Friday , October 25 2024

Editor

किसानों की मांग जायज.. निकलना चाहिए हल, भाजपा से गठबंधन का जल्द चलेगा पता

राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि किसानों की जायज मांगों का हल निकलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा से गठबंधन का पता जल्द चल जाएगा। वह करीब ढाई महीने पहले सड़क हादसे में जान गंवाने वाले हकमपुर ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों के परिजनों से मिलने पहुंचे थे।

किसान आंदोलन को लेकर रालोद नेता ने कहा की उम्मीद है कि इसका जल्द ही कोई हल निकलेगा। दोनों तरफ से धैर्य की आवश्यकता है। हिंसा नहीं होनी चाहिए। किसानों की बात मानी जाएं। सत्यपाल मलिक के यहां सीबीआई के छापे के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर कुछ नहीं कहना है।

इस मामले में मलिक ने खुद कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो मैं क्या दूंगा। कांग्रेस और सपा के गठबंधन पर जयंत चौधरी ने उन्हें शुभकामनाएं दी। इससे पहले जयंत चौधरी रनोती पूर्व जिला अध्यक्ष चौधरी रामवीर सिंह के आवास पर रुके थे। उन्होंने 24 दिसंबर की सड़क हादसे में जान लगाने वाले हेमपुर के प्रधान विशाल, राजन, मनोज के परिजनों से मुलाकात की और ढांढस बंधाया।

इसके बाद पपसरा के रहने वाले सपा नेता सुरजीत सिंह के आवास पर पहुंचे। इस दौरान जिला अध्यक्ष मानवीर चिकारा, उम्मेद सिंह, मुरादाबाद जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, संभल जिलाध्यक्ष कैसर अब्बास, पूर्व जिलाध्यक्ष हरपाल सिंह, प्रदेश प्रवक्ता सचिन चौधरी, जनमसिंह, रामवीर सिंह, नरेश सिंह, मदनपाल सिंह, जयपाल सिंह, पप्पू प्रधान, करमवीर, कावींद्र प्रधान, प्रशान्त औलख, मास्टर सोरान सिंह, पुष्पेन्द्र चौहान आदि मौजूद रहे।

इस बार सांसद रवि किशन ने ली चुटकी, कहा- विधायक जी! लागतआ की आजकल बादाम खात बाड़अ

गोरखपुर के गीडा में आयोजित कार्यक्रम में सांसद रवि किशन ने अपने संबोधन में सहजनवां के विधायक प्रदीप शुक्ला का जिक्र करते हुए कहा कि विधायक जी तोहार यादाश्त बढ़ल बा। कुल काम गिना देहलअ, लागत बा आजकल बादाम खात बाड़अ। यह सुनते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खिलखिलाकर हंस पड़े।

दरअसल, कार्यक्रम की शुरूआत में स्थानीय विधायक प्रदीप शुक्ला को स्वागत भाषण के लिए बुलाया गया। विधायक ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को गिनाया। इसके बाद सांसद रविकिशन का नंबर आया। रविकिशन ने विधायक की तारीफ करते हुए कहा कि विधायक जी पूरा लिस्ट रट लेहले बाड़न।

लागतआ आजकल बादाम रोज खात बाड़न। इस पर मुख्यमंत्री समेत सभी लोग हंस पड़े। सांसद यहीं नहीं रुके, बोले महराज जी जितना पत्थर वाराणसी में प्रधानमंत्री का लगा है, आपके आशीर्वाद से उतना ही मेरे नाम का पत्थर गोरखपुर में भी लगा है। इस पर सीएम ने खूब ठहाके लगाए। खजनी के विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता श्रीराम चौहान का नाम लेते हुए कहा कि अभी महराज जी ने आपके बारे में कई गूढ़ बातें बताई हैं। इस पर फिर सब लोग हंसने लगे।

सीएम जब बोलने उठे तो प्लास्टिक पैकेजिंग मैटेरियल का जिक्र करते हुए कहा कि सजना-संवरना बड़ा जरूरी है। आप लोगों ने रवि किशन की फिल्म देखी होगी। हाथ उठवाकर लोगों से हामी भरवाने के बाद सीएम ने कहा कि शूटिंग से पहले ये लोग अपने चेहरे पर बड़ा डेंटिंग-पेंटिंग करते हैं। इस पर एक बार फिर पूरा पंडाल ठहाके लगा।

