Friday , September 20 2024

जसवंतनगर की राजनीति  के “केंद्र बिंदु”रहे महावीर सिंह की दुर्घटना में मौत

______

जसवंतनगर(इटावा)। आधी शताब्दी तक जसवंत नगर की राजनीति के केंद्रबिंदु रहे और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय महावीर सिंह यादव की अंतिम यात्रा गुरुवार दोपहर 12 बजे, जब उनके यादव नगर स्थित आवास से उनके पैतृक गांव फतेहपुरा के लिए रवाना हुई, तो हजारों लोगों की आंखें आंसुओं से डूब गई।

   समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव तथा पीसीएफ के पूर्व चेयरमैन आदित्य यादव अंकुर भी अंतिम यात्रा में शामिल होने पहुंचे हुए थे।दोनो ने स्वर्गीय के पार्थिव शरीर पर भरी आंखों से अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
  स्वर्गीय के परिजन ही नहीं, बल्कि ऐसा कोई शख्स मौजूद हजारों लोगों में शामिल नहीं था ,जिसकी आंखें डबडबाई हुई न हो। स्वर्गीय के पार्थिव शरीर को, जब एक फूलों से सुसज्जित गाड़ी पर चढ़ाया गया, तो कई महिलाएं तो पछाड़ खाकर रोती गिर पड़ी।
    उनका पार्थिव शरीर जब यादव नगर से उनकी जन्मस्थली फतेहपुरा गांव के लिए बढ़ा तो रास्ते में हर जगह उनके अंतिम यात्रा वाहन पर लोगों ने कुरसैना, जमुना बाग, गढ़ी जालिम, धनुआ आदि में श्रद्धांजलि देते हुए पुष्प वर्षा की। फतेहपुरा गांव में तो आज उनके निधन से फैले शोक के कारण किसी भी घर में चूल्हे नहीं  सुलगे। उनका अंतिम संस्कार दोपहर 2:30 बजे के आसपास हुआ और मुखाग्नि उनके बड़े पौत्र विश्वनाथ प्रताप सिंह “सोनू” ने छोटे भाई आशुतोष टोनू के साथ दी। इन दोनों का विलाप सुन हर कोई बिलख बिलख कर रो पड़ा।
    ज्ञातव्य है कि 82 वर्षीय महावीर सिंह यादव का बीती रात लखनऊ एक्सप्रेस वे पर एक कार दुर्घटना में उस समय निधन हो गया था, जब एक ट्रक ने रात 11 बजे के आसपास उनकी इनोवा कार को रौंद डाला था। वह गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल से अपने समधी के बीमार बेटे को देखकर जसवंतनगर लौट रहे थे। घायल अवस्था में उन्हें आगरा के जीजी नर्सिंग होम ले जाया जा रहा था, तभी उनकी मौत हो गई।
संघर्ष और जीवटता के धनी महावीर सिंह यादव के हृदय का तीन बार ऑपरेशन हो चुका था, फिर भी वह राजनीति में सदैव सक्रिय रहते थे।  समाजवादी पार्टी के आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए लगभग हर सभा और कार्यक्रम में मुलायम सिंह यादव से लेकर अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव के साथ मौजूद रहते थे। यही नहीं स्वर्गीय नेताजी मुलायम सिंह यादव और शिवपाल सिंह यादव को जसवंत नगर से विजई बनाने में उनकी हर चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। उनका  धनुआ सेक्टर इलाका ऐसा था, जिससे कभी समाजवादी पार्टी को उन्होंने पराजित नहीं होने दिया। इसके अलावा चाहे सहकारिता, जिला पंचायत, खंड विकास , प्रधानी आदि के चुनाव रहे हो, महावीर सिंह यादव जसवंत नगर में समाजवादी पार्टी का नेतृत्व करते और विजयश्री हासिल हासिल कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे दुर्योग है की  बात है कि आज 11 मई को नगर पालिका जसवंत नगर का चुनाव हो रहा है, जिसमें ।भी उनकी सहमत से ही पार्टी ने अपने उम्मीदवार सत्यनारायण संखवार को मैदान में उतारा था, मगर वोटिंग शुरू होने से पहले ही  महावीर सिंह स्वयं दुनिया को अलविदा कह गए।
