आगरा के सफाईकर्मी अरुण की पुलिस हिरासत में मौत मामले में सियासत बढ़ती जा रही है। बुधवार को प्रियंका गांधी के बाद गुरुवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद भी पीड़ित परिवार से मुलाकात करने पहुंचे। पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि उनकी पार्टी मृतक अरुण वाल्मीकि के परिवार को न्याय दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि वह इसीलिए सुप्रीम कोर्ट के वकीलों की एक टीम लेकर परिवार से मिलने आए हैं। उन्होंने मृतक के परिवारीजनों से कहा कि वह अपना खाता खुलवा लें। पार्टी की ओर से 30 लाख रुपये तत्काल भेज दिए जाएंगे।

खुर्शीद पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर गुरुवार को लोहामंडी स्थित पीड़ित परिवार के घर मिलने गए। उनके साथ सुप्रीम कोर्ट के दो अन्य वकील भी थे। उन्होंने मृतक की मां कमला देवी और पत्नी सोनम से कहा कि उन्हें कानूनी मदद दिलाई जाएगी। उन लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। पार्टी ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। स्वयं प्रियंका गांधी परिवारीजनों से मिलने आईं और इस घटना से व्यथित हैं। खुर्शीद ने कहा कि सरकार ने जो सहायता राशि दी है, उससे पीड़ित परिवार के आंसू नहीं पोछे जा सकते हैं।

 

समाज में इस तरह की घटनाओं से सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगता है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस प्रकरण को संसद के शीतकालीन सत्र में भी उठाएगी।  प्रदेश के पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि अरुण वाल्मीकि की पुलिस हिरासत में मौत हुई है और मुकदमा अज्ञात में लिखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अंधेर नगरी, चौपट राजा की कहावत चरित्रार्थ हो रही है। कांग्रेस हमेशा न्याय के लिए संघर्ष करती रही है। संविधान में प्रदत्त अधिकारों के तहत संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मौत का कोई मुआवजा नहीं होता है।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *