Monday , October 28 2024

इटावा*ब्रह्माणी मंदिर पर बाबा के साथ आई 10 वर्षीय बालिका भीड़ में बिछड़ी 2 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने खोज निकाला*

*ब्रह्माणी मंदिर पर बाबा के साथ आई 10 वर्षीय बालिका भीड़ में बिछड़ी 2 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने खोज निकाला*

जसवंतनगर। फिरोजाबाद से अपने बाबा के साथ ब्रह्माणी देवी दर्शन व मेला देखने आई 10 वर्षीय बालिका बिछड़ गई जिसे बलरई पुलिस ने 2से3 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद खोज निकाला। बरामद बालिका को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है।
10 वर्षीय बालिका निशा कुमारी अपने बाबा 55 वर्षीय शोभाराम निवासी ग्राम सेवड़ा थाना सिरसागंज जनपद फिरोजाबाद के साथ यहां बलरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीहड़ में ब्रह्माणी देवी दर्शन व लगने वाले मेले को देखने आई थी। देवी दर्शनों के दौरान ही वह अपने बाबा से बिछड़ गई और उन्हें खोजते खोजते मेली में घूमती रही।
ब्रह्माणी मंदिर पर उमड़ी हजारों की भीड़ वाले मेले में शोभाराम भी अपनी बिछड़ी हुई नातिन को ढूंढ ढूंढ कर परेशान हो गए तो उन्होंने मंदिर पर पुलिस की हेल्प डेस्क को अवगत कराया। शीघ्र ही बलरई थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह के निर्देशन में उप निरीक्षक अरुण कुमार तेवतिया, कांस्टेबल शक्ति सचान, महिला कांस्टेबल अलका सिंह बालिका की खोजबीन में लग गए। 2 घंटे तक लगातार पुलिस की टीम आइसक्रीम व मिठाई की दुकानों, जनाना मार्केट की ओर बालिका को ढूंढती रही तब जाकर वह एक दुकान के पास सिसकती हुई मिली।
बालिका के गुम होने की सूचना जब उसकी मां शशि को मिली तो उन्होंने मैनपुरी निवासी भाई वह अन्य रिश्तेदारों को भेजा जिन्हें बालिका सकुशल सौंप दी गई। बालिका तीन बहनों में सबसे छोटी है उसके पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी है यही कारण था कि वह अपने बाबा के साथ यहां आई थी। बालिका को सकुशल पाकर परिजन व रिश्तेदार खुशी से फूले नहीं समाए। उन्होंने पुलिस टीम को धन्यवाद दिया है।