    उनके दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से निधन होने पर हर वर्ग शोकाकुल हो गया। उनके अंतिम दर्शनों को सभी वर्गों के लोग उमड़े हुए थे।
अंतिम यात्रा में शामिल होने वालों में पूर्व राज्य मंत्री विश्राम सिंह यादव, कई बार जसवंतनगर के ब्लॉकप्रमुख रहे रामपाल सिंह यादव, प्रो. बृजेश चंद यादव, रिटायर्ड शिक्षक रामपाल सिंह यादव, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, अमन यादव, अनुज प्रताप सिंह यादव,अनिल प्रताप सिंह यादव, राजपाल सिंह यादव, क्षेत्रपाल।सिंह यादव,अनुज मोंटी यादव, खन्ना यादव, कर्म राज सिंह यादव, राहुल गुप्ता, विनोद यादव, विद्याराम यादव, सपा महिला प्रदेश महासचिव अनीता यादव, ,नीरज यादव, हाजी मोहम्मद अहसान, मजरुल्लाह लड्डन, राकेश कुमार यादव, राम नरेश यादव, राम अवतार यादव,सुरेंद्र सिंह,मुकद्दम सिंह यादव, राजेंद्र प्रसाद यादव, वेदव्रत गुप्ता, अजेंद्र सिंह गौर,अशोक यादव क्रांतिकारी, राजीव गुप्ता बबलू ,सत्यवती यादव, ऋषि कांत चतुर्वेदी नीरज यादव, ब्लॉक अध्यक्ष रामवीर सिंह यादव आदि प्रमुख थे ही, इटावा, सैफई, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, एटा आगरा, फिरोजाबाद, औरैया,आदि जिलों के लोग भी  बड़ी संख्या में उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे हुए थे। जसवंतनगर क्षेत्र का कोई ऐसा गांव नहीं था ,जिसके ग्रामवासी उनकी अंतिम यात्रा में शामिल न हो। स्वर्गी महावीर सिंह यादव नेअपने जीवन काल में शिक्षा जगत को भी काफी परिश्रय दिया था। ग्राम धनुवा के डॉ राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज के वह काफी समय तक अध्यक्ष और प्रबंधक रहे थे। इसके अलावा उन्होंने जसवंतनगर में अपने पुत्र स्वर्गीय नरेश की यादों में शिवपाल सिंह महाविद्यालय, एसपीएस ग्लोबल एकेडमी जैसे संस्थान खोलकर शिक्षा जगत को आगे बढ़ाने का काम किया था। क्षेत्र के ग्रामों में होने वाले आपसी लड़ाई झगड़ों की पंचायत करके काफी मामले निस्तारित कर देते थे। हालांकि उनके विपक्षियों ने उन्हें कई मामलों में फसाकर उन्हें हतोत्साहित करने का भी काम किया मगर उन्होंने कभी हार  नहीं मानी, परंतु बीती रात मौत के सामने वह पराजित हो गये।
     प्रोफेसर रामगोपाल यादव तथा शिवपाल सिंह यादव ने उनके निधन को जसवंत नगर क्षेत्र और अपनी  व्यक्तिगत क्षति बताया है और कहां है कि महावीर सिंह यादव जैसा व्यक्तित्व हमें अब शायद ही प्राप्त हो। दोनों ने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की कामना की है।
____
फोटो: -स्वर्गीय महावीर सिंह यादव की जसवंत नगर के यादव नगर मोहल्ले से एक फूलों से सजे वाहन में अंतिम यात्रा प्रारंभ होती हुई। श्रद्धांजलि देने पहुंचे सपा नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव, आदित्य यादव आदि। पार्थिव शरीर पर विलाप करती हुई बड़ी संख्या में महिलाएं तथा उनके घर के सामने जुटी हजारों की भीड़ आदि फोटोज