साल में मानव-वन्यजीव संघर्ष में 22 लोगों को जान गंवानी पड़ी। इनमें अधिकतर किसान व मजदूर तबके के लोग शामिल रहे। जिले की करीब एक लाख की आबादी इससे प्रभावित है। इसके बावजूद यह कभी चुनावी मुद्दा नहीं बन सका। एक बार फिर लोकसभा चुनाव आया तो दावों और वादों का दौर शुरू हो गया। जातीय समीकरण साधने के लिए लालायित नेताओं व राजनीतिक दलों की फेहरिस्त से यह मुद्दा ही गायब है।
बीते पांच साल में मानव-वन्यजीव संघर्ष में मारे गए लोग
वर्ष 2019
11 अप्रैल – हेमंत खैराती – गोयल कॉलोनी

वर्ष 2020
01 फरवरी – फूलचंद – बैजू नगर
05 फरवरी – रूपलाल – विधिनपुर
21 मार्च – रमोनी देवी – माला कॉलोनी
30 मार्च – कृष्णा राय – माला कॉलोनी
03 अप्रैल – निंदर सिंह – रिछौला
03 अप्रैल – डोरीलाल – ढेरम मंडरिया
08 मई – शिवेंदु – गोयल कॉलोनी

वर्ष 2021
11 जुलाई – सोन – दियोरिया
11 जुलाई – कंधई – दियोरिया

झोलाछाप ने महिला को लगाया इंजेक्शन, तबीयत बिगड़ने के बाद चली गई जान, जांच के लिए पुलिस पहुंची गांव

पेट दर्द की शिकायत पर झोलाछाप के यहां लाई गई महिला की इंजेक्शन लगाए जाने के बाद हालत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे पाकबड़ा के अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर महिला को मृत घोषित कर दिया गया। परिजन रात में ही शव को गांव ले आए। सुबह झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाकर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सीओ गांव में पहुंचे। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर गौसाईं निवासी जगदीश प्रजापति उर्फ अनित राज मिस्त्री हैं।

उनकी 31 वर्षीय पत्नी सुंदरी को सोमवार की रात एक बजे अचानक पेट में दर्द की शिकायत हुई। परिजन सुंदरी को इलाज के लिए गांव के ही झोलाछाप के यहां ले गए। उसने इलाज शुरू कर दिया। उसे इंजेक्शन लगाया। आधे घंटे की कोशिश के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ।

बल्कि हालत बिगड़ गई। जिस पर झोलाछाप ने हाथ खड़े कर दिए और बाहर ले जाने की सलाह दी। परिजन सुंदरी को पाकबड़ा के एक अस्पताल में ले गए। जहां पर मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए। मंगलवार को दिन निकलते ही परिजनों ने झोलाछाप को सुंदरी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। आरोप लगाया कि गलत इंजेक्शन लगाने से उसकी मौत हुई है। यूपी-112 को फोन कर सूचना दी। सूचना पाकर पुलिसकर्मी गांव में पहुंचे। सीओ श्वेताभ भास्कर भी गांव में गए।

मृतका के परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि गांव में महिला की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन का आरोप लगाया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि अभी तहरीर नहीं मिली है।

पंचायत ने तीन लाख में रफा दफा कर दिया मामला
गांव के ही झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप सामने आने पर गांव के कुछ लोग मामला पंचायत के माध्यम से रफा दफा करने के प्रयास में जुट गए। बताया जाता है कि सभी समाज के चुनिंदा लोगों की पंचायत बैठी।

ग्राम प्रधान ओमकार सैनी का कहना है कि उनकी मौजूदगी में हुई पंचायत में यह तय हुआ कि मृतका के परिजन कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। मृतका के तीन बच्चे हैं। उनके पालन पोषण में दिक्कत न आए, इसलिए पंचायत में यह फैसला हुआ कि झोलाछाप राजमिस्त्री जगदीश को तीन लाख रुपये देगा।

सोने ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, एक झटके में हो गया इतना महंगा; चांदी 83,000 रुपये से हुई महंगी

कई देशों में युद्ध और डॉलर की अपेक्षा गोल्ड रखने की शुरुआत से सोना पहली बार 71 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के पार चला गया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि सोने के दाम एक माह में करीब 8500 रुपये बढ़े हैं वहीं चांदी भी 83 हजार रुपये प्रतिकिलो पहुंच गई है। सहालग के सीजन में सोने-चांदी के दाम और बढ़ने की संभावना है। सराफा कारोबारी राजेश अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में 24 कैरेट सोना प्रति 10 ग्राम 71300 रुपये और चांदी 83 हजार रुपये किलो हो गई है। बताया कि एक महीने में चांदी आठ हजार और सोने के दाम में 8500 रुपये का इजाफा हुआ है।

प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने बताया कि सोना लगातार नई ऊंचाइयों पर जा रहा है। ऐसे में लोग बहुत जरूरी होने पर खरीदारी करने को मजबूर हैं। कारोबारियों का कहना है कि पश्चिमी देशों में हो रहे युद्ध और गोल्ड की डिमांड बढ़ने के कारण वहां की सरकारों की ओर से सोने को संग्रहित किया जा रहा है।