Friday , October 25 2024

Editor

देर रात तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश, आज इन जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने का पूर्वानुमान

लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में दिनभर के इंतजार और तीखी धूप के बाद मंगलवार को देर रात तेज हवा के साथ बारिश हुई। इस दौरान हवा की रफ्तार 30-40 किमी प्रति घंटा रही। कई जगहों पर यह आंधी जैसा लगा। हजरतगंज, गोमतीनगर, एयरपोर्ट के आसपास समेत शहर के ज्यादातर इलाकों में बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 23 फरवरी तक यह सिलसिला जारी रह सकता है। इससे पहले दोपहर को तेज धूप से पारा चढ़कर 30 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन के तापमान में चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है। लखनऊ में बारिश के आसार बने हुए हैं। ्र

आज बारिश के साथ गिर सकते हैं ओले
वसंत पंचमी के बाद से मौसम ने करवट बदली और धूप तेज होने लगी। पर, मंगलवार को कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई और ओले गिरे। बुंदेलखंड और कानपुर के आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। वहीं बांदा-चित्रकूट, फतेहपुर, जालौन, हमीरपुर और महोबा में ओले गिरे। मौसम वैज्ञानिकों को अनुमान है कि अभी 23 फरवरी तक तेज हवा संग हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

बांदा के बबेरू में 15 से 20 गांवों जिनमें काजीटोला, कबीरपुर ,चौहान डेरा ,पिडारन, बाकल समगरा, सीरिया ताला, शमसुद्दीनपुर, औगासी, करहुली, भभुवा, अघाव आदि गांवों में 100-100 ग्राम के ओले गिरने से फसलों को नुकसान हुआ है। हमीरपुर और महोबा में आंधी व बारिश के साथ ओलावृष्टि से मसूर, मटर, चना, गेहूं, सरसों आदि फसलें खेतों में गिर गईं। जालौन में भी शाम को करीब 20 मिनट ओलावृष्टि के साथ आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। इससे 40 फीसदी गेहूं, सरसों, चना, मसूर, मटर की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

इन जिलों के लेकर भविष्यवाणी
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, आगरा, फिरोजाबाद इटावा, मैनपुरी, औरैया व आसपास इलाके में ओले की चेतावनी जारी की गई है। उधर, तीखी धूप से दिन के तापमान में वृद्धि हो रही है।

दिन का तापमान सबसे अधिक झांसी में 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा। फुरसतगंज में 30 डिग्री, सुल्तानपुर में 30.4, प्रयागराज में 32 और आगरा में 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, प्रदेश भर में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से 34.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। यह सामान्य से 6 डिग्री अधिक रहा।

रूस-यूक्रेन के बीच भारत करेगा मध्यस्थता? जयशंकर से पूछा गया सवाल, जानें क्या दिया जवाब

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संकेत दिए कि जरूरत पड़ने पर रूस और यूक्रेन के विवादों को सुलझाने के लिए भारत मध्यस्थ की भूमिका निभाने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में भारत खुद से कोई कदम नहीं उठाने वाला है।

भारत और रूस के संबंधों पर बोले जयशंकर
जर्मन अखबार को दिए साक्षात्कार में जयशंकर ने कहा, “फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन विवादों के बीच मध्यपूर्व में भारत के ऊर्जी आपूर्तिकर्ताओं ने पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति के लिए यूरोप को प्राथमिकता दी। यूरोप ने इन उत्पादों के बदले अधिक भुकतान किया। ऐसे में भारत को पास रूसी कच्चा तेल खरीदने के अलावा कोई और विकल्प नहीं था।”

जयशंकर ने कहा, “भारत ने रूस के साथ अपने आर्थिक संबंधों का विस्तार किया है। उन्होंने कहा कि रूस ने कभी भी भारत के हितों का उल्लंघन नहीं किया है और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध स्थिर और मैत्रीपूर्ण है।” उन्होंने आगे कहा, “वहीं दूसरी तरफ चीन के साथ राजनीतिक और सैन्य संबंध कुछ खास नहीं है।”

रूसी कच्चे तेल की खरीद को जयशंकर ने उचित ठहराया
जयशंकर ने आगे कहा कि भारत यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया, “सभी इस संघर्ष से परेशान है। मुझे नहीं मालूम कि इसे खत्म कैसे करना है।” यूक्रेन में रूसी सैन्य के हस्तक्षेप के बावजूद रूस के साथ सैन्य संबंध पर पूछे जाने पर जयशंकर ने कहा, “इतिहास में देखा जाए तो रूस ने कभी भी हमारे हितों को नुकसान नहीं पहुंचाया है। यूरोप, अमेरिका, चीन या जापान के साथ के रूस के संबंधों में उतार-चढ़ाव देखा गया है।”

’24 घंटे के भीतर साबित करें आरोप, वरना परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें’, शुभेंदु की डीजीपी को चुनौती

पश्चिम बंगाल में संदेशखाली हिंसा अब एक नया मोड़ ले लिया है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी द्वारा एक सिख आईपीएस अधिकारी को खालिस्तानी कहने का मामला अब अदालत पहुंच चुका है। अपने ऊपर लगे आरोप पर अधिकारी ने एडीजी (पश्चिम बंगाल) को चुनौती दी कि वह अगले 24 घंटों के भीतर इस आरोप को साबित करें अन्यथा इसका परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।

अधिकारी ने दी एडीजी को चुनौती
भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, “शुभेंदु अधिकारी ने अपने ऊपर लगे सिख पुलिस अधिकारी को खालीस्तानी कहने के आरोप को 24 घंटे के भीतर साबित करने के लिए एडीजी को चुनौती दी है। वरना ववह इसका परणाम भुगतने के लिए तैयार हो जाएं। पश्चिम बंगाल पुलिस जो कि ममता बनर्जी की एकमात्र बचाव दल है वह अब ढह रही है।”

पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को दक्षिण 24 परगना के संदेशखाली का दौरा करने से रोकने के लिए धामखाली में एक सिख आईपीएस अधिकारी को तैनात किया गया था। इस दौरान अधिकारी के साथ अग्निमित्र पॉल भी थे। उन्होंने दावा किया कि पुलिस अधिकारी अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर रहे थे।

इस मामले पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी भाजपा पर भड़क गई। उन्होंने कहा कि उन्हें (भाजपा) लगता है कि पगड़ी पहनने वाले सभी सिख खालिस्तानी है। ममता ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “आज भाजपा कि विभाजनकारी राजनीति ने संवैधानिक सीमाओं को बेशर्मी से पार कर लिया है। भाजपा के अनुसार, सभी पगड़ी पहनने वाले व्यक्ति खालिस्तानी है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक वीडियो भी लगाया है। इस घटना की निंदा करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि वह इस मामले पर उचित कार्रवाई करेंगी।”

सिख आईपीएस अधिकारी को खालिस्तानी कहकर पुकारा
संदेशखाली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात सिख आईपीएस अधिकारी जसप्रीत सिंह ने दावा किया कि शुभेंदु अधिकारी के साथ चल रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें खालिस्तानी कहा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को कहा, “मैं अपनी ड्यूटी कर रहा हूं। आप मेरे धर्म को क्यों निशाना बना रहे हैं।” पुलिस अधिकारी को खालिस्तानी कहे जाने के विरोध में सिख समुदाय के लोगों ने कोलकाता में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय और आसनसोल में उसके कार्यालय के खिलाफ प्रदर्शन किया।

अच्छी सेहत के लिए जरूरी है विटामिन-मिनरल्स, पर शरीर में इसकी अधिकता के नुकसान जानते हैं आप?

विटामिन-मिनरल्स और पोषक तत्वों से भरपूर आहार शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए आवश्यक है। पौष्टिक आहार की मदद से शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति की जा सकती है। पर कहीं अधिक लाभ के लिए आप भी तो स्वयं से विटामिन सप्लीमेंट नहीं लेते हैं? अगर हां तो ये आर्टिकल आपके लिए ही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अच्छी सेहत के लिए विटामिन-मिनरल्स जरूरी हैं पर शरीर में इसकी अधिक के कई नुकसान हो सकते हैं।

नियमित रूप से अगर आप विटामिन और मिनरल्स के लिए सप्लीमेंट्स का सेवन करते हैं तो ये कई प्रकार के दुष्प्रभावों का कारक भी हो सकता है। उदाहरण के लिए विटामिन सी-डी जैसे तत्व इम्युनिटी बढ़ाने से लेकर शरीर को कई प्रकार की बीमारियों से सुरक्षा देते हैं, पर विटामिन सी की अधिकता दस्त और पेट में ऐंठन जैसी समस्याओं का कारण बन सकती है।

पोषक तत्वों की अधिकता और कमी

डॉक्टर कहते हैं, अब तक कई शोध में इस बात पर चिंता जताई जाती रही है कि दुनियाभर में अधिकांश लोगों को पर्याप्त मात्रा में पोषक तत्व नहीं मिल पाता है। इसकी पूर्ति के लिए कुछ लोग सप्लीमेंट्स लेना शुरू कर देते हैं। पर अगर आप बिना डॉक्टरी सलाह के सप्लीमेंट्स का सेवन करते हैं तो इसकी अधिकता कई प्रकार की समस्याओं का कारण बन सकती है। आइए ऐसे ही कुछ पोषक तत्व के लाभ और इसकी अधिकता के कारण होने वाली समस्याओं के बारे में जानते हैं।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ?

काउंसिल फॉर रिस्पॉन्सिबल न्यूट्रिशन के वैज्ञानिक एंड्रयू शाओ कहते हैं, यदि आप बेसिक मल्टीविटामिन ले रहे हैं, तो बहुत अधिक डरने की कोई जरूरत नहीं है। पर कुछ पोषक तत्वों की अधिकता के दुष्प्रभाव हो सकते हैं।

सेलेनियम की शरीर को नियमित रूप से आवश्यकता होती है। प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने से लेकर, बालों और नाखूनों के स्वस्थ्य विकास और थायराइड ग्रंथि से हार्मोंन्स के स्राव को व्यवस्थित रखने के लिए ये जरूरी है। पर अगर शरीर में इसकी मात्रा अधिक हो जाए तो इसके कारण गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याएं, थकान और तंत्रिकाओं से संबंधित क्षति की दिक्कत भी हो सकती है।

विटामिन-सी की अधिकता या कमी

आपके शरीर के सभी हिस्सों में ऊतकों की वृद्धि और उसकी मरम्मत के लिए विटामिन-सी की आवश्यकता होती है। यह कोलेजन नामक एक महत्वपूर्ण प्रोटीन को बनाने में भी मदद करता है, इम्युनिटी सिस्टम को ठीक रखने और कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों से बचाने के लिए भी विटामिन सी जरूरी है, पर अगर सप्लीमेंट्स के कारण शरीर में इसकी मात्रा अधिक हो जाए तो इसके कारण पेट में जलन, ऐंठन या सूजन के साथ अक्सर थकान, अनिद्रा और सिरदर्द बने रहने की भी दिक्कत हो सकती है।

विटामिन-ई का अधिकता

विटामिन-ई, शरीर में एंटीऑक्सीडेंट के रूप में कार्य करती है। सूजन-रोधी प्रक्रियाओं में इसकी भूमिका होती है, प्लेटलेट के स्तर को ठीक रखने और बालों-कोशिकाओं को ठीक रखने के लिए भी विटामिन-ई जरूरी है। पर शरीर में अगर इसकी मात्रा अधिक हो जाती है तो इसके कारण मांसपेशियों में कमजोरी, थकान, मतली और दस्त का खतरा हो सकता है। विटामिन-ई टॉक्सिसिटी शरीर में रक्तस्राव का भी कारण बन सकती है।

चाहिए माधुरी दीक्षित की तरह निखरती त्वचा, तो करें इन चीजों का इस्तेमाल

बॉलीवुड की मशहूर धक-धक गर्ल यानी की माधुरी दीक्षित भले ही अब फिल्मों में दिखती नहीं देतीं, लेकिन आज भी वो लोगों के दिलों पर राज करती हैं। 55 साल की उम्र का पड़ाव पार कर चुकीं माधुरी आज के समय की अभिनेत्रियों को भी अपनी खूबसूरती से फेल कर देती हैं।

लोग ना सिर्फ उनकी एक्टिंग बल्कि उनकी खूबसूरती के आज भी कायल हैं। आप उनकी तस्वीरें देखकर उनकी उम्र का अंदाजा नहीं लगा सकते। इस उम्र में भी उनकी त्वचा उतनी ही ग्लोइंग और यंग है, जितनी की उनके शुरुआती दौर में थी। ऐसे में हर कोई उनकी खूबसूरत त्वचा का राज जानना चाहता है।

अगर आप भी उन्हीं लोगों में से हैं, जिन्हें माधुरी के जैसी ही त्वचा चाहिए तो ये लेख आपके लिए है। दरअसल, माधुरी स्किन केयर के लिए किसी प्रकार के केमिकल बेस्ट प्रोडक्ट का इस्तेमाल नहीं करतीं। ऐसे में हम आपको आज कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे बताएंगे, जिनके इस्तेमाल से आपकी त्वचा भी खिल उठेगी।

करती हैं शहद का इस्तेमाल

शहद में कई ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो चेहरे के लिए काफी ज्यादा लाभदायक होते हैं। ऐसे में एक्ट्रेस भी अपनी निखरती त्वचा के लिए शहद का इस्तेमाल करती हैं।

इसके लिए वो बस सबसे पहले अपने चेहरे को हल्का सा गीला करती हैं और फिर उसपर शहद लगाती हैं। शहद लगाने से उनकी त्वचा हाइड्रेट रहती है।

एलोवेरा का फेसपैक

ये बात तो किसी से छिपी नहीं है, कि एलोवेरा त्वचा के लिए काफी लाभदायक है। ऐसे में माधुरी दीक्षित भी एलोवेरा का इस्तेमाल स्किन केयर में करती हैं।

इसके लिए बस एक चम्मच दूध और शहद में एलोवेरा जेल मिलाती हैं, और इसे चेहरे पर 20 मिनट तक लगाती हैं। कुछ समय के बाद चेहरा धोने से उनकी त्वचा खिल उठती है।

बेसन का पैक

बेसन का फेसपैक हर किसी के लिए फायदेमंद होता है। इसी वजह से अभिनेत्री भी चेहरे के निखार को बरकरार रखने के लिए बेसन का इस्तेमाल करती हैं।

इसके लिए वो बेसन में शहद और नींबू का रस मिलाती हैं और इसे कुछ देर के लिए चेहरे पर लगाकर रखती हैं। कुछ देर इसे चेहरे पर लगाने से आपका भी चेहरा खिल उठेगा।

मौसम में हो रहा है बदलाव, कहीं पड़ न जाएं बीमार? विशेषज्ञों ने बताए स्वस्थ रहने के तरीके

देशभर में सर्दियों का मौसम अब खत्म होने की स्थिति में है, वसंत ऋतु की शुरुआत हो चुकी है। मौसम में इन दिनों तेजी से बदलाव देखा जा रहा है। उतार-चढ़ाव वाला तापमान श्वसन वायरस को पनपने के लिए आदर्श वातावरण प्रदान करता है। यही कारण है कि इन दिनों लोगों में सर्दी, खांसी, अस्थमा, वायरल संक्रमण के मामले बढ़ जाते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मौसम में होने वाले बदलाव और इससे संबंधित समस्याओं के जोखिमों को कम करने के लिए स्वस्थ और पौष्टिक आहार का सेवन करते रहना जरूरी है।

मौसम में बदलाव के साथ, अपने आहार और लाइफस्टाल में भी कुछ परिर्तन करके आप बीमारियों से बचाव कर सकते हैं। मौसमी खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करना लाभकारी है, ये आपकी प्रतिरक्षा को बढ़ावा देकर बीमारियों से सुरक्षित रखने में सहायक हो सकता है। आइए जानते हैं कि स्वस्थ रखने के लिए इन दिनों आहार में किन चीजों को शामिल किया जाना चाहिए?

मौसम में बदलाव से बीमारियों का खतरा

सुहावने मौसम में इन दिनों आपको स्ट्रीट फूड खाने की इच्छा अधिक हो सकती है पर स्वस्थ रहना तो इन इच्छाओं में सुधार करना जरूरी है। मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए आपको हरी सब्जियों, मौसमी फलों के सेवन के साथ शरीर को अच्छी तरह से हाइड्रेट रखना, आहार में औषधीय गुणों से भरपूर मसालों को शामिल करना जरूरी है। कुछ सामान्य से बदलाव आपको स्वस्थ रखने में सहायक हो सकते हैं।

खट्टे मौसमी फलों का सेवन

आहार में खट्टे मौसमी फलों को शामिल करना शरीर के लिए विटामिन-सी की आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक है। इन फलों के खाने से आप मौसम में होने वाले परिवर्तन के दौरान भी स्वस्थ और रोग मुक्त रह सकते हैं। संतरे, नींबू और अंगूर हमारे लिए विटामिन-सी की आवश्यकताओं की पूर्ति करती है और शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने में सहायक है। इनका सेवन शरीर को संक्रमण से बचाने में मदद करता है।

पत्तेदार सब्जियां और साग

विटामिन्स, खनिजों और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर पालक, केल और स्विस चार्ड जैसी पत्तेदार साग, हरी सब्जियों को आहार में शामिल करना प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने में मददगार है। एक अध्ययन में शोधकर्ताओं की टीम ने बताया कि हरी पत्तेदार सब्जियां डाइटरी नाइट्रेट से भरपूर होती हैं, जो एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों वाला एक कार्बनिक यौगिक है और प्रतिरक्षा प्रणाली को विनियमित करने में मदद करता है। पत्तेदार साग-सब्जियों के सेवन से शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति की जा सकती है।

हाइड्रेशन का ध्यान रखना जरूरी

आहार में पत्तेदार सब्जियां और साग के साथ खट्टे फलों को शामिल करने के साथ शरीर को स्वस्थ रखने के लिए हाइड्रेशन का भी ध्यान रखना बहुत जरूरी है। शरीर में पानी की भरपूर मात्रा सुनिश्चित करके आप प्रतिरक्षा प्रणाली को स्वस्थ और मजबूत बनाए रख सकते हैं। डिहाइड्रेशन यानी कि शरीर में पानी की कमी होने के कारण आपकी इम्युनिटी सिस्टम को गंभीर क्षति होने का खतरा हो सकता है।

ब्याह के बाद सुपरस्टार बनी पहली हीरोइन, इसलिए मारा संजीव कुमार को थप्पड़, और ‘बंदिनी’ के समय…

वसंत ऋतु वैसे तो सिनेमा के लिए सदाबहार रही है, लेकिन इसी ऋतु में हिंदी सिनेमा के शौकीनो को बेहद सौम्य, सुशील और सुंदर अभिनेत्री नूतन भी खूब याद आती हैं। जो काम आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण और करीना कपूर अब कर रही हैं, विवाहिता होने के बाद भी हिट हिंदी फिल्में देने का काम वह अब से कोई 60 साल से भी पहले कर चुकी थीं। उनकी पुण्यतिथि पर आइए जानते नूतन से जुड़ी 10 रोचक कहानियां..

‘सीमा’ ने तोड़ीं लोकप्रियता की सरहदें
शोभना समर्थ की बिटिया नूतन की जब शुरूआती फिल्में न चलीं तो मां ने बेटी को आगे की शिक्षा के लिए स्विटरलैंड भेज दिया। माथे से चिंता हटी और खान-पान, रहन-सहन बदला तो नूतन ने भी एक नूतन रूप धरा। सेहतमंद बिटिया की फोटो वापस मां के पास डाक से पहुंची तो शोभना समर्थ तो मानों बिटिया को कली से फूल सा खिलता देख बाग बाग ही हो गईं। इस नए रूप में दर्शकों ने अभिनेत्री नूतन को फिल्म ‘सीमा’ में देखा और इसी फिल्म के लिए नूतन ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अपना पहला फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीता।

पहली ब्याहता सुपरस्टार
भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीश बहल से जिस साल 1959 में नूतन का ब्याह हुआ, उसी साल उन्होंने दो सुपरहिट फिल्में दीं, राज कपूर की ‘अनाड़ी’ और बिमल रॉय की ‘सुजाता’। बिमल रॉय की ही एक और फिल्म ‘बंदिनी’ ने नूतन के अभिनय को वे ऊंचाइयां दीं कि आज के निर्देशक संजय लीला भंसाली अपनी नायिकाओं को अब भी नूतन की तीनों फिल्में ‘सीमा’, ‘सुजाता’ और ‘बंदिनी’ देखने की सलाह देते हैं।

शिकार पर खूब दिया पति का साथ
नूतन और उनके पति रजनीश बहल की खूब पटी। वैसे तो समंदर की लहरों पर ड्यूटी होने के चलते रजनीश अधिकतर बाहर ही रहते लेकिन जब भी दोनों को साथ मौका मिलता, दोनों खूब अच्छा समय बिताते और वक्त मिलता तो दोनों साथ शिकार करने भी जाते। नूतन के बेटे अभिनेता मोहनीश बहल के पास अपनी मां का यादों का तस्वीरों की शक्ल में अनमोल पिटारा है।

अनारकली की भूमिका ठुकरा दी
अभिनेत्री नूतन ने पहली बार बाल कलाकार के तौर पर साल 1945 में अपने पिता की फिल्म ‘नल दमयंती’ से अपने करियर की शुरुआत की। जब वह 14 वर्ष की हुई तब निर्माता-निर्देशक के आसिफ ने फिल्म मुगल-ए-आजम की अनारकली की भूमिका के लिए नूतन से संपर्क किया था, लेकिन नूतन ने उस फिल्म में इसलिए काम करने से इंकार कर दिया, क्योंकि वह खुद को खूबसूरत नहीं मानती थी।

खुद की एडल्ट फिल्म नहीं देख पाईं
जिस समय नूतन मिस इंडिया बनी थी उसी समय फिल्म ‘नगीना’ रिलीज होने वाली थी। इस फिल्म को देखने जब नूतन सिनेमाघर में गई तो वाचमैन ने अंदर नहीं जाने दिया। दरअसल, यह वयस्कों के लिए थी, जिसे सेंसर बोर्ड ने ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया था। उस समय नूतन की उम्र महज 15 साल की थी। नूतन ने उस वॉचमैन को बहुत समझाने की कोशिश की कि वह खुद उस फिल्म की अभिनेत्री है, मगर वॉचमैन नहीं माना और नूतन को अपनी फिल्म देखे बगैर घर वापस जाना पड़ा।

60 करोड़ के पार पहुंची ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’, जानें फाइटर-लाल सलाम का हाल

शाहिद कपूर और कृति सेनन की फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दी है और दर्शकों का खूब मनोरंजन भी कर रही है। इस फिल्म के साथ रजनीकांत की ‘लाल सलाम’ ने भी थिएटर्स में एंट्री की थी। वहीं, जनवरी के महीने में रिलीज हुई फाइटर अब भी थिएटर में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। तो आइए जानते हैं कि मंगलवार को कैसा रहा इन फिल्मों का हाल…

फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में शाहिद कपूर और कृति सेनन की जोड़ी को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। फिल्म में कृति सेनन ने रोबोट का किरदार निभाया है। 50 करोड़ की लागत से बनी यह फिल्म पहले हफ्ते ठीक ठाक बिजनेस करने में सफल रही है। हालांकि, बाद में फिल्म की कमाई में गिरावट भी दर्ज की गई है।

फिल्म ने 12वें दिन 2.10 करोड़ रुपये की कमाई की है, फिल्म का कुल कलेक्शन 62.55 करोड़ रुपये हो गया है अब देखना है कि क्या फिल्म अपनी रफ्तार पकड़ने में कामयाब होती है या नहीं। वहीं, अब आगामी हफ्तों में कई बड़ी फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने वाली है। ऐसे में फिल्म की कमाई पर असर पड़ सकता है।

‘फाइटर’ के साथ ऋतिक रोशन ने अपने फैंस को एक नया तोहफा दिया है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी फिल्म की रिलीज दर्शकों को बेहद पसंद आ रही है। ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण की फिल्म ने 27वें दिन 70 लाख रुपये की कमाई की है। फिल्म ने अब तक 207.70 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।

‘लाल सलाम’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाई थी, लेकिन अब फिल्म देखने के लिए सिनेमाघरों में भीड़ नहीं उमड़ पा रही है। इस फिल्म में रजनीकांत कैमियो रोल में नजर आए हैं। फिल्म ने 12वें दिन 19 लाख रुपये की कमाई की है, इस तरह फिल्म ने अब तक 16.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है

श्री राम-सीता पर किए ट्वीट को लेकर विवादों में फंसे विक्रांत, वकील के साथ अभिनेता की चैट वायरल

साल 2023 में आई ’12वीं फेल’ फिल्म ने अभिनेता विक्रांत मैसी के करियर को एक नया मोड़ दिया है। फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर जबर्दस्त कमाई की बल्कि हर वर्ग के दर्शकों से इसे प्यार और सराहना मिली। फिल्म में अपने किरदार के लिए विक्रांत ने फिल्मफेयर अवार्ड भी जीता। हालांकि, तमाम लोकप्रियता के बाद अब अभिनेता विवादों में फंस गए हैं। अभिनेता की एक चैट वायरल हो रही है, जिसमें उन्होंने श्री राम-सीता को लेकर एक विवादित ट्वीट किया था।

विक्रांत मैसी को दर्शकों की सराहना के बाद अब उनके गुस्से का भी सामना करना पड़ रहा है। अभिनेता की साल 2018 की एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें उन्होंने श्री राम और सीता को लेकर एक विवादित ट्वीट किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफी मांगी थी, लेकिन माफी मांगने से कुछ घंटे पहले मुंबई के एक वकील के साथ अभिनेता की बातचीत के स्क्रीनशॉट अब इंटरनेट पर सामने आए हैं।

गौरतलब है कि पिछले दिनों यह विवाद तब शुरू हुआ है, जब विक्रांत के पुराने ट्वीट दर्शकों के सामने आए हैं। इस ट्वीट में अभिनेता ने देवी सीता का एक कार्टून चित्र साझा किया, जिसमें उन्होंने भगवान राम से कहा था कि उन्हें खुशी है कि उनका अपहरण रावण ने किया था, न कि उनके “भक्तों” ने।

इस पोस्ट के साथ अभिनेता ने कैप्शन में लिखा, “आधे पके आलू और आधे पके राष्ट्रवादी केवल पेट में दर्द पैदा करेंगे।” अभिनेता के इस पुराने पोस्ट के वायरल होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने धर्म का मजाक उड़ाने पर अभिनेता को जमकर ट्रोल करना भी शुरू कर दिया। यही नहीं, इस ट्वीट के बाद अब मुंबई के एक वकील के साथ विक्रांत की चैट भी तेजी से वायरल हो रही है।

