Sunday , October 27 2024

जी-20 की अध्यक्षता मिलते ही झूम उठे भारतीय, 100 स्मारकों को सात दिनों के लिए किया जाएगा रोशन

विकसित और विकासशील देशों के समूह जी-20 की अध्यक्षता  भारत को मिल गई। एक वर्ष के लिए जी-20 की अध्यक्षता मिलने की खुशी में देश के 100 स्मारकों को सात दिनों के लिए रोशन किया जा रहा है। स्मारकाें के बाहर जी-20 का लोगो भी लगाया जाएगा।

भारत को जी-20 की अध्यक्षता एक दिसंबर से 30 नवंबर तक के लिए मिली है।  आगरा को कल्चरल कोर ग्रुप की बैठक के लिए चुना गया है। संस्कृति मंत्रालय ने देश के 100 स्मारकों को एक से सात दिसंबर की अवधि में रोशन करने का निर्णय लिया है।

आगरा किला, फतेहपुर सीकरी और सिकंदरा को रोशन करने को चुना गया है। इन्हें गुरुवार शाम से रोशन किया जाएगा। इसका ट्रायल मंगलवार व बुधवार को किया जा चुका है।

ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी और सिकंदरा में जी-20 के लोगो लगाए जाएंगे। ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित यूनिपोल, आगरा किला में अमर सिंह गेट, फतेहपुर सीकरी में आगरा गेट और सिकंदरा के गेट पर लोगो लगेगा। जी-20 के देशों की विजिट छह व सात फरवरी को आगरा में होगी। वह ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी समेत अन्य स्मारकों का भ्रमण करेंगे।