Thursday , October 24 2024

चोरों ने बंद मकान को बनाया निशाना, ताला तोड़कर लाखों के गहने और नकदी की पार

फिरोजाबाद:  उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के आभूषण एवं नकदी की चोरी की। मजलिस से वापस आने के बाद परिवार को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने थाना पुलिस को घटना की तहरीर दी है। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।

घटना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के आवास-विकास कॉलोनी की है। यहां के निवासी मंसूर जैदी अपने परिवार के साथ शनिवार को मजलिस में नौशहरा गए हुए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। रात के समय मौका पाकर चोरों ने घर का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश कर लिया। जिन्होंने घर के अंदर अलमारी में रखे हुई एक चैन, चोर जोड़ी कानों के कुंडल, मंगलसूत्र, दो अंगूठी, छः पायल एवं 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।

घटना को अंजाम देने के बाद चोर फरार हो गए। पीड़ित को घटना की जानकारी तब हुई, जब वह अपने परिवार के साथ मजलिस से वापस लौटकर आया। पीड़ित ने तत्काल ही डायल-112 पर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाना पुलिस को दी है। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।