Sunday , October 27 2024

शिवपाल सिंह को राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर फैली हर्ष की लहर

फोटो -अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह एक साथ (फाइल फोटो)

जसवंतनगर/सैफई(इटावा)। क्षेत्रीय विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव को समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर जसवंतनगर और सैफई इलाकों में हर्ष की लहर फैल गई है। पार्टी जनों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बधाई देते हुए उनके इस कदम को समाजवादी पार्टी की मजबूती के लिए उठाया गया एक बड़ा कदम बताया है। साथ ही कहा है कि अब 2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी भारतीय जनता पार्टी को ठिकाने लगा देगी। 2027 के विधानसभा चुनाव में भी फिर से समाजवादी पार्टी सत्ता में आएगी।

शिवपाल सिंह यादव को राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर सफाई और जसवंत नगर इलाके में आज खुशी में लोगों ने आपस में मिठाईयां बांटकर खुशी जाहिर की।

उल्लेखनीय है कि 2017 में आपसी मतभेदों के चलते अखिलेशयादव और शिवपाल यादव के रास्ते अलग अलग हो गये थे। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के रहते हुए भी इन दोनों में आपसी मतभेद दूर नहीं हो सके थे। बाद में शिवपाल सिंह यादव ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नाम से एक नया दल गठित कर लिया था।

चूंकि अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह दोनों ही समाजवादी आंदोलन को मजबूती देने में जुटे थे, इसलिए शिवपाल सिंह यादव द्वारा नई पार्टी गठित करने से पार्टी कार्यकर्ताओं में बटवारा हो गया था। पार्टी जन अखिलेश और शिवपाल से अलग-अलग जुड़ गए थे ।इससे समाजवादी आंदोलन को गहरी क्षति पहुंची थी। 2017 और 2022 दोनों ही चुनाव में समाजवादियों के बिखराव से भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत से उत्तर प्रदेश में सत्ता में आ गई थी।

हालांकि 2022 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश और शिवपाल मिलकर चुनाव लड़े थे।इस चुनाव में भी पार्टी की पराजय के बाद फिर दोनों में मतभेद और ज्यादा बढ़ गए थे ।

इसके बाद अक्टूबर 2022 में पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन से दोनों को ही गहरा सदमा पहुंचा था। समाजवादियों में यह बात जोर पकड़ गई थी कि चाचा शिवपाल और अखिलेश यादव एक हो जाएं।

हाल में जब नेता जी के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव हुआ और शिवपाल सिंह यादव को मना कर अखिलेश यादव अपने साथ लाए।इससे डिंपल को चुनाव में रिकॉर्ड जीत मिली। तो इस जीत ने दोनो के आपसी गिले- शिकवों को दूर करते हुए फिर से दोनों को एक कर दिया।

मैनपुरी चुनाव के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि अखिलेश यादव चाचा शिवपाल को पार्टी में महत्वपूर्ण पद देकर आपसी एकता को मजबूती देंगे.. और उन्होंने ऐसा ही किया तथा शिवपाल सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आज सौंप दी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा शिवपाल सिंह यादव को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर बधाइयों का तांता लग गया है। बधाई देने वालों में स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के भाई अभय राम सिंह यादव, डॉक्टर अजंट सिंह यादव, राजपाल सिंह यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ,तेज प्रताप सिंह यादव, पूर्व विधायक सोवरन सिंह यादव, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष महावीर सिंह यादव, पूर्व एमपीप्रेमदास कठेरिया, पूर्व एमएलसी सुभाष चंद्र यादव, पूर्व राज्य मंत्री विश्राम सिंह यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख रामपाल सिंह यादव,प्रोफेसर बृजेश यादव, अजेंद सिंह गौर ,राहुल गुप्ता , अनुज यादव मोंटी,मोहम्मद अहसान, जिला पंचायत सदस्य भुजवीर सिंह यादव राजीव गुप्ता बबलू, राजेंद्र प्रसाद यादव, अनिल प्रताप सिंह यादव, अनुज प्रताप सिंह यादव, संतोष कुमार शाक्य, चंदगीराम यादव राजवीर सिंह बाबा, राजवीर सिंह ठेकेदार नगला तेज, दुष्यंत यादव भूरे, मनोज यादव गोपी, राम नरेश यादव पप्पू, सुनील जोली, आदि शामिल है।

*वेदव्रत गुप्ता