मथुरा कासगंज रेलवे लाईन पर पबजी गेम खेलने में मस्त दो युवकों की हुई मौत

मथुरा। पब्जी खेलने में तल्लीन दो युवकों को होश ही नहीं रहा की मौत ने कब उनको अपने काल का ग्रास बना लिया।
मथुरा कासगंज रेलवे लाइन पर शनिवार सुबह टहलने निकले दो युवक मोबाइल फोन में रेल लाइन पर पब जी खेलते समय ट्रेन की चपेट में आ गए जिससे दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई । रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में शव पड़ा देख राहगीरों में हड़कंप मच गया।

क्षेत्रीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस अधिकारियों ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे है और वही घटना की जानकारी परिजनों को दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना जमुनापार क्षेत्र के मथुरा कासगंज रेलवे लाइन पर लक्ष्मीनगर के समीप सीएनजी पेट्रोल पंप के पीछे रेलवे लाइन पर सुबह करीब छह बजे दो युवकों के शव रेल ट्रैक पर पड़े हुए थे । घटनास्थल के निरीक्षण से पता चला कि मृतक ईयर फोन लगाए थे एक मोबाइल फोन में पब जी गेम भी पुलिस को चलता हुआ मिला। पुलिस ने इनकी पहचान कपिल (18) व गौरव कुमार (18) के रूप में की है। दोनों मृतक जमुना पार के कालिंदी कुंज के निवासी थे। बताया जाता है घर से सुबह पांच बजे दोनों टहलने निकले थे। ईयर फोन लगाकर दोनों मोबाइल में पब जी गेम खेल रहे थे। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए। एक का मोबाइल फोन टूट गया था जबकि दूसरे के मोबाइल फोन में पब जी चलता हुआ मिला। दोनों किस ट्रेन की चपेट में आए अभी ये पता नहीं चल सका है।

इंस्पेक्टर शशि प्रकाश ने बताया कि ईयर फोन लगा होने और फोन में पब जी चलता मिलने से माना जा रहा है कि दोनों गेम खेल रहे थे, तभी ट्रेन की चपेट में आ गए। युवकों की मौत की सूचना स्‍वजनों को दी गई है। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है।

रिपोर्ट /- प्रताप सिंह

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *