Friday , October 25 2024

30 साल तक पंचायत से पार्लियामेंट तक लहराएगा भाजपा का परचम, अमित शाह बोले- 150 सीटें जीतना हैं,

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ग्वालियर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने यहां पहुंचे करीब 1800 नेताओं को संबोधित किया। उन्होंने सभी को इस बार 150 से ज्यादा सीटें जीतने का संकल्प दिलाया और जीतने के मंत्र भी दिए। उन्होंने दावा किया इस बार कांग्रेस को रोक लिया तो अगले 30 साल तक मप्र में पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का भगवा परचम लहराएगा। अमित शाह ने इस अवसर पर पार्टी के नए सदस्यता अभियान की शुरुआत भी की।

अमित शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश का कार्यकर्ता देवदुर्लभ और अनुभवी कार्यकर्ता है। यहां के कार्यकर्ता के पास लंबा अनुभव है। मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता ने चुनाव जीते भी हैं और जिताए भी हैं। आज हम जिस पद पर भी हैं, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ही हैं। इसलिए यह चुनाव भाजपा के भविष्य का चुनाव है, भारतमाता के वैभव को परम शिखर पर पहुंचाने का चुनाव है। नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाकर करोड़ों गरीबों के जीवन में जनसंघ के दीप के उजियारे को प्रदीप्त करने का चुनाव है। हम सभी को मिलकर चुनाव अभियान में जुटना है। भारतमाता को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए इस चुनाव में हमें 150 सीटें जीतकर कांग्रेस को परास्त करना होगा।