Thursday , October 24 2024

Editor

बांद्रा में अपना नया घर देखने पहुंचे आलिया-रणबीर, नीतू कपूर भी बेटे-बहू के साथ आईं नजर

बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों में से एक हैं। अभिनय के साथ-साथ उन्होंने प्रोडक्शन में भी कदम रखा है। आलिया आगामी वेब सीरीज ‘पोचर’ से कार्यकारी निर्माता के तौर पर जुड़ी हैं। वहीं, निजी जिंदगी की बात करें को आलिया बांद्रा में अपने घर को लेकर भी खूब सुर्खियों में चल रही हैं। हाल ही में, आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और नीतू कपूर को मुंबई के बांद्रा में उनके बन रहे नए घर पर देखा गया है।

बांद्रा स्थित नए घर को देखने पहुंचीं आलिया
हाल ही में, सोशल मीडिया पर आलिया भट्ट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपनी सास नीतू कपूर और पति रणबीर कपूर के साथ अपने नए घर का दौरा करने के लिए पहुंची हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कपल ने बांद्रा में 15 मंजिला टावर में से पांच मंजिल कपूर परिवार के लिए बुक कर रखा है। एक करीबी सूत्र ने पहले ने बताया,“घर को पूरा होने में छह साल लगेंगे। हालांकि, पहले के पांच अपार्टमेंट को जल्दी बनाया जाएगा।” टावर की पहली और दूसरी मंजिल के अपार्टमेंट लगभग तैयार हैं और माना जा रहा है जल्द ही कपल यहां शिफ्ट भी करने वाला है।

इतनी है घर की कीमत
आलिया भट्ट को लेकर खबर आ रही हैं कि उन्होंने बांद्रा वेस्ट में अपना यह नया घर खरीदा है। इस घर की कीमत 37 करोड़ रुपये है। खबरों के मुताबिक आलिया भट्ट की कंपनी द्वारा खरीदा गया अपार्टमेंट 2 हजार 497 वर्ग फुट में फैला हुआ है। उनका यह नया अपार्टमेंट एरियल व्यू को ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी लिमिटेड में स्थित है।

भारत ने निभाया वादा, भूटान को पांच अरब डॉलर की मदद भेजी; अब इस परियोजना पर होगा काम

भूटान की मदद के लिए भारत की तरफ से 5 अरब डॉलर की दूसरी किश्त भेजी गई है। इस किश्त की मदद से भूटान में ग्यालसुंग परियोजना से संबंधित बुनियादी ढांचे का विकास होगा। भूटान में भारत के राजदूत सुधाकर दलेला ने भूटान के विदेश मंत्री ल्योनपो डी.एन. धुंगयेल से मुलाकात कर किश्त सौंपी।

अब तक 10 अरब रुपये की मदद
भूटान में भारतीय दूतावास ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि इस किश्त के साथ ही भारत ने भूटान के साथ हुए समझौते के तहत शाही सरकार के लिए कुल दस अरब रुपये जारी कर दिए हैं। इससे पहले 28 जनवरी 2024 को भी भारत ने भूटान के लिए पांच अरब रुपये की किश्त जारी की थी।

भारत भूटान के बीच एमओयू
दरअसल भारत और भूटान के बीच जनवरी 2024 में एक एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे। इस एमओयू के अनुसार भारत द्वारा भूटान को 15 अरब रुपये की मदद की जाएगी। यह अतिरिक्त मदद भूटान के ग्यालसंग में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए दी जा रही है। जनवरी 2023 में भी भारत ने डेसुंग फॉर ग्यालसंग कार्यक्रम के लिए दो अरब रुपये का अनुदान दिया था। भूटान में भारतीय दूतावास ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि भूटान के साथ साझेदारी करना भारत के लिए सौभाग्य की बात है।

होली के रंग में रंगा अमेरिका; न्यूयॉर्क में हजारों लोगों ने मनाया त्योहार, भारतीय पकवानों का लिया आनंद

होली का रंग देश ही नहीं दुनिया के कई हिस्सों में देखने को मिला। होली के दिन लोग एक दूसरे पर रंग लगाते हैं और सारे गिले-शिकवे भूलकर एक दूसरे के गले मिलते हैं। हर कोई त्योहार के जश्न में डूबा दिखता है। ऐसा ही कुछ न्यूयॉर्क की साउथ स्ट्रीट सीपोर्ट पर देखने को मिला। यहां सात हजार से अधिक भारतीय और अमेरिकी लोगों ने साथ मिलकर रंगों का त्योहार मनाया।

