Thursday , October 24 2024

मानसून की पहली बारिश में भीगा रुहेलखंड, तराई भी तर; बरेली मंडल में यलो अलर्ट

बरेली समेत आसपास के जिलों में मानसून ने दस्तक दे दी है। बरेली में मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे मौसम ने करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए। करीब एक बजे बारिश शुरू हो गई। अधिकतम तापमान में आई गिरावट के कारण लू का प्रकोप पहले ही समाप्त हो गया था। अब मानसून की पहली बारिश राहत लेकर आई। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम सुहावना हो गया है। बरेली शहर में मानसून की पहली बारिश में बच्चे और युवा मस्ती करते नजर आए। मौसम विभाग ने बरेली समेत मंडल के चारों जिलों में अगले चार दिन के लिए बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

बरेली में सोमवार को सुबह से शाम तक हल्की धूप और बादल की लुकाछिपी जारी रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान दो डिग्री लुढ़ककर 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, पर रात में उमस से लोग बेहाल हुए। न्यूनतम पारा 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को सुबह 12 बजे तक मौसम का ऐसा ही हाल रहा। इसके बाद मौसम बदलने लगा।

दोपहर एक बजे गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटा तक हल्की बारिश होती रही। पीलीभीत के बीसलपुर में भी बारिश हुई। तापमान में गिरावट होने से मौसम ठंडा हो गया। आसमान में बादल छाए हुए हैं। बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी में 27 जून तक यलो अलर्ट जारी किया गया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक अगले चार दिनों तक अनुकूल माहौल बनने पर बारिश के आसार हैं। दिन में बादल मंडराने का सिलसिला जारी रहेगा। इससे तापमान में चार डिग्री तक और गिरावट की उम्मीद है।