Friday , October 25 2024

Editor

‘मजबूरी में करना पड़ा गिरफ्तार..’, शाहजहां शेख के पकड़े जाने पर बोली भाजपा, तृणमूल पर लगाए आरोप

पश्चिम बंगाल के संदेशखाली हिंसा मामले में आरोपी शाहजहां शेख को पुलिस ने गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। अब इस कार्रवाई को लेकर भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस सरकार को घेरा है। बंगाल में पार्टी के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा है कि भाजपा और संदेशखाली की महिलाओं के आंदोलन ने बंगाल सरकार को घुटनों पर ला दिया और इसी के चलते उन्हें मजबूरन शाहजहां शेख को गिरफ्तार करना पड़ा।

क्या बोले भाजपा नेता?
सुकांत मजूमदार ने कहा, “भाजपा के लगातार आंदोलन की वजह से यह सरकार मजबूर हुई शाहजहां शेख को गिरफ्तार करने के लिए। पहले से ही यह सरकार स्वीकार ही नहीं कर रही थी कि ऐसा कुछ (संदेशखाली में) हुआ है। हमने पहले ही कहा था कि सरकार को बाध्य करेंगे, घुटनों पर ले आएंगे कि वे शेख शाहजहां को गिरफ्तार करने के लिए मजबूर हो जाएं। आज भाजपा के आंदोलन और संदेशखाली की माताओं-बहनों के आंदोलन की वजह से सरकार और ममता बनर्जी मजबूर हुई हैं शेख शाहजहां की गिरफ्तारी के लिए।”

वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “आज टीएमसी किस बात पर इतरा रही है? जब भाजपा संदेशखाली की महिलाओं की आवाज़ बनी और कोर्ट ने बार-बार फटकार लगाई तब जाकर तृणमूल ने शाहजहां शेख की गिरफ्तारी कराई। यह सिर्फ आंखों का धोखा है, यह कॉस्मेटिक है। यह प्रमाण है कि उसे राज्य द्वारा संरक्षण मिल रहा था। विधानसभा से लेकर हर जगह ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने शाहजहां शेख को क्लीनचीट दी। प्रियंका गांधी और INDI गठबंधन के अन्य नेता क्या अब इस मुद्दे पर बोलेंगे?”

दिल्ली से कुछ किलोमीटर दूर है भारत का स्विट्जरलैंड, विदेशी पर्यटक तक आते हैं घूमने

फिल्मों में पेरिस के एफिल टावर और स्विट्जरलैंड की बर्फीली वादियों के बीच हीरो हिरोइन का रोमांस देख दर्शक रोमांचित हो उठते हैं। कई युगल तो अपने साथी संग फिल्मों में दिखाए जाने वाले विदेशी जगहों पर जाने का सपना देखने लगते हैं। स्विट्जरलैंड ऐसी ही एक जगह है, जहां बहुत से भारतीय घूमना चाहते हैं।

हालांकि स्विट्जरलैंड जाने के लिए पासपोर्ट, वीजा के साथ ही अतिरिक्त पैसों की जरूरत होती है। सामान्य परिवार के लोगों के लिए स्विट्जरलैंड जाना किसी सपने से कम नहीं लेकिन अगर भारत में ही स्विट्जरलैंड जैसे नजारे देखने को मिल जाएं तो इतनी दूर जाने की क्या जरूरत। ़

अगर आपको फिल्मों में दिखने वाले नजारों के कारण स्विट्जरलैंड घूमने की चाहत है तो भारत में ही ऐसे नजारों को बहुत कम पैसों में देख सकते हैं। यह नजारे मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से चर्चित हिल स्टेशन पर देखने को मिल सकते हैं। दिल्ली के बेहद करीब भारत का मिनी स्विट्जरलैंड इतना खूबसूरत है कि विदेशी तक यहां के नजारे देखने आते हैं। आइए जानते हैं कि भारत का मिनी स्विट्जरलैंड कहां हैं और यहां कैसे पहुंचा जा सकता है। घूमने के लिए मिनी स्विट्जरलैंड में क्या खास है और कितने वक्त में सफर पूरा किया जा सकता है।

