सैफ अली खान के बेटे और अभिनेता इब्राहिम अली खान इन दिनों बहुत व्यस्त चल रहे हैं। उनके पास कई प्रोजेक्ट हैं। हाल ही में उनकी फिल्म ‘सरजमीं’ रिलीज हुई है। इसके बाद उन्होंने ‘दिलेर’ पर काम करना शुरू किया है।

इब्राहिम ने दी अगली फिल्म की अपडेट
अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी बीटीएस तस्वीरें शेयर की हैं। इसमें नजर आ रहा है कि वह रिकॉर्डिंग स्टूडियो में हैं। उन्होंने इन तस्वीरों के जरिए अपने फैंस को अपनी अगली फिल्म के बारे में अपडेट दी है। पोस्ट के मुताबिक ‘दिलेर’ दिनेश विजान के मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बन रही है। इसका निर्देशन कुणाल देशमुख कर रहे हैं। उन्होंने ‘जन्नत’ और ‘तुम मिले’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है।

पूरी हो गई ‘दिलेर’ की शूटिंग
खबरों के मुताबिक ‘दिलेर’ की शूटिंग इसी साल जनवरी में पूरी हुई है। फिल्म की शूटिंग चंडीगढ़, मुंबई, लंदन और कई दूसरी जगहों पर हुई है। कुणाल देशमुख की पत्नी सोनाली ने फिल्म पूरी होने पर कई तस्वीरें साझा की थीं। उन्होंने तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा ‘दिलेर की शूटिंग पूरी हो गई। बहुत अच्छा सफर था।’

श्रीलीला भी आएंगी नजर
फिल्म में इब्राहिम अली खान अहम किरदार में हैं। इसमें उनके साथ लीड रोल में साउथ की अभिनेत्री श्रीलीला हैं। फिल्म के बारे में बाकी जानकारी को गुप्त रखा गया है।

इब्राहिम अली खान का वर्कफ्रंट
इब्राहिम अली खान के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह हाल ही में कायोज ईरानी की फिल्म ‘सरजमीं’ में नजर आए थे। इसमें उनके साथ काजोल और पृथ्वीराज सुकुमारन ने अभिनय किया है। फिल्म में उन्होंने एक आर्मी अफसर के बेटे का किरदार निभाया है। उन्हें आतंकवादी किडनैप कर लेते हैं और कई वर्षों के बाद छोड़ते हैं।

By Editor