आज का राशिफल; 21 फरवरी 2024

मेष राशि: 
आज का दिन आपके लिए कारोबार के मामले में अच्छा रहने वाला है। आपको नकारात्मक लोगों से दूरी बनाकर रखनी होगी, नहीं तो इसका असर आपके काम पर पड़ सकता है। कार्यक्षेत्र में आपकी रुचि बढ़ेगी और आपको अपने कामों पर पूरा ध्यान देना होगा। बंधुत्व की भावना को बल मिलेगा। सहयोग की भावना आपके मन में बनी रहेगी और विभिन्न कार्यों में आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे। आपको माताजी की सेहत के प्रति सचेत रहना होगा। विद्यार्थियों को बौद्धिक व मानसिक बोझ से छुटकारा मिलता दिख रहा है। आपको किसी लंबी दूरी की यात्रा पर जाने का मौका मिल सकता है।
वृष राशिः 
आज का दिन आपके लिए उत्तम रूप से फलदायक रहने वाला है। परिवार में खुशियां बढ़ेंगी और सभी लोग एक दूसरे के प्रति आकर्षित होंगे। यदि पारिवारिक रिश्तों में कुछ दूरियां चल रही थी, तो वह भी दूर होगी। यदि आप संतान की नौकरी को लेकर परेशान चल रहे थे, तो किसी अच्छी नौकरी की प्राप्ति हो सकती है। नवीन रिश्तों को बनाने की कोशिशें में आप लगे रहेंगे। आपके घर किसी मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। ससुराल पक्ष का कोई व्यक्ति आपसे मेल मिलाप करने आ सकता है।
मिथुन राशि : 
आज का दिन आपके लिए रचनात्मक कार्य से जुड़कर नाम कमाने के लिए रहेगा। आपकी साख और सम्मान में वृद्धि होगी। आप विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। आपको कोई बड़ी उपलब्धि हासिल हो सकती है और शेयर मार्केट में निवेश से आपको अच्छा लाभ मिलेगा। जो जातक प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहे हैं, वह किसी बड़ी डील को बहुत ही सोच विचारकर फाइनल करें। आपकी कोई गुप्त बात परिवार के सदस्यों के सामने उजागर हो सकती है, जिसके कारण जीवनसाथी से आपकी कहासुनी हो सकती है। आपको पिताजी की सेहत के प्रति सचेत रहना होगा।
कर्क राशि: 
आज का दिन आपके लिए खर्चे से भरा रहने वाला है। आपकी आय तो बढ़ेगी, लेकिन आपके खर्च बढ़ने से आप परेशान रहेंगे। बिजनेस की योजनाओं में आप अच्छा धन लगाएंगे। विदेशों से व्यापार कर रहे लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है। पारिवारिक रिश्तों में किसी बात को लेकर खटपट हो सकती है। किसी काम में आप उसके नीति-नियमों पर पूरा ध्यान दें। आपको कुछ ठगी व अजनबी लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। आपको कोई आवश्यक सूचना सुनने को मिल सकती है। आप आर्थिक मामलों में लेनदेन बहुत ही सोच विचारकर करें।
सिंह राशि: 
आज का दिन आपके लिए व्यवसाय की योजनाओं को बहुत ही समझदारी से बनाने के लिए रहेगा। आपकी आय में वृद्धि होगी। परिजनों का सहयोग मिलेगा और व्यवसाय की योजनाएं फैलेगी। आप आय बढ़ाने का प्रयास करेंगे। आर्थिक गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण कार्य में आप तेजी दिखाएंगे और नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को कोई शुभ सूचना सुनने को मिल सकती है। संतान को यदि आप कोई जिम्मेदारी देंगे, तो वह उसमें ढील दे सकते हैं, जिसके कारण आपका मन परेशान रहेगा। आपने यदि किसी संपत्ति का सौदा किया, तो वह भी बाद में आपके लिए नुकसानदायक साबित होगा।
कन्या राशि: 
आज का दिन आपके लिए सफलता मिलने की संभावना है। आप सभी क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और आपकी कुछ योजनाएं फलीभूत होंगी। आप यदि किसी को धन उधार देंगे, तो वह आपको वापस मिल सकता है। कार्यक्षेत्र में लोगों को आपकी कोई बात बुरी लग सकती है। आपको किसी के मामले में बेवजह बोलना आपके लिए समस्या खड़ी कर सकता है। आपको अपने कामों पर पूरा फोकस बनाए रखना होगा, तभी वह पूरे हो सकते हैं। आपको अपने किसी मित्र की चिंता सता सकती है।