कहां हैं भारत का मिनी स्विट्जरलैंड

भारत के उत्तराखंड के चमोली में स्थित औली हिल स्टेशन को ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ कहा जाता है। औली भारत की सबसे खूबसूरत जगह में से एक है। यहां कि वादियां और पहाड़ देखकर आपको महसूस होगा कि आप सच में स्विट्जरलैंड की सैर कर रहे हैं। कुदरत की इस नायाब जगह को निहारने के लिए हर साल यहां हजारो पर्यटक दूर दराज से आते हैं। बर्फ पर स्कीइंग का आनंद लेने के लिए दुनिया भर से पर्यटक खींचे चले आते हैं।

12 महीने औली की सैर

औली को उत्तराखंड का स्वर्ग कहा जाता है, जो पूरी दुनिया में बेहतरीन स्की रिजाॅर्ट के रूप में मशहूर है। औली की सुंदरता को निहारने के लिए पर्यटकों की भीड़ सिर्फ सर्दियों के मौसम में ही नहीं लेकिन बारह महीने यहां आती रहती है। बर्फ की सफेद चादर ओढ़े पहाड़ों पर सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त का नजारा, यहां देखने लायक रहता है। औली हर समय अपने एक अलग रंग में खूबसूरती बिखेरता नजर आता है।

स्कीइंग रेस

औली एकमात्र जगह है, जिसे एफआइएस ने स्कीइंग रेस के लिए अधिकृत किया हुआ है। एफआइएस के मानकों के अनुसार, स्कीइंग रेस के लिए केंद्रों में ढलान, बर्फ बनाने की वैकल्पिक व्यवस्था, विदेशी खिलाड़ियों को ठहराने की अच्छी व्यवस्था आदि की स्थिति देखी जाती है। औली इन सभी मानकों पर खरा उतरता है। स्कीइंग के लिए औली में 1300 मीटर लंबी स्की ट्रैक है, जो फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल स्कीइंग के मानकों को पूरा करता है।

औली में रोपवे और उसकी खासियत

एशिया का सबसे लंबा रोपवे कश्मीर के गुलमर्ग को माना जाता है, वहीं दूसरे नंबर पर औली-जोशीमठ रोपवे है। 1982 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने करीब 4.15 किलोमीटर लंबे इस रोपवे की आधारशिला रखी थी और 1994 में यह बनकर तैयार हो गया था। औली में रोपवे के जरिए आप वादियों की खूबसूरत दृश्य का लुत्फ उठा सकते हैं।

बालों को करना है कमर से भी लंबा तो सरसों के तेल में मिलाकर लगा लें ये चीज, कुछ ही दिनों में दिखेगा असर

अक्सर आपने सुना होगा कि दादी-नानी बालों की देखभाल करने के लिए हमेशा घरेलू नुस्खे ही आजमाती थीं। उनका ऐसा मानना था कि पहले तो घरेलू नुस्खों की वजह से बालों को किसी तरह का नुकसान नहीं होता, दूसरा ये असल में काफी जल्दी असर दिखाना शुरू कर देते हैं। खासतौर पर बालों की देखभाल के लिए सरसों के तेल का इस्तेमाल किया जाता है।

दरअसल, सरसों के तेल में ओमेगा- 3 फैटी एसिड्स के साथ ही बीटा कौरोटीन, सेलेनियम, जिंक और विटामिन ई के गुण भी पाए जाते हैं जो इसे बालों के लिए अच्छा बनाते हैं। अगर आप सही तरह से सरसों के तेल का इस्तेमाल करेंगे तो आपके बाल ना सिर्फ मजबूत बनेंगे बल्कि उनकी लंबाई भी बढ़ जाएगी। अगर आप अपने बालों को नेचुरल तरह से मोटा बनाना चाहते हैं, तो इस तेल में सिर्फ कुछ चीजों को मिला लें। कुछ ही दिनों में आपको इसका असर दिखने लगेगा।

करी पत्ता

शायद ही कोई ऐसा भारतीय घर होगा, जहां करी पत्ता ना पाया जाता हो। इसमें पाए जाने वाले एंटी-ऑक्सीडेंट्स तत्व बालों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। ऐसे में आप आसानी से घर पर इसका इस्तेमाल सरसों के तेल के साथ कर सकते हैं।

इसके इस्तेमाल के लिए सबसे पहले सरसों के तेल को गर्म करके उसमें करी पत्ता डालें। जब पत्ते काले होने लगें तो गैस बंद कर दें। इस तेल को आप हफ्ते में दो से तीन बार लगा सकते हैं।

मेथी

हर रसोई में आपको मेथी दाना देखने को मिल जाएगा। मेथी में पाए जाने गुणों की वजह से बालों का झड़ना बंद हो सकता है।

अगर आप इसका इस्तेमाल करना चाहती हैं, तो सबसे पहले सरसों के तेल में मेथी दाना डालकर पका लें। अब इस तेल को ठंडा रखने के बाद एक शीशी में भरकर रख दें। आप इसका इस्तेमाल भी हफ्ते में दो बार कर सकते हैं।

अंडा

आपने अक्सर लोगों को कहते सुना होगा कि अंडे के इस्तेमाल से बाल काफी मजबूत बन जाते हैं। इसके साथ ही अंडा बालों को सिल्की बनाने में मदद करता है।

2024 में लीप ईयर क्यों मनाया जा रहा है? जानिए अगर फरवरी में 29 तारीख न हो तो क्या होगा

वर्ष 2024 एक ‘लीप ईयर’ है। इस वर्ष फरवरी माह में 28 नहीं, 29 दिन होंगे और साल 366 दिन का रहेगा। यानी अन्य वर्षों की तुलना में लीप ईयर में एक दिन ज्यादा होता है। लीप ईयर हर चार साल में एक बार आता है, जिसमें 28 दिन की फरवरी में एक दिन बढ़ जाता है और 29 दिन हो जाते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि लीप ईयर क्या होता है और इस वर्ष में एक दिन अधिक कैसे हो जाता है? 28 दिन की फरवरी लीप ईयर में 29 दिन की कैसे हो जाती है और अगर लीप ईयर न हो तो क्या होगा? आइए लीप ईयर से जुड़े इन सभी सवालों के जवाब जानते हैं।

लीप ईयर किसे कहते हैं

लीप ईयर वह वर्ष है, जिसमें हर साल की तुलना में एक दिन अधिक होता है। ग्रेगोरियन कैलेंडर के मुताबिक, एक साल में 365 दिन होते हैं, लेकिन लीप ईयर में 366 दिन हो जाते हैं। ऐसे में जिस वर्ष में एक दिन ज्यादा हो, उसे लीप ईयर कहा जाता है।

लीप ईयर क्यों आता है?

हर चार साल में एक दिन अधिक होने की एक अहम वजह है। एक साल में दिनों की संख्या पृथ्वी के सूर्य की परिक्रमा करने पर निर्भर करता है। जब पृथ्वी सूर्य की परिक्रमा करती है तो दिन-रात होते हैं और मौसम बदलता है।

पृथ्वी को सूर्य के चारों ओर एक चक्कर पूरा करने में लगभग 365.242 दिनों का समय लगता है। यानी एक साल में अतिरिक्त 6 घंटे का वक्त लगता है। पृथ्वी के सूर्य की परिक्रमा में करने में लगे अतिरिक्त समय 0.242 दिन (6 घंटे) को अगर चार बार जोड़ा जाए तो एक दिन के बराबर होता है। यह बचा हुआ 0.242 दिन का समय चार वर्ष में जुड़ जाता है और एक दिन में परिवर्तित हो जाता है।

इसलिए कैलेंडर में हर चार साल में एक दिन अन्य वर्षों की तुलना में अधिक होता है। इसी को लीप ईयर करते हैं।

लीप ईयर न हो तो क्या होगा?

प्रभु यीशु के जन्म वर्ष से ग्रेगोरियन कैलेंडर की शुरुआत हुई। उसके चार साल बाद पहला लीप ईयर मनाया गया। लेकिन अगर हम लीप ईयर न मनाएं तो समय चक्र से हम आगे निकल जाएंगे। चार साल में एक अतिरिक्त दिन अगर कैलेंडर में न हो तो 100 साल बाद हम 25 दिन आगे होंगे, जिसके कारण मौसम में परिवर्तन की पता नहीं चल पाएगा।

अगला लीप ईयर कब होगा?

वर्ष 2020 में लीप ईयर मनाया गया था, जिसके चार साल बाद यानी 2024 में लीप ईयर है। वहीं अगला लीप ईयर 2028 में आएगा।

लीप ईयर का पता कैसे चलता है?

कोई वर्ष लीप ईयर है इसका पता लगाने के लिए कुछ गणनाएं की जा सकती हैं। अगर कोई साल लीप ईयर है तो उस वर्ष को चार से पूरी तरह भाग दिया जा सकता है। जैसे 2024 को 4 से पूरी तरह से भाग दे सकते हैं।

अनंत-राधिका के प्री-वेडिंग फंक्शन के लिए जामनगर पहुंचे अमेरिकी सिंगर जे ब्राउन, हुए स्पॉट

देश के मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट जल्द ही शादी रचाने वाले हैं। इस साल जुलाई में दोनों शादी के बंधन मं बंधेगे। शादी से पहले इनके प्री-वेडिंग कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है। गुजरात के जामनगर में राधिका और अनंत के प्री-वेडिंग कार्यक्रम हो रहे हैं। बीते दिन अन्न सेवा कार्यक्रम से इसकी शुरुआत हुई। शादी से पहले के भव्य उत्सव में कई मशहूर हस्तियां शामिल होने के लिए जामनगर पहुंच रही हैं। सितारों के जामनगर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। ऐसे में आज अमेरिकी सिंगर जे ब्राउन जामनगर पहुंच चुके हैं।

एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए जे ब्राउन
अमेरिकी गायक और गीतकार जे ब्राउन गुजरात के जामनगर में अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के तीन दिवसीय प्री-वेडिंग समारोह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। गायक को एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया है। उन्होंने एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही अपने कुछ दोस्तों से मुलाकात की। इस दौरान जे ब्राउन सफेद रंग की हुडी में दिखाई दिए। इसके साथ उन्होंने पिंक कलर की कैप भी लगाई हुई थी।

कई सितारे पहुंच चुके जामनगर
जे ब्राउन से पहले कई हॉलीवुड और बॉलीवुड सितारे जामनगर पहुंच चुके हैं। हॉलीवुड सिंगर रिहाना और उनकी टीम भी जामनगर पहुंच चुकी है। अनंत और राधिका के प्री-वेडिंक कार्यक्रम में देश और दुनिया की कई मशहूर हस्तियां शामिल होंगी। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में करीब 2500 प्रकार के व्यंजन मेहमानों के लिए परोसे जाएंगे।

बीते दिन हुआ अन्न सेवा कार्यक्रम
गुजरात के जामनगर में बीते दिन बुधवार को अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट अन्न सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए। सोशल मीडिया पर अनंत और राधिका की भोजन परोसने वाली तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं। दोनों की सादगी ने सोशल मीडिया पर सभी का दिल जीत लिया। हर कोई इन दोनों की जमकर तारीफ कर रहा है।

जामनगर में पैपराजी का स्वागत करती नजर आईं राधिका मर्चेंट, दरियादिली से जीते दिल

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट का प्री-वेडिंग फंक्शन लंबे समय से सुर्खियों में है। इसकी शुरुआत गुजरात के जामनगर के नजदीकी गांव में लगभग 51,000 लोगों के लिए अन्न सेवा के साथ हुई। उत्सव के दौरान होने वालीं दुल्हन राधिका मर्चेंट लाल और नारंगी रंग के सूट में बेहद खूबसूरत नजर आईं। दूसरी ओर उनके होने वाले पति अनंत अंबानी लाल रंग की शेरवानी में तालमेल बिठाते देखे गए। जोड़ा अपने गृहनगर जामनगर, गुजरात में मुंबई से आए लोगों को देखकर बेहद खुश लग रहा था।

जामनगर से अंबानी और मर्चेंट परिवार की कई सारी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो चुके हैं। इसी बीच राधिका का एक वीडियो जबरदस्त सुर्खियों में है, जिसमें वह पैपराजी का स्वागत करते हुए उनका हालचाल पूछती नजर आ रही हैं। दरअसल, 28 फरवरी, 2024 को जब अंबानी परिवार ने लोगों से आशीर्वाद लेने के लिए अन्न सेवा की मेजबानी की, तो राधिका और अनंत ने भी इसमें भाग लिया और भोजन परोसा।

अनंत और राधिका ने जय श्री कृष्ण बोलकर लोगों को प्यार से भोजन परोसा। इस कपल ने पैपराजी के लिए पोज भी दिए। वायरल वीडियो में हम देख सकते हैं कि यह जोड़ा मुंबई से आए पैप्स को देखकर बेहद खुश है। जल्द अंबानी परिवार की होने वाली बहू राधिका ने पैपराजी को खुले दिल से स्वागत किया। साथ ही पूछा, ‘जामनगर कैसा लगा? बढ़िया है ना, हवा-पानी कैसा लगा?’