न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने भारत की सांस्कृतिक और पाक विविधता पर प्रकाश डालते हुए एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) पहल का प्रदर्शन करके जश्न को खास बनाया। साउथ स्ट्रीट सीपोर्ट में उत्साह का माहौल था। यहां लोग एक दूसरे से गले मिले दिखे। वहीं रंगों से एक-दूसरे को सराबोर किया और बॉलीवुड संगीत और ढोल की धुन पर जमकर नृत्य भी किया।

भारत के महावाणिज्य दूतावास ने भारतीय व्यंजनों की भी व्यवस्था कराई थी। सबसे ज्यादा यहा जो पसंद किया जा रहा था वो थी भारतीय मानसून मालाबार कॉफी। हर कोई इस कॉफी का आनंद ले रहा था। इसके अलावा, लोगों ने बाजरा कुकीज और चॉकलेट का मजा लिया।

बाइडन ने दी बधाई
न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि यहां 7000 से अधिक भारतीयों और अमेरिकियों ने न्यूयॉर्क में साउथ स्ट्रीट सीपोर्ट पर होली मनाई। वहीं राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी सोमवार को होली की शुभकामनाएं दीं।

भारतीय दूतावास ने बाल्टीमोर हादसे पर जताया दुख, हेल्पलाइन जारी; बाइडन ने चालक दल की सक्रियता को सराहा

अमेरिका में भारतीय दूतावास ने मैरीलैंड राज्य के बाल्टीमोर शहर में हुए दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। बता दें, एक कंटेनर शिप (मालवाहक जहाज) के टकराने से तीन किलोमीटर लंबा ‘फ्रांसिस स्कॉट की’ ब्रिज ढह गया। जहाज में चालक दल के सभी 22 मेंबर भारतीय थे। ये सभी सुरक्षित हैं।

यह है पूरा मामला
सिंगापुर के झंडे वाला मालवाहक जहाज डाली श्रीलंका की राजधानी कोलंबो जा रहा था। तभी बाल्टीमोर के ‘फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज’ से टकरा गया। कुछ ही सेकंड में लगभग पूरा पुल ढह गया। अधिकारियों ने बताया कि पुल ढहकर करीब 50 फीट (15 मीटर) नीचे ठंडे पानी में गिर गया है। हादसा मंगलवार सुबह हुआ है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि जहाज को बिजली की समस्या का सामना करना पड़ा था। वहीं, चालक दल ने सक्रियता दिखाते हुए अलर्ट कॉल दिया था, जिससे पुल की ओर बढ़ते लोगों को रोक लिया गया था।

राष्ट्रपति ने चालक दल की सतर्कता की तारीफ की
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस बात की पुष्टि की है कि टक्कर से पहले जहाज के चालक दल ने चेतावनी जारी कर दी थी, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी। उन्होंने कहा, ‘जहाज पर मौजूद कर्मचारियों को जैसे ही महसूस हुआ कि उन्होंने जहाज पर नियंत्रण खो दिया है। उन्होंने तुरंत मैरीलैंड परिवहन विभाग को सतर्क कर दिया। जानकारी मिलते ही स्थानीय अधिकारियों ने पुल पर यातायात बंद कर दिया, जिससे निसंदेह लोगों की जान बच गई।’

दूतावास ने जताया शोक
अमेरिका में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना को लेकर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘बाल्टीमोर में फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं हैं।’

मलयेशिया के विदेश मंत्री से मिले जयशंकर, आपसी रिश्तों समेत इन मुद्दों पर चर्चा

भारत और मलयेशिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों में मजबूती आ रही है। दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की मुलाकात के बाद मलयेशिया के विदेश मंत्रालय द्वारा यह आधिकारिक बयान जारी किया गया है। दरअसल बुद्धवार को भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मलयेशिया में अपने समकक्ष मोहम्मद बिन हाजी के साथ मुलाकात की। इस दौरान पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर गहन चर्चा की गई।

तीन देशों की यात्रा पर एस जयशंकर
आपको बता दें कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर सिंगापुर, फिलीपींस और मलयेशिया के दौरे पर हैं। इस यात्रा का तीसरा और आखिरी चरण मलयेशिया है। इससे पहले फिलीपींस और सिंगापुर में भी जयशंकर द्वारा यात्राएं और सार्थक मुलाकातें की गई हैं।