तुला राशिः  
आज का दिन आपके लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा। भाग्य के दृष्टिकोण से दिन अच्छा रहने वाला है। भाई बंधुओं से आपकी खूब जमेगी। व्यापार में तेजी आएगी। आपकी लंबे समय से रुकी हुई योजनाएं पूरी हो सकती हैं। प्रेम व सहयोग की भावना आपके मन में बनी रहेगी। आपको घूमने फिरने के दौरान कोई महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी। सभी मामलों में आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे। संतान पक्ष की ओर से आपको कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है। विद्यार्थियों को बौद्धिक और मानसिक बोझ से छुटकारा मिलता दिख रहा है।
वृश्चिक राशिः 
आज का दिन सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत लोगों के लिए अच्छा रहने वाला है। आपको जल्दबाजी और भावुकता में कोई निर्णय लेने से बचना होगा। आप अपरिचित लोगों से दूरी बनाकर रखें। परिजनों की सलाह आपके खूब काम आएगी। यदि आपको कोई शारीरिक कष्ट चल रहा था, तो वह भी दूर होगा। आपको संतान के विवाह में आ रही बाधा के लिए अपने किसी मित्र से बातचीत करनी होगी। आपका कोई विरोधी आपसे किसी बात को लेकर नाराज हो सकता है। संतान पक्ष की ओर से आपको कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है।
धनु राशिः 
आज का दिन नौकरी में कार्यरत लोगों के लिए अच्छा रहने वाला है। टीमवर्क के जरिए काम करके आप किसी अच्छे मुकाम को हासिल कर सकते हैं। संबंधों में घनिष्ठता आएगी। स्थायित्व की भावना को बल मिलेगा। आवश्यक कार्य पर आप पूरा जोर देंगे। गृहस्थ जीवन में चल रही समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। आपको किसी बड़े लक्ष्य पर पूरा फोकस बनाए रखना होगा। भूमि और भवन आदि की खरीदारी करना आपके लिए अच्छा रहेगा। आपको संतान की संगति की ओर विशेष ध्यान देना होगा। माता-पिता के आशीर्वाद से आपका कोई रुका हुआ काम पूरा हो सकता है।
मकर राशिः 
आज का दिन आपके लिए मेहनत और लगन से काम करने के लिए रहेगा। आपको लेनदेन के मामलों में स्पष्टता बनाए रखना होगी। आपके विपक्षी आपके ऊपर हावी होने की कोशिश करेंगे। आप अपनी मेहनत से काफी कुछ पा सकते हैं, लेकिन आपको किसी की कहीसुनी बातों में आने से बचना होगा। संतान की तरक्की के मार्ग में यदि कुछ बाधाएं आ रही थी, तो वह दूर होगी। आप अपने आपको बेहतर बनाने की कोशिश में लगे रहेंगे। आप किसी से लेनदेन में ना आए। सेवा कार्यों में गति आएगी। किसी काम को लेकर आप परेशान रहेंगे, जिसके लिए आप अपने भाई- बहनों से बातचीत कर सकते हैं।
कुंभ राशिः 
आज का दिन आपके लिए मिश्रित रूप से फलदायक रहने वाला है। महत्वपूर्ण कार्य में आपको जल्दबाजी दिखाने से बचना होगा, नहीं तो आपसे कोई गलती हो सकती है। कार्यक्षेत्र में आपको मनमुताबिक काम मिलने से आपका उत्साह और बढ़ेगा। आप यदि किसी काम में अपने माता-पिता से सलाह करेंगे, तो वह आपके खूब काम आएगी। बिजनेस कर रहे लोगों को किसी अजनबी पर आंख मूंदकर भरोसा करना नुकसान देगा। यदि आपने शेयर मार्केट में धन लगाने का सोचा है, तो उससे पहले किसी अनुभवी व्यक्ति से बातचीत अवश्य करें।
मीन राशिः 
आज का दिन आपके लिए मिलाजुला रहने वाला है। आपको बड़ों का सहयोग और सानिध्य मिलेगा। आप अपने कामों की सूची बनाएं। कार्यक्षेत्र में आपके शत्रु आप पर हावी रहेंगे। आप अपनी वाणी और व्यवहार में संयम बनाए रखें। भौतिक वस्तुओं पर आपका पूरा फोकस रहेगा। आपको अपने रहन-सहन के स्तर में सुधार लाने की कोशिश करनी होगी। माता-पिता के आशीर्वाद से आपका कोई रुका हुआ काम पूरा हो सकता है। यदि आपने किसी योजना में धन लगाया था, तो उससे भी आपको अच्छा लाभ मिलेगा।