राधिका मर्चेंट के परिजनों ने भी अन्न सेवा में भाग लिया। अंबानी परिवार को बच्चों की भव्य शादी से पहले अन्न सेवा की मेजबानी करने के लिए जाना जाता है। उन्होंने 2018 में अपनी बेटी ईशा अंबानी की शादी और फिर 2019 में अपने बेटे आकाश अंबानी की शादी के लिए भी यही अनुष्ठान किया था।

मां बनने वाली हैं दीपिका पादुकोण, बधाई देने वालों में सबसे आगे रहीं यह अभिनेत्री

बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कपल ने फैंस को खुशखबरी दी है। सितंबर 2024 में दीपिका की डिलीवरी होगी। इस खबर के सामने आने के बाद हर कोई कपल को बधाई दे रहा है। फैंस से लेकर सेलेब्स तक हर कोई दीपिका के पोस्ट कर कमेंट कर उन्हें बधाई दे रहा है।

कृति सेनन ने दी सबसे पहले बधाई
दीपिका पादुकोण की मां बनने की खबर पिछले काफी वक्त से सुर्खियों में थी। आज अभिनेत्री ने पोस्ट साझा कर इन खबरों पर मुहर लगा दी है। इस खुशखबरी के सामने आने के बाद कपल को ढेरों बधाईयां मिल रही हैं। बधाई देने वालों में सबसे आगे अभिनेत्री कृति सेनन रहीं। दीपिका के पोस्ट पर कृति ने कमेंट कर लिखा, ‘ओएमजी, आप दोनों को बधाई।’ साथ में गले लगने वाला और दिल का इमोजी साझा किया।

सितंबर में दीपिका-रणवीर के घर गूंजेगी किलकारी
दीपिका पादिकोण ने पोस्ट साझा कर हाथ जोड़ने वाला और ईविल आई इमोजी लगाई है। गौरतलब है कि हाल ही में बाफ्टा अवॉर्ड्स 2024 में दीपिका के साड़ी लुक में फैंस उनका बेबी बंप दिखने की बात कह रहे थे। तभी से दीपिका की प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चा चल रही थी। अब इन कयासों को दीपिका ने सच करार दिया है। सात महीने बाद सितंबर में दीपिका और रणवीर के घर किलकारी गूंजेगी।

आज का राशिफल; 29 फरवरी 2024

मेष राशि: 
आज का दिन आपके लिए मेहनत और लगन से काम करने के लिए रहेगा। आप किसी महत्वपूर्ण चर्चा में सम्मिलित हो सकते हैं। प्रेम में सहयोग की भावना आपके मन में बनी रहेगी। आप किसी से प्रलोभन में ना आएं। वरिष्ठ सदस्यों का आपको पूरा साथ मिलेगा। आप अपने अनुभवों का कार्यक्षेत्र में लाभ उठाएंगे और आपको अपने बढ़ते खर्चों पर नियंत्रण बनाए रखने की आवश्यकता है। आप एक बजट बनाकर चलेंगे, तो आपके लिए अच्छा रहेगा। किसी को भी बिना मांगे सलाह देने से बचें, नहीं तो इससे आपके कामों में रुकावटें आ सकती हैं।
वृष राशिः 
आज का दिन आपके लिए रचनात्मक कार्य से जुड़कर नाम कमाने के लिए रहेगा। अध्ययन और आध्यात्मिक के प्रति आपकी खूब रुचि रहेगी। मित्रों का समर्थन आप पर बना रहेगा। खुशमिजाज व्यक्तित्व होने के कारण आपके मित्रों की संख्या में भी इजाफा होगा। आप किसी मनोरंजन के कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकते हैं। आपको बड़ों की बातों को ध्यान से सुनना होगा। प्रतिस्पर्धा का भाव आपके मन में बना रहेगा। आप किसी से धन उधार लेने से बचें।
मिथुन राशि : 
आज का दिन आपके लिए आपके लिए मिलाजुला रहेगा। आपके सगे संबंधियों से यदि अनबन चल रही थी, तो वह दूर होगी और आप अपनी जिम्मेदारियों को समय रहते पूरा करेंगे, लेकिन कार्यक्षेत्र में आपका किसी बात को लेकर वाद विवाद हो सकता है, जिसमें आप चुप रहना होगा, नहीं तो वह कानूनी हो सकता है। परिवार के लोग के मिल बैठकर कुछ पुरानी यादों को ताजा करेंगे। आपको किसी काम में यदि कुछ समस्या आ रही थी, तो उसके लिए आपको बहुत ही सावधानी बरतनी होगी। आपके कुछ विरोधी आप पर हावी होने की कोशिश करेंगे, लेकिन वह कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे।
कर्क राशि:
आज का दिन आपके लिए साहस और पराक्रम में वृद्धि लेकर आने वाला है। आपको अपने आलस्य को त्यागकर आगे बढ़ना होगा। कारोबार को लेकर आप किसी छोटी दूरी की यात्रा पर जा सकते हैं। वाणिज्यक मामलों में आपको निरंतरता बनाए रखना होगी। आप किसी के व्यर्थ की चर्चा में पड़ने से बचें। सगे संबंधी का आपको पूरा साथ मिलेगा। आपको अपनी भावनाओं पर अंकुश बनाए रखना होगा। कार्यक्षेत्र में आपको योग्यता अनुसार काम मिलने से आपकी प्रसन्नता का ठिकाना नहीं रहेगा। माता-पिता के आशीर्वाद से आपका कोई रुका हुआ काम पूरा हो सकता है।
सिंह राशि: 
आज का दिन आपके लिए भाग्य के दृष्टिकोण से अच्छा रहने वाला है। आप अपने परिजनों का दिल जीतने में कामयाब रहेंगे और वाणी और व्यवहार से आप सभी का दिल आसानी से जीत पाएंगे। आपको कार्यक्षेत्र में किसी पुरस्कार से सम्मानित किया जा सकता है। आपकी धन-धान्य में वृद्धि होने से आपकी खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। आप अपनी वाणी और व्यवहार से लोगों का दिल जीतने में कामयाब रहेंगे। आप बड़ों की बातों को नजरअंदाज ना करें, नहीं तो उन्हे आपकी कोई बुरी लग सकती है। आपको परिवार में किसी सदस्य की ओर से कोई सरप्राइज गिफ्ट मिल सकता है।
कन्या राशि: 
आज का दिन आपके लिए आनंदमय रहने वाला है। रचनात्मक कार्य में आपकी रुचि रहेगी। सभी क्षेत्रों में आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे। आपके चारों ओर का वातावरण खुशनुमा रहेगा। संतान को संस्कारों और परंपराओं का ज्ञान देंगे। करियर को लेकर आप कुछ बचत की योजना में निवेश कर सकते हैं, जो आपके लिए अच्छी रहेगी। जीवनसाथी का सहयोग और सानिध्य आपको भरपूर मात्रा में मिलेगा, लेकिन आप किसी बाहरी व्यक्ति से कोई मन की बात ना करें, नहीं तो इसका फायदा उठा सकते हैं। आपको संतान की संगति की ओर विशेष ध्यान देना होगा।
तुला राशिः
आज का दिन सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा। आपको अपनी आय और व्यय के लिए बजट बनाकर चलना अच्छा रहेगा। किसी काम में उसके नीति नियमों पर पूरा ध्यान दें। आप किसी वाद विवाद में ना पड़े, नहीं तो समस्या हो सकती है। आर्थिक गतिविधियों में आप सतर्क रहें। आपके कुछ करीबी आपको परेशान कर सकते हैं। किसी निवेश संबंधी मामले में आपको कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकते हैं। ऑनलाइन काम कर रहे लोगों के साथ कोई फ्रॉड हो सकता है। बैंकिंग क्षेत्रों में कार्यरत लोग बचत की योजनाओ पर पूरा ध्यान देंगे।
वृश्चिक राशिः 
आज का दिन आपके लिए आर्थिक दृष्टिकोण से अच्छा रहने वाला है।आप लेनदेन पर पूरा ध्यान दें और व्यापार में तेजी आएगी। आपको कुछ विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना होगा। आपकी सकारात्मकता बढ़ने से आप प्रसन्न रहेंगे। आपको कोई बड़ी उपलब्धि हासिल हो सकती है। धन धान्य में वृद्धि होगी। आपके किसी मन की इच्छा के पूर्ति होने से आपकी खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। विद्यार्थीयों ने यदि किसी प्रतियोगिता में भाग लिया था, तो उसके परिणाम आ सकते हैं, जो आपको सफलता देंगे।
धनु राशिः 
आज का दिन आपके लिए ऊर्जावान रहने वाला है। आप अपनी ऊर्जा को सही कामों में लगाएं, तो आपके लिए अच्छा रहेगा। कार्यक्षेत्र में सभी का सहयोग और साथ बना रहेगा। वरिष्ठ सदस्यों की बातों पर आपको पूरा ध्यान देना होगा। आपके कुछ योजनाएं गति पकड़ेगी। आपको संतान के करियर को लेकर यदि कोई निर्णय लेना हो, तो आप उसमें जल्दबाजी बिल्कुल ना दिखाएं, नहीं तो कोई नुकसान हो सकता है। राजनीति में कार्यरत लोगों को किसी सम्मान से नवाजा जा सकता है। नौकरी में कार्यरत लोगों के अधिकारों और उनके कामों में वृद्धि कर सकते हैं, जिसके कारण उनके ऊपर काम का बोझ अधिक रहेगा।
मकर राशिः 
आज का दिन आपके लिए आत्मविश्वास से भरपूर रहने वाला है और आपको एक के बाद एक शुभ सूचना सुनने को मिलती रहेगी। व्यापार की कुछ योजनाएं गति पकड़ेगी और भाग्य के भरोसे यदि आपने किसी काम को किया, तो उसमें भी आपको सफलता अवश्य मिलेगी। सभी का साथ और समर्थन आप पर बना रहेगा। आपके लंबे समय से रुके हुए काम गति पकड़ेंगे। संतान पक्ष की ओर से आपको कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है। विद्यार्थियों को बौद्धिक और मानसिक बोझ से छुटकारा मिलेगा। कोई पुराना रोग फिर से उभर सकता है, जो आपको परेशान करेगा।
कुंभ राशिः 
आज का दिन आपके लिए बहुत ही सोच विचारकर निर्णय के लिए लेने के लिए रहेगा। आपको लोगों की बातों में आने से बचना होगा और आप महत्वपूर्ण बातों पर पूरा ध्यान दें। बुद्धि और विवेक से लिए गए फैसले हमेशा कामयाब रहते हैं। परिवार के सदस्य आपका पूरा साथ देंगे, लेकिन आपको परिजनों के साथ रिश्ते में मिठास बनाकर रखनी होगी। आप इधर-उधर लोगों की बातों में ना आए। आपके कुछ विरोधी आपको परेशान करने की कोशिश तो करेंगे, लेकिन वह आपका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। जीवनसाथी का सहयोग और सानिध्य आपको मिलता दिख रहा है। आपको किसी पुराने मित्र से लंबे समय बाद मिलकर खुशी होगी।
मीन राशिः 
आज का दिन आपके लिए मिलाजुला रहने वाला है। परिवार में किसी हर्ष और मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन होने से माहौल खुशनुमा रहेगा। परिजनों का आना-जाना लगा रहेगा। आपको किसी जरूरी काम को लेकर बहुत ही सोच विचारकर कोई निर्णय लेना होगा। आपको कुछ ठगी लोगों से दूरी बनाकर रखना बेहतर रहेगा। आप अपने आवश्यक कामों को तेजी से निपटने की कोशिश करें। सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत लोगों की साख सम्मान में वृद्धि होगी। दांपत्य जीवन में चल रही समस्याओं से आपको छुटकारा मिलेगा और आपका घूमने फिरने के दौरान कोई महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी।

‘डोनाल्ड ट्रंप मेरे जितना बूढ़ा…’; उम्र से जुड़ी आलोचना पर भड़के राष्ट्रपति बाइडन का पलटवार

अमेरिका में इस साल के अंत में राष्ट्रपति चुनाव कराए जाने हैं। राष्ट्रपति जो बाइडन और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है। रिपब्लिकन खेमे का दावा है कि बाइडन का जनाधार कमजोर हो चुका है और इस बार ट्रंप उन्हें पटखनी देंगे। खुद ट्रंप ने बाइडन की आयु पर टिप्पणी करते हुए कहा कि दूसरे कार्यकाल के लिए बाइडन काफी बूढ़े हैं। ट्रंप पर पलटवार करते हुए बाइडन ने कहा कि ट्रंप भी लगभग उतने ही बूढ़े हैं।

ट्रंप भी मेरे जितना ही बूढ़ा
न्यूयॉर्क में चुनाव प्रचार के दौरान सोमवार को बाइडन ने एनबीसी के कार्यक्रम में सेठ मेयर्स से बातचीत की। उन्होंने 81 साल के होने संबंधी दस्तावेज पर पूछे गए सवाल पर कहा, ऐसा किसने कहा, यह दस्तावेज क्लासिफाइड हैं। 77 साल के ट्रंप की आयु का जिक्र करते हुए बाइडन ने कहा कि ‘आपको दूसरे आदमी (ट्रंप) की आयु पर भी एक नजर डालनी होगी, वह भी मेरे जितना ही बूढ़ा है।’

चुनाव अमेरिका का भविष्य निर्धारित करेंगे
बाइडन ने साफ किया कि शारीरिक आयु मायने नहीं रखती। आपके विचार अहम हैं। उन्होंने कहा कि इस साल होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव अमेरिका का भविष्य निर्धारित करेंगे। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने देश के हित में कई अहम फैसले लिए।

निक्की हेली ने ट्रंप-बाइडन की उम्र पर साधा निशाना
चुनाव में ताल ठोक रहे प्रत्याशियों की आयु इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि भारतवंशी निक्की हेली ने भी बाइडन और ट्रंप पर कटाक्ष किया था। बीते दिनों निक्की हेली ने अपने प्रचार अभियान में डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडन को गुस्सैल बुजुर्ग बताया है। हेली ने सोशल मीडिया पर भी एक तस्वीर साझा कर दोनों नेताओं की बढ़ती उम्र को निशाना बनाया है। जो बाइडन 81 साल के हैं और डोनाल्ड ट्रंप 77 साल के।

हेली की प्रचार अभियान टीम ने बयान जारी कहा है कि ट्रंप कहते हैं कि वह 20 साल पहले जितने तेज थे, उससे ज्यादा अब दिमागी तौर पर तेज हैं, लेकिन अगर ऐसा है तो वे निक्की हेली से डिबेट क्यों नहीं कर रहे? इसकी वजह साफ है कि बुजुर्ग नेता मुश्किल सवालों के जवाब नहीं देना चाहते।

सैन्य कर्मियों के भारत लौटने से पहले तकनीकी टीम पहुंची मालदीव, विमानन प्लेटफॉर्म का संचालन संभालेगी

सैन्य कर्मियों के पहले बैच के 10 मार्च तक मालदीव छोड़ने से पहले भारतीय तकनीकी कर्मियों की पहली टीम द्वीप राष्ट्र पहुंच गई है। मालदीव के रक्षा मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है।

मालदीव के रक्षा मंत्रालय ने बताया, “भारतीय नागरिकों की पहली टीम पहुंच गई है। अब वे अड्डू में हेलीकॉप्टर का संचालन संभालेंगे। अड्डू में तैनात भारतीय सैन्य कर्मी दोनों देशों की सरकारों की सहमति से 10 मार्च तक वापस भारत लौट आएंगे।” बयान में बताया गया कि बुधवार तक भारत से एक रिप्लेसमेंट हेलीकॉप्टर भी आ जाएगा, जिसके बाद नागरिक टीम इसके संचालन को संभालने के लिए प्रशिक्षण अभ्यास शुरू कर देगी।

बता दें कि दो फरवरी को दोनों देशों ने सहमति जताई थी कि भारत अपने सैन्यकर्मियों को मार्च और मई के बीच मालदीव से वापस बुला लेगा। वहीं आठ फरवरी को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने बताया कि वर्तमान कर्मियों को भारतीय तकनीकी कर्मियों द्वारा रिप्लेस किया जाएगा। वे मालदीव में दो हेलीकॉप्टर और एक डोर्नियर विमान का संचालन जारी रखेंगे।

दोनों देशों के बीच हुई थी चर्चा
मालदीव ने एक बयान जारी कर दावा किया था कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए हैं कि तीन विमानन प्लेटफार्मों में से एक में भारत सैन्य कर्मियों को 10 मार्च तक और अन्य को 10 मई तक बदल देगा। हालांकि, भारत ने सैनिकों को वापस लेने का कोई उल्लेख नहीं किया था।

भारत की ओर से कहा गया, “बैठक के दौरान, दोनों पक्षों ने साझेदारी को बढ़ाने के लिए कदमों की पहचान करने की दिशा में द्विपक्षीय सहयोग से संबंधित व्यापक मुद्दों पर अपनी चर्चा जारी रखी। विदेश मंत्रालय ने कहा, ”दोनों पक्ष भारतीय विमानन मंचों के निरंतर परिचालन के लिए परस्पर व्यावहारिक समाधान पर भी सहमत हुए जो मालदीव के लोगों को मानवीय और चिकित्सकीय सेवाएं मुहैया कराते हैं।