मुलाकात में इन मुद्दों पर चर्चा
भारत और मलयेशिया के विदेश मंत्रियों ने सातवीं संयुक्त आयोग की बैठक आयोजित कराने पर भी चर्चा की। इससे पहले हसन द्वारा पदभार संभालने के बाद दिसंबर 2023 में दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की मुलाकात हुई थी। इस बार इस यात्रा का उद्देश्य भारत और मलयेशिया के बीच सहयोग को मजबूत करना है। इसके साथ ही साझा चुनौतियों और अवसरों की समझ को बढ़ाना है। मलेशिया के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, 2023 में भारत ने मलयेशिया के 12वें सबसे बड़े वैश्विक व्यापार भागीदार की भूमिका अदा की थी। यह व्यापार कुल मिलाकार 16.53 बिलियन डॉलर था।

रामपुर में नदवी को उतारने से बढ़ेगी आजम खां और अखिलेश में रार, मनाने के लिए शिवपाल जाएंगे सीतापुर जेल

पा के रामपुर लोकसभा सीट से मोहिबुल्लाह नदवी को उतारने से पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच रार बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, सपा ने डैमेज कंट्रोल शुरू करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। सूत्र बताते हैं कि शीघ्र ही आजम खां को मनाने सपा महासचिव शिवपाल यादव सीतापुर जेल जाएंगे। वहीं, मुरादाबाद के प्रत्याशी को लेकर कन्फ्यूजन दूर हो गया है। इस सीट पर मंगलवार को मौजूदा सांसद एसटी हसन और बुधवार को पूर्व विधायक रुचि वीरा ने सपा के सिंबल के साथ नामांकन कराया था। हालांकि, बुधवार को एसटी हसन ने अपना पर्चा वापस लेने की बात कहकर रुचि वीरा का रास्ता साफ कर दिया।

पहले चरण के चुनाव में टिकट को लेकर सपा में घमासान हो गया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रामपुर से चुनाव न लड़ने से जेल में बंद आजम खां ने मंगलवार को बगावत कर दी है। उन्होंने इस सीट पर चुनाव के बहिष्कार का एलान किया है। आजम खां चाहते हैं कि रामपुर से अखिलेश यादव और मुरादाबाद से मौजूदा सांसद एसटी हसन के बजाय रुचिवीरा लड़ें। यह आजम खां का दबाव ही है कि रुचिवीरा को मंगलवार को सपा का सिंबल दे दिया गया, जबकि उससे पहले एसटी हसन अपना पर्चा भर चुके थे। बुधवार को आजम के दबाव में ही सपा नेतृत्व ने एसटी हसन को अपना पर्चा वापस लेने के लिए मनाया।

सपा नेतृत्व ने रामपुर से दिल्ली की पार्लियामेंट स्ट्रीट जामा मस्जिद के इमाम मोहिबुल्लाह नदवी को मैदान में उतार दिया। जबकि, आजम खां के खासमखास माने जाने वाले आसिम रजा ने भी पर्चा खरीदकर बता दिया कि नदवी को उतारने के फैसले से आजम खां और उनके समर्थक खुश नहीं हैं। कुल मिलाकर पश्चिमी यूपी की इन दोनों सीटों पर जबरदस्त कन्फ्यूजन बना हुआ था। अब सबकी निगाहें शिवपाल यादव पर टिकी हुई हैं। देखते हैं कि वे आजम खां को मनाने में कितना कामयाब होते हैं।

भाजपा ने यूपी में चुनाव प्रचार के लिए नियुक्त किए स्टार प्रचारक, राजस्थान व एमपी के सीएम भी करेंगे प्रचार

यूपी में लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण में आठ सीटों पर मतदान होगा जिसके लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। इन सीटों पर प्रचार के लिए भाजपा ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी यूपी में प्रचार करेंगे।पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा। इस चरण में सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत में मतदान होगा।

पहले चरण के लिए जारी की गई स्टार प्रचारकों की सूची:
1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
2. जगत प्रकाश नड्डा
3. राजनाथ सिंह
4. अमित शाह
5. योगी आदित्यनाथ
6. मोहन यादव
7. भजन लाल शर्मा
8. पुष्कर सिंह धामी
9. बैजयंत जय पांडा
10. भूपेंद्र सिंह चौधरी
11. ब्रजेश पाठक
12. केशव प्रसाद मौर्य
13. स्वतंत्र देव सिंह
14. धर्मपाल
15. स्मृति ईरानी
16. पियूष गोयल
17. एस पी सिंह बघेल
18. बी एल वर्मा
19. संजीव कुमार बालयान
20. डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी
21. धर्मपाल सिंह
22. जयवीर सिंह
23. नरेंद्र कश्यप
24. असीम अरुण
25. कपिल देव अग्रवाल
26. सुरेंद्र सिंह नागर
27. चौधरी लक्ष्मी नारायण
28. सुनील शर्मा
29. बेबी रानी मौर्य
30. हेमा मालिनी
31. मुख्तार अब्बास नकवी
32. सोमेंद्र तोमर
33. जसवंत सैनी
34. दानिश आजाद
35. गीता शाक्य
36. अश्विनी त्यागी
37. सुभाष यदुवंश
38. सत्येंद्र सिसोदिया
39. संतोष सिंह
40. दुर्विजय सिंह शाक्य

