फिल्म ‘दीवाने’ 11 अगस्त 2000 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। हैरी बावेजा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन दोहरी भूमिका में दिखे। उर्मिला मातोंडकर, महिमा चौधरी, परेश रावल, जॉनी लीवर, शिवाजी साटम और गुलशन ग्रोवर जैसे सितारे फिल्म का हिस्सा रहे। आज 25वीं सालगिरह पर जानते हैं फिल्म से जुड़े किस्से…
डबल रोल वाली अजय देवगन की तीसरी फिल्म
अभिनेता अजय देवगन इस फिल्म में डबल रोल में नजर आए। एक किरदार में वे पुलिस अधिकारी विशाल के रूप में दिखाई दिए। दूसरे किरदार में डाकू अरुण की भूमिका में नजर आए। अजय देवगन के करियर की यह तीसरी फिल्म थी, जिसमें उन्होंने डबल रोल किया। इससे पहले उन्हें फिल्म ‘हिंदुस्तान की कसम’ और ‘गैर’ में दोहरी भूमिका में देखा गया।
‘धड़कन’ के साथ हुआ क्लैश
फिल्म ‘दीवाने’ का बॉक्स ऑफिस टकराव फिल्म ‘धड़कन’ के साथ हुआ। अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और शिल्पा शेट्टी अभिनीत इस फिल्म में महिमा चौधरी भी नजर आईं। एक ही दिन यानी 11 अगस्त, 2000 को रिलीज हुईं दोनों फिल्मों में महिमा चौधरी को देखा गया था। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर बाजी ‘धड़कन’ ने जीती। प्रदर्शन के मामले में फिल्म ‘दीवाने’ औसत भी साबित नहीं हुई।
उर्मिला नहीं, करिश्मा थीं पहली पसंद
फिल्म ‘दीवाने’ के ऑडियो कैसेट में फिल्म के डायलॉग भी थे। निर्देशक हैरी बावेजा की पिछली फिल्मों ‘दिलवाले’ और ‘दिलजले’ में भी ऐसा ही किया गया था। फिल्म ‘दीवाने’ में उर्मिला मथोंडकर लीड रोल में थीं। इस फिल्म के लिए वह पहली पसंद नहीं थीं। यह रोल पहले करिश्मा कपूर कपूर को ऑफर किया गया था, लेकिन बाद में उन्होंने यह भूमिका छोड़ दी।
हादसे का शिकार हुईं महिमा, खराब हो गया था चेहरा
फिल्म ‘दीवाने’ की शूटिंग के दौरान महिमा चौधरी का एक भयानक एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उनका चेहरा बुरी तरह खराब हो गया था। दरअसल, लगभग इसी दौरान वे अजय देवगन के साथ फिल्म ‘दिल क्या करे’ भी कर रही थीं। महिमा ने एक इंटरव्यू में जिक्र किया था, ‘दिल क्या करे’ की शूटिंग के दौरान वे एक जानलेवा दुर्घटना का शिकार हुई थीं। शूटिंग का आखिरी दिन था और अभिनेत्री लोकेशन पर जा रही थीं, तभी अचानक एक्सीडेंट हुआ। उनके चेहरे से कांच के करीब 67 टुकड़े निकले थे। एक इंटरव्यू के दौरान महिमा ने जिक्र किया था कि उस मुश्किल वक्त में अजय देगवन और काजोल ने बहुत मदद की थी। अभिनेत्री की गुजारिश पर पर एक्सीडेंट की बात भी सीक्रेट रखी गई। महिमा ने कहा कि उन्हें डर था कि एक्सीडेंट और चेहरा खराब होने की बात सुन कहीं उनके हाथ से फिल्में न निकल जाएं।
