प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समूह-20 और कांफ्रेंस आफ पार्टीज (सीओपी-26) के वैश्विक नेताओं के सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद स्वदेश लौटते ही तीन नवंबर को कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान में पीछे छूट रहे विभिन्न जिलों के जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे.

पीएमओ ने कहा, ”जी-20 और सीओपी-26 शिखर सम्मेलनों में शामिल होने के बाद भारत लौटते ही प्रधानमंत्री तीन नवंबर को टीकाकरण की कम दर वाले जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक करेंगे.” इस बैठक में उन जिलों को शामिल किया है, जहां वैक्सीन की पहली खुराक देने की दर 50 प्रतिशत से कम और दूसरी खुराक देने की दर बहुत कम है.

पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री कम टीकाकरण दर वाले झारखंड, मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, मेघालय और कुछ अन्य राज्यों के 40 जिलों के जिलाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे. जी-20 और सीओपी-26 सम्मेलन में शिरकत करने के लिए प्रधानमंत्री गुरुवार को इटली और ब्रिटेन के लिए रवाना हुए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *