Monday , October 28 2024

TVK के पहले सम्मेलन में गरजे अभिनेता दलपति विजय, कहा- राजनीति युद्ध क्षेत्र, हमें सावधान रहना होगा

चेन्नई:मशहूर अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) का पहला सम्मेलन तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले के विक्रवंडी वी सलाई गांव में हुआ। इसमें पार्टी के प्रमुख और अभिनेता दलपति विजय ने राजनीतिक क्षेत्र में कदम रखने को लेकर अपने विचार साझा किए। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु सरकार पर भी निशाना साधा। दलपति विजय ने कहा कि राजनीति कोई सिने क्षेत्र नहीं बल्कि एक युद्धक्षेत्र है। यह गंभीर होगा। अगर हम गंभीरता और थोड़ी हंसी के साथ इसे हाथ में लेने का फैसला करते हैं तो ही हम इस क्षेत्र में टिके रह सकते हैं और विरोधियों से निपट सकते हैं। हमें मैदान पर सावधान रहना होगा।

करियर छोड़कर आपका विजय बनकर आया
दलपति विजय ने कहा कि हम द्रविड़ राष्ट्रवाद और तमिल राष्ट्रवाद को अलग नहीं करने जा रहे हैं। वे इस मिट्टी की दो आंखें हैं। हमें खुद को किसी विशिष्ट पहचान तक सीमित नहीं रखना है। हमारी विचारधारा धर्मनिरपेक्ष, सामाजिक न्याय की है। हम उसके आधार पर कार्य करने जा रहे हैं। राजनीति में असफलताओं और सफल कहानियों को पढ़ने के बाद मैं अपने करियर को शिखर पर छोड़कर आप सभी पर भरोसा करते हुए आपका विजय बनकर आया हूं।

जनविरोधी है सरकार
टीवीके प्रमुख ने कहा कि तमिलनाडु में एक समूह एक ही गाना गा रहा है। यहां जो भी राजनीति के लिए आता है उसे विशिष्ट रंग दे रहा है और लोगों को धोखा दे रहा है। द्रविड़ियन मॉडल के नाम पर वे भूमिगत सौदेबाजी कर रहे हैं और लोगों को धोखा दे रहे हैं। यहां जनविरोधी सरकार है।

2026 में चुनाव लड़ने की तैयारी
मशहूर अभिनेता विजय का राजनीतिक दल तमिलनाडु में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाने को तैयार है। गौरतलब है कि अभिनेता विजय ने राजनीति में प्रवेश करने के बाद इस साल फरवरी में अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के नाम की घोषणा की। हाल ही में उन्होंने इसका झंडा और चुनाव चिह्न जारी किया था। तब उन्होंने बताया था कि भारत के चुनाव आयोग ने आधिकारिक तौर पर तमिलगा वेत्री कझगम को एक राजनीतिक पार्टी के रूप में पंजीकृत कर लिया है। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने उनकी पार्टी को एक पंजीकृत सियासी दल के रूप में चुनावी राजनीति में भाग लेने की अनुमति दे दी है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में होने की उम्मीद है।