बॉलीवुड के बेहतरीन एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन के लगभग पांच साल हो गए हैं। ऐसे में रक्षा बंधन के मौके पर उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने भाई को याद किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर भाई सुशांत के लिए एक भावुक पोस्ट लिखी है। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह अपने भाई के साथ अच्छे पल बिताती नजर आ रही हैं।
सुशांत सिंह राजपूत की बहन ने लिखी भावुक पोस्ट
इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने भाई के लिए लिखा ‘कभी-कभी लगता है कि आप हमें छोड़कर कहीं नहीं गए हैं। आप यहीं कहीं हैं। आप हमें देख रहे हैं। इसके बाद दूसरी सांस में दर्द जोर पकड़ता है। मन में सवाल आता है कि क्या मैं तुम्हें सचमुच फिर कभी नहीं देख पाऊंगी? क्या तुम्हारी हंसी बस एक गूंज बनकर रह जाएगी? तुम्हारी आवाज एक धुंधली याद में बदल जाएगी?’
भावुक हुईं बहन कीर्ति
श्वेता सिंह कीर्ति ने अपनी पोस्ट के आखिर में लिखा ‘तब तक मैं यहीं हूं। मैं अपने दिल में तुम्हारी कलाई पर राखी बांध रही हूं। मैं प्रार्थना करती हूं कि तुम जहां भी हो खुशी और शांति के साथ रहो। अलविदा, जब तक हम फिर से न मिलें।’
कीर्ति को वीडियो में कहते हुए सुना जा सकता है ‘हम लोग हमेशा साथ में रहते थे। खाना साथ में, पीना साथ में, सोना साथ में, सब कुछ साथ में करते थे।’ इसके बाद वीडियो में उनकी और सुशांत की कई तस्वीरें नजर आती हैं।
34 साल की उम्र में हुआ था सुशांत का निधन
आपको बता दें कि 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत बांद्रा में अपने घर पर मृत पाए गए थे। उस वक्त उनकी उम्र 34 साल थी। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के मुताबिक सुशांत सिंह राजपूत का निधन आत्महत्या करने से हुआ था। उनके अचानक निधन से पूरे देश में गम की लहर दौड़ गई थी।
सुशांत सिंह राजपूत ने पीके, काय पो छे!, राब्ता, छिछोरे और शुद्ध देसी रोमांस जैसी फिल्मों में काम किया।
