Friday , October 25 2024

Editor

60 पर्यावरण समूह बोले-सुरक्षित करें हिमालय, सभी मेगा बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर लगे प्रतिबंध

देश के 60 से अधिक पर्यावरण और सामाजिक संगठनों ने हिमालय में रेलवे, बांध, जलविद्युत परियोजनाओं तथा चार लेन राजमार्गों जैसी सभी मेगा बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। साथ ही इन संगठनों ने सभी विकास परियोजनाओं के लिए जनमत संग्रह और सार्वजनिक परामर्श को अनिवार्य बनाने की अपील की।

पीपुल फॉर हिमालय अभियान का संयुक्त रूप से नेतृत्व करने वाले संगठनों ने एक ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आगामी लोकसभा चुनावों के लिए सभी राजनीतिक दलों के लिए पांच सूत्री मांग पत्र जारी किया। इन्होंने मौजूदा परियोजनाओं के प्रभावों की व्यापक समीक्षा के साथ-साथ रेलवे, बांध, पनबिजली परियोजनाओं, सुरंग निर्माण, ट्रांसमिशन लाइनों और चार लेन राजमार्गों से संबंधित सभी मेगा बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर पूर्ण रोक लगाने का आह्वान किया।

परियोजनाओं के लिए हो जनमत संग्रह
संगठनों ने मांग की कि बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए जनमत संग्रह और सार्वजनिक परामर्श के माध्यम से लोकतांत्रिक निर्णय लेना अनिवार्य बनाया जाए। संगठनों ने पर्यावरण प्रभाव आकलन अधिसूचना-1994 को मजबूत करने, ईआईए-2020 संशोधनों और एफसीए-2023 संशोधनों को खत्म करने और सभी विकास परियोजनाओं के लिए ग्राम सभाओं की पूर्व सूचित सहमति की भी मांग की। एजेंसी

‘आज का युवा सरकारी नौकरी के पीछे भागने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला’, बैठक में बोले पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आज का युवा सरकारी नौकरी के पीछे नहीं भागता है बल्कि रोजगार देने वाला बन गया है।

वोट डालने का अनुरोध
उत्तर मुंबई लोकसभा क्षेत्र के मलाड उपनगर में आदर्श वेलफेयर एसोसिएशन के निवासियों की शनिवार रात को हुई एक बैठक को केंद्रीय मंत्री गोयल संबोधित कर रहे थे। वहीं उत्तर मुंबई से भाजपा के मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी ने हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के सदस्यों से गोयल के लिए वोट डालने का अनुरोध किया।

आज के युवा देश को आगे ले जा रहे
पीयूष गोयल ने कहा, ‘आज के युवक और युवतियां सरकारी नौकरी के पीछे नहीं भागते हैं बल्कि खुद की प्रतिभा के दम पर रोजगार देने वाले बन जाते हैं। आज के युवा देश को नए प्रयोगों और तकनीकियों के साथ आगे ले जा रहे हैं।’

मोदी ने कई ठोस कदम उठाए
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 10 सालों में पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई ठोस कदम उठाए। उन्होंने सभी क्षेत्रों में सुशासन लाने की कोशिश की है। उन्होंने गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू कीं। मंत्री ने आगे कहा कि मोदी ने भारत को कमजोर अर्थव्यवस्थाओं से शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में लाने के लिए काम किया।

मजबूरी में मीना ने फिल्मों में रखा था कदम, सात साल की उम्र में डेब्यू कर इंडस्ट्री पर किया राज

हिंदी सिनेमा की मशहूर अदाकारा मीना कुमारी एक ऐसी हस्ती थी, जो फिल्मों अपने किरदार के चलते वह अमर हो गईं। अपनी फिल्मों के किरदार में मीना कुमारी जान फूंक देती थीं। भले ही मीना आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अपनी फिल्मों के जरिए उनके होने का एहसास हमेशा बना रहता है। मीना कुमारी ने अपने करियर में ‘बैजू बावरा’, ‘पाकीजा’ और ‘साहेब बीवी और गुलाम’ जैसी फिल्मों में यादगार किरदार निभाए, जिनके लिए लोग आज भी उन्हें याद करते हैं। आज मीना कुमार की पुण्यतिथि है। चलिए आपको सिने जगत की इस मशहूर अदाकारा के सफर के बारे में बताते हैं।

मीना कुमारी का जन्म 1 अगस्त साल 1933 में मुंबई में हुआ था। मीना कुमारी के पिता अली बख्श मुस्लिम और मां बंगाली क्रिश्चिन थीं। माता-पिता ने उनका नाम महजबीन रखा था। मीना कुमारी के पिता एक बेटा चाहते थे, बेटी के जन्म से उनके पिता बेहद दुखी थे। उन्होंने मीना को एक अनाथालय के बाहर छोड़ दिया और हालांकि, जब बाद में पिता का मन नहीं माना तो वे उन्हें वापस उठा लाए।

घर की आर्थिक हालत ठीक ने होने की वजह से मीना ने महज सात साल उम्र में ही काम करना शुरु कर दिया था। उन्होंने सात साल की उम्र में ‘फरजाद-ए हिंद’ नाम की फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद अन्नपूर्णा, सनम, तमाशा, लाल हवेली जैसी फिल्मों में नजर आईं। हालांकि, मीना को पहचान फिल्म ‘बैजू बावरा’ से मिली, जिसने उन्हें शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचाया। यह फिल्म साल 1952 में रिलीज हुई थी। इसके बाद मीना कुमारी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

अभिनेता अशोक कुमार के साथ मीना कुमारी को जोड़ी खूब जमी। दर्शकों को दोनों के बीच की केमिस्ट्री खूब पसंद आती थी। दोनों ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया, जो सुपरहिट रही। मीना कुमारी ने अपने फिल्मी करियर में चार बार फिल्मफेयर अवॉर्ड अपने नाम किया। हालांकि, फिल्मी करियर की तरह मानी का पर्सनल लाइफ बेहद उतार चढ़ाव भरी रही।

ब्रेस्ट सर्जरी के बाद हुई थी 30 साल की ब्रिटिश मॉडल की मौत, रिपोर्ट में हुआ खुलासा

स्पेन में एक 30 वर्षीय ब्रिटिश मॉडल और ब्यूटीशियन डोना बटरफील्ड की मौत ब्रेस्ट सर्जरी के बाद हुई थी। हाल ही में एक मीडिया रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। यह घटना सितंबर 2023 की है। मॉडल ने बीते साल पाल्मा, मालोर्का में एक निजी क्लिनिक में दो कॉस्मेटिक ऑपरेशन करवाए थे। इससे कई साल पहले भी स्तन बड़ा करने के लिए ऑपरेशन कराया था, लेकिन असंतुलन ठीक कराने के लिए उन्होंने दोबारा सर्जरी का फैसला किया। इसका खर्च 11,650 डॉलर (9,71,416 रुपये) आया।

कॉर्डियक अरेस्ट से हुई मौत
मॉडल को पहले से ही दिल की बीमारी थी और एनेस्थेटिक की प्रतिक्रिया के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा और कार्डियक अरेस्ट हो गया। उन्हें पाल्मा के सोन एस्पासेस यूनिवर्सिटी अस्पताल में गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया था, लेकिन 14 सितंबर को उनकी मृत्यु हो गई। उनके परिवार ने कहा कि पिछले सभी परामर्श ईमेल द्वारा आयोजित किए गए थे। परिवार ने दावा किया कि क्लिनिक ने पहले से बहुत कम सावधानी बरती थी। मॉडल के परिवार द्वारा कॉस्मेटिक सर्जनों पर लापरवाही का आरोप लगाने के बाद पुलिस जांच शुरू की थी।

मशहूर अभिनेता चांस पेरडोमो का 27 साल की उम्र में निधन, बाइक दुर्घटना में गई जान

मशहूर हॉलीवुड अभिनेता चांस पेरडोमो अब इस दुनिया में नहीं रहे। महज 27 साल की उम्र में एक्टर का निधन हो गया है। 30 मार्च को एक्टर की बाइक एक्सीडेंट में मौत हो गई। उनके निधन से इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। फैंस भी अपने पसंदीदा स्टार के अचानक चले जाने से गमगीन है। उन्होंने जेन वी मूमिनवैली और आफ्टर वी फेल जैसी फिल्मों और सीरीज में अपनी भूमिकाओं से लोगों का दिल जीता था।

आज का राशिफल: 31 मार्च 2024

मेष राशि:
आज का दिन आपके लिए उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। आप जीवनसाथी के लिए किसी नए काम की शुरुआत कर सकते हैं। पुण्य कार्यों से आपको लाभ मिलेगा। आपकी सोच समझ से काम जल्दी-जल्दी पूरे होंगे, जिससे माहौल खुशनुमा रहेगा। संतान को कोई मौसमी बीमारी हो सकती है, जिस कारण वह परेशान रहेंगे। आज का दिन आपके लिए किसी सरकारी योजना में धन लगाने के लिए अच्छा रहेगा। आप अपने मित्रों के साथ कुछ समय किसी पार्टी को करने की योजना भी बना सकते हैं।
वृष राशिः 
आज का दिन आपके लिए तनावग्रस्त रहने वाला है। आपको अपने आवश्यक कामों में ढील देने से बचना होगा। आप अपने साथ-साथ औरों के कामों पर ध्यान लगाएंगे, जिस कारण आपके काफी काम लटक सकते हैं। आपको अपने आसपास में रह रहे वाद विवाद में पडने से बचना होगा, नहीं तो वह कानूनी हो सकता हैं। कानूनी मामले में आपको जीत मिलती दिख रही है। किसी विशेष व्यक्ति से आपको मिलने का मौका मिलेगा। आपको किसी स्कीम में धन लगाना अच्छा रहेगा, लेकिन आप किसी सरकारी योजना को लेकर कोई प्लानिंग कर सकते हैं।
मिथुन राशि : 
आज का दिन आपके लिए के बाद एक समस्या लेकर आने वाला है। परिवार में लोगों में किसी बात को लेकर बेवजह तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती हैं। आप छोटे बच्चों के साथ बैठकर उनके मन में चल रही कुछ समस्याओं को जानने की कोशिश करेंगे। आपको किसी वाद विवाद से दूर रहने की आवश्यकता है,तो वह कानूनी हो सकता है। आपके कुछ विरोधी आपके बनते काम में रोड़ा अटका सकते हैं। जिसे वह अपनी चतुर बुद्धि से आसानी से मात दे पाएंगे।
कर्क राशि: 
आज का दिन सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए अच्छा रहने वाला है। उनकी पद व प्रतिष्ठा बढ़ने से उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। आपको किसी से मांग कर वाहन चलाने से बचना होगा। आप अपने मित्र के कहने में आकर कोई निवेश कर सकते हैं। यदि आप किसी सरकारी योजना में धन लगाएंगे, तो वह भविष्य में आपको अच्छा लाभ देगी। आपको वाहन सावधानी से चलाना होगा,नहीं तो किसी दुर्घटना आदि होने की संभावना बनती देख रही है।
सिंह राशि: 
आज का दिन आपके लिए किसी बड़े निर्णय को सूझबूझ कर लेने के लिए रहेगा। कार्यक्षेत्र में आप कोई परिवर्तन कर सकते हैं, जो आपके लिए अच्छा रहेगा। विद्यार्थियों को किसी प्रतियोगिता परीक्षा में भाग लेने का मौका मिलेगा, जिससे उन्हें जीत भी अवश्य मिलेगी। आपको सांसारिक सुख भोग के साधनों में वृद्धि होगी। आप अपने रहन-सहन के स्तर में बदलाव लाएं, जिसे देखकर लोगों को हैरानी होगी। आप संतान से किसी किए हुए वादे को पूरा करेंगे।
कन्या राशि: 
आज का दिन आपके लिए किसी वाद विवाद से दूर रहने के लिए रहेगा। छोटे बच्चे आपसे किसी चीज की फरमाइश कर सकते हैं। आपको अपने आसपास रह रहे शत्रुओं को पहचानना होगा, तभी आप उनसे दूरी बना सकेंगे। आप किसी व्यक्ति के झगड़े व झंझट में पड़ने से बचें। आप संतान के विवाह में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए आपको अपने सीनियर से बातचीत करनी होगी।
तुला राशिः 
आज का दिन बिजनेस कर रहे लोगों के लिए कमजोर रहेगा, क्योंकि उतार-चढ़ाव के कारण आप परेशान रहेंगे। आप किसी नए काम के सिलसिले में जा सकते हैं। आप किसी व्यक्ति से मांग कर वाहन ना चलाएं। आपको शीघ्रगामी वाहनों के प्रयोग से आपको सावधान रहने की आवश्यकता है। आप कहीं घूमने फिरने की प्लानिंग कर सकते हैं। आपकी माताजी को आपकी कोई बात बुरी लग सकती है। आपको इधर-उधर बैठ कर खाली समय व्यतीत करने से अच्छा है कि आप अपने समय का सदुपयोग करें। आप कहीं सरकारी योजना में धन लगा सकते हैं।
वृश्चिक राशिः 
आज का दिन आपके लिए व्यापार में किसी बड़े निवेश को करने के लिए रहेगा। आपको किसी विशेष व्यक्ति से मिलने का मौका मिलेगा। आपको यदि कुछ स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं लंबे समय से घेरे हुए थी तो वह दूर हो सकती हैं। आपको अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर परेशान रहेंगे। व्यापार कर रहे लोगों को अपनी किसी समस्या को लेकर बातचीत नहीं करनी है। आपकी संतान आपसे किसी चीज की फरमाइश कर सकती है जिसे आप पूरी अवश्य करेंगे। आप अपने आवश्यक कामों को लेकर सावधानी बरतें।
धनु राशिः
आज का दिन आपके लिए बाकी दिनों की तुलना में अच्छा रहने वाला है। कार्य क्षेत्र में आपको प्रमोशन मिल सकता है, जिस कारण आपको एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाना पड़ सकता है। आप किसी मांगलिक कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकते हैं। जो जातक नौकरी में बदलाव करना चाहते हैं उनके लिए समय अनुकूल है। छोटे बच्चों के साथ आप कुछ समय मौज मस्ती करने में व्यतीत करेंगे। आपको अपने किसी मित्र से आज अपने मन की बात कहने का मौका मिलेगा। विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई लिखाई पर पूरा फोकस बनाए रखना होगा।
मकर राशिः 
आज का दिन आपके लिए समस्याओं भरा रहने वाला है। आपके विरोधी सक्रिय रहेंगे, जो आपके बनते काम में रोड़ा अटकाएंगे। लेकिन आप अपनी बुद्बिमत्ता से उन्हें आसानी से मात्त दे पाएंगे। जीवनसाथी से चल रहे किसी वाद विवाद को लेकर आपका मन अशांत रहेगा। आपको अपनी आर्थिक स्थिति की चिंता सता सकती है,जिसके लिए आप योजना में कुछ बदलाव भी कर सकते हैं। आप कोई महत्वपूर्ण निर्णय लेंगे, जो आपकी आर्थिक स्थिति के लिए बहुत अच्छा रहेगा। विद्यार्थियों को पढ़ाई लिखाई में आ रही समस्याओं को लेकर अपने सीनियर से बातचीत करनी होगी।
कुंभ राशिः 
आज का दिन आपके लिए स्वास्थ्य में चल रही समस्याओं को लेकर कोई नई चिंता खड़ी कर सकता है। व्यापार कर रहे लोगों को कार्यक्षेत्र में कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा, जिस कारण उनकी योजनाओं पर विराम लग सकता है। परिवार में किसी बात को लेकर टेंशन बनी रहेगी और कोई कानूनी मामला यदि लंबे समय से विवादित चल रहा था, तो उसमें आपको जीत मिलती दिख रही है। आपको अपने आसपास रह रहे लोगों को पहचानने की आवश्यकता है।
मीन राशिः 
आज का दिन आपके लिए वाणी व व्यवहार में मधुरता बनाए रखने के लिए रहेगा। आपके सभी सोचे समझे काम पूरे होंगे और राजनीति में कार्यरत लोगों के जन समर्थन में भी इजाफा होगा। परिवार में किसी सदस्य के विवाह प्रस्ताव पर मोहर लगने से माहौल खुशनुमा रहेगा। आपके घर किसी मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। आप अपने कामों को लेकर कोई डिसीजन बहुत ही सोच विचार कर लें। आप कहीं घूमने फिरने जाने के प्लानिंग कर सकते हैं।

हरियाणा सब जूनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी में दोनों वर्गों में बना चैंपियन, कुल मिलाकर 19 पदक जीते

हरियाणा यहां मुक्केबाजी सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में लड़कों और लड़कियों दोनों में टीम खिताब के साथ कुल 19 पदक जीतकर चैंपियन बना। लड़कियों के वर्ग के मौजूदा चैंपियन हरियाणा ने 64 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर रहकर अपने खिताब का बचाव किया। उसने सात स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते। हरियाणा की सात में से छह मुक्केबाजों ने आसानी से 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से जीत हासिल की। दिया (61 किग्रा) ने दिल्ली की यशिका को 5-0 से हराया और ‘सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज’ चुनी गईं। उनके अलावा बालिका वर्ग में उसके लिए भूमि (35 किग्रा), निश्चल शर्मा (37 किग्रा), राखी (43 किग्रा), नैतिक (52 किग्रा), नव्या (55 किग्रा) और सुखरीत (64 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते। दिल्ली 34 अंक से दूसरे और महाराष्ट्र 31 अंक से तीसरे स्थान पर रहा। दिल्ली ने एक स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक जबकि महाराष्ट्र ने एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीते।

बालक वर्ग में उत्तराखंड दूसरे और यूपी तीसरे स्थान पर
अरुणाचल प्रदेश की कांस्य पदक विजेता हिलांग (37 किग्रा) बालिका वर्ग में सबसे होनहार मुक्केबाज का पुरस्कार जीतने में सफल रहीं। लड़कों के वर्ग में हरियाणा ने छह स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य से कुल नौ पदक जीते जिससे वह 62 अंक लेकर पहले स्थान पर रहा। उदय सिंह ने 37 किग्रा में तमिलनाडु के एस सुजीत को 5-0 से मात दी। नितिन (40 किग्रा), रवि सिहाग (49 किग्रा), लक्ष्य (52 किग्रा), नमन (58 किग्रा) और अनमोल दहिया (64 किग्रा) ने भी स्वर्ण पदक जीते। उत्तराखंड तीन स्वर्ण और तीन रजत से 34 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहा।उत्तर प्रदेश ने एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक से तीसरा स्थान हासिल किया।

अब आर-पार के मूड में आया डब्ल्यूएफआई, खेल मंत्रालय के निलंबन नहीं हटाने पर लेगा यह अहम फैसला

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। डब्ल्यूएफआई ने शुक्रवार को विशेष आम बैठक (एजीएम) बुलाई और उसमें यह फैसला लिया कि अगर केंद्रीय खेल मंत्रालय उस पर लगाए निलंबन पर विचार नहीं करता है तो वह सरकारी खर्च के बिना काम करना शुरू कर देगा। खेल मंत्रालय ने संजय सिंह की अगुआई वाली नई डब्ल्यूएफआई की कार्यकारी समिति पर खेल संहिता के उल्लंघन के आरोप के चलते निलंबन लगाया हुआ है।

आईओए ने तदर्थ समिति को किया था भंग
खेल की वैश्विक संस्था यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) ने संजय सिंह की अगुआई वाली डब्ल्यूएफआई से निलंबन हटा दिया था। इसके बाद भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने भारत में कुश्ती का दैनिक कार्य देख रही भूपेंद्र सिंह बाजवा के नेतृत्व वाले तदर्थ समिति को भंग करने का निर्णय लिया था। आईओए द्वारा उठाए गए इस कदम के बाद ही डब्ल्यूएफआई ने अपनी एजीएम आयोजित की थी।

सरकार ने नहीं हटाया डब्ल्यूएफआई से निलंबन
डब्ल्यूएफआई की नई कार्यकारी समिति के अध्यक्ष संजय सिंह को भले ही यूडब्ल्यूडब्ल्यू और आईओए से राहत मिल गई है, लेकिन केंद्र सरकार से उन्हें अबतक राहत नहीं मिली है। सरकार के अनुसार, डब्ल्यूएफआई ने नियमों का उल्लंघन किया था और चुनाव संपन्न होने के तीन बाद ही डब्ल्यूएफआई को निलंबित कर दिया गया था।

सरकार से निलंबन हटाने का अनुरोध करेगा डब्ल्यूएफआई
न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से डब्ल्यूएफआई के एक सूत्र ने कहा, एजीएम के दौरान इस बात पर सहमित बनी है कि हम सरकार से निलंबन हटाने का अनुरोध करेंगे। यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने निलंबन हटा लिया है और आईओए ने भी तदर्थ समिति भंग कर दी है इसलिए डब्ल्यूएफआई पर लगाए गए निलंबन को जारी रखने का कोई मतलब नहीं है। अगर खेल मंत्रालय हमारे अनुरोध पर विचार नहीं करता है और वित्तीय सहायता प्रदान करने के खिलाफ फैसला लेता है तो हम भी सरकार से कोई खर्च लिए बिना अपना काम करेंगे।

2024-25 में घटकर 2.1 फीसदी रह जाएगा बैंकों का कुल एनपीए, 2.5-2.7 फीसदी रह सकता है जीएनपीए

घरेलू बैंकों के सकल बुरे फंसे कर्ज (जीएनपीए) 2024-25 के अंत तक घटकर 2.1 फीसदी पर आ सकते हैं। 2023-24 में बैंकिंग प्रणाली का जीएनपीए 2.5-2.7 फीसदी रहने का अनुमान जताया गया है। घरेलू रेटिंग एजेंसी केयर रेटिंग्स ने शुक्रवार को कहा, 2015-16 की एक्यूआर प्रक्रिया के कारण जीएनपीए 2013-14 के 3.8 फीसदी से बढ़कर 2017-18 में 11.2 फीसदी पहुंच गया। इसने बैंकों को एनपीए की पहचान करने और गैर-जरूरी पुनर्गठन को कम करने के लिए प्रेरित किया।

रिपोर्ट के मुताबिक, जीएनपीए में 2018-19 से सुधार देखा जा रहा है। 2022-23 में यह सुधरकर एक दशक के निचले स्तर 3.9 फीसदी पर आ गया। 2023-24 की दिसंबर तिमाही में जीएनपीए तीन फीसदी था। एजेंसी ने कहा, वसूली और खराब कर्ज को बट्टे खाते में डालने से संपत्ति की गुणवत्ता सुधरी है।

एक लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचेगा निर्यात, नए बाजारों में पहुंच से 2030 तक बढ़ेगी भारतीय उत्पादों की मांग

दुनियाभर में व्यापार संबंधी अनिश्चितताओं के बावजूद भारत से निर्यात तेजी से नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। द्विपक्षीय करार, मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और अफ्रीका, लैटिन अमेरिका व मध्य एशिया जैसे नए बाजारों तक पहुंच से भारत से वस्तुओं एवं सेवाओं का निर्यात 2030 तक बढ़कर एक लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच सकता है।

एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इन नई पहलों के साथ भारत से कीमती धातुओं, खनिजों, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग उत्पादों, फार्मास्यूटिकल्स, कार्बनिक रसायन, कपड़ा, मसालों और रक्षा उपकरणों के निर्यात में आश्चर्यजनक वृद्धि देखी गई है। इससे भारत से निर्यात फरवरी, 2024 में सालाना आधार पर 11.9 फीसदी बढ़कर 41.4 अरब डॉलर पहुंच गया। यह मार्च, 2023 के बाद सर्वाधिक निर्यात है।

इसके अलावा, भारत ने अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और मध्य एशिया जैसे नए बाजारों में अप्रैल-दिसंबर, 2023 अवधि के दौरान 23.4 करोड़ डॉलर की कारों, दोपहिया-तिपहिया वाहनों व कीमती धातुओं समेत अन्य उत्पादों का निर्यात किया। एजेंसी

बेहतर संभावनाओं के बीच लक्ष्य पाना संभव
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (फियो) के महानिदेशक अजय सहाय ने कहा, मध्य से लंबी अवधि में भारतीय निर्यात को लेकर संभावनाएं काफी उत्साहजनक हैं। हम 2030 तक एक-एक लाख करोड़ डॉलर की वस्तुओं व सेवाओं दोनों के निर्यात लक्ष्य तक पहुंचने की दिशा में अग्रसर हैं। हालांकि, 2024-25 की पहली तिमाही में उच्च महंगाई व विभिन्न देशों के बीच तनाव से निर्यात के मोर्चे पर भारत को कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। सहाय ने कहा, हम उम्मीद करते हैं कि अमेरिकी फेड रिजर्व अपनी अगली समीक्षा में दरों में कटौती करना शुरू कर देगा। इससे अन्य देश के केंद्रीय बैंक भी दरें घटाने को प्रेरित होंगे, जिससे मांग को बढ़ावा मिलेगा।