बोले- पूर्वोत्तर में उग्रवाद…जम्मू में थे पत्थरबाज; आज देश में रामराज

उत्तर प्रदेश के मथुरा में बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे। यहां उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 के चुनाव प्रचार अभियान का शुभारंभ कर दिया। सीएम ने प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 से पहले पूर्वोत्तर में उग्रवाद था। जम्मू कश्मीर में पत्थरबाज थे। 2014 के बाद मोदी नेतृत्व में वहां शांति बहाल हुई है। अब सैनिक जम्मू कश्मीर में पत्थरबाजों द्वारा घायल नहीं किए जाते हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने 26 मिनट प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उनके निशाने पर कांग्रेस पार्टी रही। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 से पूर्व योजनाएं जाति और धर्म के अनुसार बनाई जाती थी। उनका लाभ भी जाति और धर्म के चेहरे अनुसार दिया जाता था। मोदी सरकार ने नागरिकों की संतुष्टि को अपनी जीत का आधार बनाया, जाति मजहब को नहीं।

आज माफिया राज समाप्ति की ओर
उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके लिए फैमिली फर्स्ट है, जबकि नरेंद्र मोदी के लिए नेशन फर्स्ट है। फैमिली फर्स्ट वालों के राज में भ्रष्टाचार माफिया राज और पुष्टिकरण की राजनीति होती थी। नरेंद्र मोदी के राज में, रामराज, सबका साथ सबका विकास, माफिया राज की समाप्ति के कार्य होते हैं।

बेरोजगारी को लेकर प्रियंका गांधी ने केंद्र को घेरा, कहा- भाजपा के पास इसका समाधान नहीं

लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि युवा समझ चुके हैं कि भाजपा उन्हें रोजगार नहीं देगी। हमारी पार्टी के पास उन्हें रोजगार देने के लिए ठोस योजना है।

भाजपा पर साधा निशाना
इंटरनेशनल लेबर ऑर्गनाइजेशन (आईएलओ) और इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन डेवलपमेंट द्वारा जारी भारत रोजगार रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में 83 फीसदी बेरोजगार जनता युवा है। उन्होंने आगे कहा, “साल 2000 में बेरोजगारों में पढ़े-लिखे युवा 35.2 फीसदी थे। वहीं, 2022 में यह आंकड़ा 65.7 फीसदी हो गया।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “एक तरफ प्रधानमंत्री के मुख्य आर्थिक सलाहकार कह रहे हैं कि सरकार बेरोजगारी की समस्या का समाधान नहीं कर सकती है। यह भाजपा सरकार का सच है।” उन्होंने आगे कहा, “आज देश का हर युवा समझ गया है कि भाजपा रोजगार प्रदान नहीं कर सकती है। कांग्रेस पार्टी के पास रोजगार को लेकर ठोस योजना है।”

बेरोजगारों को कांग्रेस की गारंटी
प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की योजनाओं के पहलुओं को भी सूचिबद्ध किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस 30 लाख खाली सरकारी पदों को भरने की गारंटी देती है। प्रत्येक ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को एक लाख रुपये की अप्रेंटिसशिप दी जाएगी।

बीजद के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी; सीएम इस विधानसभा सीट से लड़ेंगे चुनाव

ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल के प्रमुख नवीन पटनायक ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा की। सीएम खुद हिंजिली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

BJD के 9 लोकसभा उम्मीदवारों का किया एलान
बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बुधवार को लोकसभा और ओडिशा विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित की। बीजद अध्यक्ष ने ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों में से नौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। पटनायक खुद गंजम जिले के हिन्जिली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। बीजद महासचिव (संगठन) प्रणब प्रकाश दास केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ संबलपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

ओडिशा के मंत्री सुदाम मरांडी मयूरभंज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान दिलीप टिर्की सुंदरगढ़ लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद जुएल ओराम का सामना करेंगे। बीजद ने ओडिशा की 147 विधानसभा सीटों के लिए 72 उम्मीदवारों के नामों की भी घोषणा की है।