Monday , October 28 2024

जसवंतनगर। मैनपुरी जिले के निवासी प्रेमी जोड़े ने खाया जहर

जसवंतनगर। मैनपुरी जिले के निवासी प्रेमी जोड़े ने यहां इटावा मैनपुरी रोड किनारे एक पेड़ के नीचे विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर एंबुलेंस के जरिए दोनों को अचेतावस्था में जिला चिकित्सालय ले जाकर भर्ती कराया गया है।
घटना मंगलवार दोपहर की है। बिचपुरी खेड़ा गांव के निकट इटावा मैनपुरी रोड किनारे खड़े एक पेड़ के निकट प्रेमी जोड़ा काफी देर से बातचीत कर रहा था। बाद में उन्होंने किसी कारणवश विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। राहगीरों ने जब उन्हें अचेतावस्था में देखा तो एंबुलेंस हेल्पलाइन 108 पर कॉल कर सूचना दी। एंबुलेंस संख्या यूपी 32 बीएच 9637 के ईएमटी सुनील कुमार ने बताया कि हालत गंभीर बनी हुई थी दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है जहां अभी उपचार चल रहा है।
उपचारित प्रेमी का नाम मोहित पुत्र विनोद कुमार यादव निवासी नगला उलाई करहल, जनपद मैनपुरी तथा प्रेमिका का नाम उमा पुत्री रणवीर सिंह निवासिनी उपरोक्त बताया गया है। प्रेमिका की शादी कुर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लेखराजपुर गांव में हुई थी जहां से वह अचानक गायब हो गई और अपने प्रेमी के साथ घूम रही थी। उसके ससुराली जन की तहरीर पर कुर्रा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। कुर्रा पुलिस के अनुसार 15 दिन से पुलिस लगातार उसकी खोजबीन में जुटी हुई थी।