विकासपुरी फ्लाईओवर पर युवकों ने फोड़े रंगीन बम, पांच दबोचे; मामला दर्ज

दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इन कारों में करीब 20-25 युवक थे। जो पीरागढ़ी की ओर जाने वाले विकासपुरी फ्लाईओवर पर हुड़दंग मचा रहे थे।

इन युवकों ने सड़क पर रंगीन बम फोड़े और जिग-जैग तरीके से गाड़ी चलाई। दिल्ली में सीआरपीसी की धारा 144 लागू है। इन लोगों पर आईपीसी की धारा 279 और 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अपराधियों और उनके वाहनों की पहचान कर ली गई है। इन युवकों को तिलक नगर से पकड़ है। डीसीपी पश्चिम विचित्र वीर ने इस की जानकारी दी।

यूपी में विधान परिषद की 13 सीटों पर चुनाव का कार्यक्रम जारी, 21 मार्च को होगा मतदान

यूपी विधान परिषद की रिक्त 13 सीटों के लिए चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है। इन सीटों पर 4 मार्च से नामांकन शुरू हो जाएगा जबकि मतदान 21 मार्च को होगा।

चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 4 मार्च को नामांकन शुरू हो जाएंगे। 14 मार्च तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। 21 मार्च को मतदान होगा। इसके बाद इसी दिन शाम पांच बजे के बाद मतगणना होगी।

यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उ0प्र0 विधान परिषद के 13 सदस्यों के निर्वाचन के लिए कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश विधान सभा सदस्यों द्वारा निर्वाचित उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 13 सदस्यों का कार्यकाल आगामी 05 मई, 2024 को समाप्त हो रहा है। इन सदस्यों द्वारा होने वाली रिक्तियों की पूर्ति के लिए विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2024 कराये जाने हेतु कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

‘आपकी नीतियों से ही रूस और चीन करीब आए’, जयशंकर ने पश्चिमी देशों को फिर सुनाई खरी-खरी

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को मौजूदा भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और उनके दुष्परिणामों का जिक्र किया। इस साथ ही उन्होंने कहा कि रूस शासन कला की एक विशाल परंपरा वाली ताकत है और वह एशिया या दुनिया के गैर-पश्चिम हिस्सों की ओर अधिक रुख कर रहा है। जयशंकर ने रायसीना डायलॉग में मॉस्को और बीजिंग की बढ़ती नजदीकियों के सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की।

पश्चिम की नीतियों से करीब आए रूस और चीन
विदेश मंत्री ने कहा कि रूस अन्य देशों, खासतौर पर एशिया के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों की नीतियां रूस और चीन को करीब ला रही हैं। एक तरफ आपके पास ऐसे लोग हैं जो नीतियां बनाते हैं। दोनों को एकसाथ लाते हैं और फिर कहते हैं उनके एक साथ आने से सावधान रहें। दोनों देशों की नजदीकियों को लेकर यह सवाल ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट के कार्यकारी निदेशक माइकल फुलिलोव ने पूछा था।

‘रूस के साथ भारत के संबंध स्थायी और बहुत दोस्ताना’
इससे पहले जयशंकर ने कहा था कि रूस के साथ भारत के स्थायी और बहुत दोस्ताना संबंध हैं। मॉस्को ने कभी भी नई दिल्ली के हितो को नुकसान नहीं पहुंचाया है। यूक्रेन पर मॉस्को के हमले के बावजूद भारत और रूस के संबंध मजबूत बने रहे। कई पश्चिमी देशों की आपत्तियों के बावजूद भारत ने रूस से कच्चे तेल का आयात बढ़ाया है।

यूक्रेन पर रूसी आक्रमण की भारत ने नहीं की निंदा
भारत ने अब तक यूक्रेन पर रूसी आक्रमण की निंदा नहीं की है। नई दिल्ली कहता रहा है कि संकट को कूटनीति और बातचीत के जरिए हल किया जाना चाहिए। जयशंकर ने भारत की जी 20 अध्यक्षता पर भी प्रकाश डाला और बताया कि कैसे इसने समूह के स्थायी सदस्य के रूप में अफ्रीकी संघ को शामिल करना सुनिश्चित किया।

महाकाल दर्शन, आदिवासी संवाद-रैली और राहुल की न्याय यात्रा से इस वोट बैंक पर फोकस कर रही कांग्रेस

लोकसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 2 मार्च को धौलपुर (राजस्थान) से मध्यप्रदेश में मुरैना से प्रवेश करने जा रही है। राज्य में यह यात्रा करीब पांच दिनों तक रहेगी। राहुल की यात्रा रतलाम जिले के सैलाना से राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की सीमा में प्रवेश करेगी।

पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले निकली राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का चुनाव में कोई असर नहीं पड़ा था। यात्रा जिन 22 विधानसभा क्षेत्रों से निकली थी, उनमें से 18 सीटें भाजपा ने जीती थीं। इसमें पांच एसटी वर्ग के लिए सुरक्षित सीटें भी थीं। इसमें से भी कांग्रेस को दो पर ही जीत मिली।

प्रदेश में पहली राहुल की सभा मध्यप्रदेश के मुरैना में होगी। इसके बाद वे रोड शो और नुक्कड़ सभाएं करेंगे। सांसद गांधी अपनी पूरी यात्रा के दौरान हर शहर में अलग-अलग ग्रुप में लोगों से चर्चा करेंगे। कांग्रेस 6 मार्च को धार जिले के बदनावर में आदिवासियों के बीच राहुल की एक सभा का आयोजन करने की योजना भी बना रही है। इसके अलावा आदिवासी वर्ग का भरोसा जीतने के लिए शिवपुरी में आदिवासी संवाद का आयोजन भी होगा। मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से छह एसटी वर्ग के लिए सुरक्षित हैं।

दरअसल, राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा का 26 फरवरी से लेकर 1 मार्च तक ब्रेक रहेगा। 27-28 को राहुल इंग्लैंड की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी जाकर लेक्चर देंगे।

राहुल ने यहीं से पढ़ाई की है। पिछल वर्ष उन्होंने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने का वादा किया था। बाकी के दिनों में राहुल राजधानी दिल्ली में पार्टी की लोकसभा चुनाव से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठकों में भी शामिल होंगे।

विदेश मंत्रालय ने दिलाया भरोसा- जल्द वापसी के प्रयास जारी, संपर्क में है सरकार

रूस में फंसे भारतीयों के मामले में विदेश मंत्रालय ने मदद का भरोसा दिलाया है। सरकार ने कहा है कि रूसी सेना के साथ सपोर्ट स्टाफ के रूप में काम कर रहे लोगों को सुरक्षित भारत लाने का प्रयास किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार रूसी सेना में सहायक कर्मचारियों के रूप में कार्यरत भारतीयों को जल्द मुक्त कराने के लिए मॉस्को से लगातार संपर्क में बनी हुई है। भारत ने अपने नागरिकों से कहा है कि रूस के साथ जारी युद्ध के कारण हिंसाग्रस्त इलाकों में जाने से बचें।

विदेश मंत्रालय का बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह बात सामने आई कि कुछ भारतीय युद्धग्रस्त इलाकों में रूसी सेना के सहायक के रूप में काम कर रहे हैं। जायसवाल ने कहा, सरकार इस बात से अवगत है कि कुछ भारतीय रूसी सेना में सहायक पदों पर नौकरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मॉस्को में भारतीय दूतावास नियमित रूप से इस मामले पर संबंधित रूसी अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीयों की शीघ्र वापसी के प्रयास किए जा रहे हैं।

केंद्र सरकार मामले पर रूसी सरकार से करें चर्चा- ओवैसी
हैदराबाद निवासी सुफियान के परिवार ने केंद्र सरकार के साथ-साथ विदेश मंत्रालय से रूस में फंसे युवकों को सुरक्षित निकालने और एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। एआईएमआईएम के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस मुद्दे पर केंद्र से रूसी सरकार के साथ बातचीत करने का आग्रह किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट साझा करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मोदी सरकार को रूसी सरकार से चर्चा करनी चाहिए। रूस-यूक्रेन युद्ध में फंसे 12 युवाओं को वापस लाना चाहिए।

भारत-अमेरिका के बीच 11वीं द्विपक्षीय वार्ता, प्रत्यर्पण सहित कई मुद्दों पर चर्चा

भारत और अमेरिका ने शुक्रवार को नई दिल्ली में 11वीं द्विपक्षीय राजनयिक वार्ता की। दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इसमें प्रत्यर्पण, छात्रों और पेशेवरों की आवाजाही, सुरक्षित और कानूनी प्रवासन, कमजोर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा व अपने-अपने नागरिकों की यात्रा को सुगम बनाने जैसे मुद्दे शामिल थे।

केजे श्रीनिवासन ने किया भारत का नेतृत्व
विदेश मंत्रालय (एमईए) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एमईए के संयुक्त सचिव (सीपीवी) केजे श्रीवास्तव ने किया जबकि अमेरिका की वाणिज्य दूतावास मामलों की सहायक विदेश मंत्री रेना बिटर ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का प्रतिनिधित्व किया।

इन मुद्दों पर हुई दोनों देशों के बीच चर्चा
बयान के मुताबिक, इस वार्ता ने दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों और सहयोग मजबूत किया। दोनों देशों ने आपसी हित के राजनयिक मुद्दों को साझा किया। दोनों पक्षों ने प्रत्यर्पण, छात्रों और पेशेवरों की आवाजाही, सुरक्षित और कानूनी प्रवासन, कमजोर तबके की महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और अपने-अपने नागरिकों की यात्रा को सुगम बनाने जैसे कई मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

रेना बिटर ने भारत पहुंचने पर क्या कहा था
उन्होंने कहा था, हम यहां आने के लिए बहुत उत्साहित थे। भारत के साथ राजनयिक मुद्दों पर यह हमारी 11वीं वार्षिक वार्ता है। अमेरिका और भारत बहुत सारी चीजों के बारे में बात करेंगे। किसी भी समय के इतिहास की तुलना में आज अधिक संख्या भारतीय अमेरिका की यात्रा कर सकते हैं। हम कुछ ऐसे मुद्दों पर भी बात करेंगे जो दोनों देशों के बीच वास्तव में पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाते हैं।

’75 फीसदी कम हुआ वीजा के लिए इंतजार का समय’
बिटर ने कहा, इतिहास के किसी भी समय की तुलना में आज भारतीय ज्यादा संख्या में अमेरिका की यात्रा कर सकते हैं। पिछले साल इस हमने 14 लाख वीजा देने का फैसला किया, जो कि बीते कई वर्षों में सबसे अधिक है। हमने जबरदस्त प्रगति की है। हमारी ओर से हर श्रेणी में वीजा जारी किए गए हैं। हमारे पास मानवीय मुद्दों से निपटने और व्यापार वीजा में तेजी लाने के लिए तंत्र है। बीते वर्षों में वीजा के लिए इंतजार के समय को हमने 75 फीसदी कम कर दिया है।

पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के घर तिवारी हाता पर ईडी का छापा, सुबह पांच बजे से चल रही छापेमारी

दिल्ली से आई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम सुबह पांच बजे से जिले में धर्मशाला बाजार स्थित पूर्व मंत्री पंडित हरिशंकर तिवारी के घर पर छापेमारी कर रही है। पूर्व मंत्री के बेटे विधायक विनय शंकर तिवारी पर प्रवर्तन निदेशालय मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया हुआ है। नवंबर 2023 में ईडी ने गोरखपुर और महारागंज में तिवारी परिवार की 72 करोड़ की संपत्ति भी जब्त की थी।

रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बस पलटी, 15 से अधिक घायल

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में शुक्रवार सुबह सड़क हादसा हो गया। रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में 15 से अधिक कार्यकर्ता घायल बताए गए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

जानकारी के मुताबिक बदायूं जिले के दातागंज से भाजपा कार्यकर्ताओं की बस शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे अयोध्या के लिए रवाना हुई थी। बताया गया कि बस में 40 से अधिक लोग सवार थे। शाहजहांपुर जिले के थाना जैतीपुर के गांव मानपुर नगरीय-नवादा मोड़ के बीच चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई।

घायलों को अस्पताल भिजवाया
हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस जांच में जुट गई है। हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

बताया गया है कि कुंवरगांव के वनगढ़ गांव निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष हरवंश शाक्य के नेतृत्व में यह बस अयोध्या जा रही थी। निजी बस में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सवार थे। दातागंज में भाजपा जनप्रतिनिधियों ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
बता दें कि बदायूं से शुक्रवार को 101 बसों और 51 कोरों से 5100 भाजपाई और श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या रवाना हुए हैं। वहां से 24 फरवरी को इनकी वापसी होगी। श्रद्धालुओं के काफिले की एक बस शाहजहांपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।