Sunday , October 27 2024

शादी के 21 दिन बाद नवविवाहिता की मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, हत्या का आरोप

मैनपुरी। नौ नवंबर को युवती की शादी हुई थी, 30 नवंबर को उसकी मौत हो गई। घर के कमरे में फंदे से शव लटका मिला। मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। 

विस्तार

मैनपुरी के बिछवां क्षेत्र के गांव इमायतपुर में बुधवार की देर शाम एक नवविवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। नौ नवंबर को विवाहिता की शादी हुई थी, सूचना मिलने के बाद पहुंचे मायका पक्ष के लोगों ने हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया है। घटना के बाद से सभी ससुरालीजन लापता हो गए हैं।

एटा के थाना नयागांव क्षेत्र निवासी रामप्रसाद ने नौ नवंबर 2022 को 19 वर्षीय पुत्री संगीता की शादी थाना क्षेत्र के गांव इमायतपुर निवासी यश कुमार के साथ की थी। संगीता को विदा किए हुए एक महीना भी नहीं हुआ था कि बुधवार की देर शाम उन्हें पुत्री की मौत की सूचना मिली। खबर मिलते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

घर पर नहीं मिले ससुरालीजन 

रामप्रसाद अन्य परिजनों के साथ गांव इमायतपुर पहुंचे तो बेटी का शव घर में पड़ा हुआ था। घर में एक वृद्धा के अलावा अन्य ससुरालीजन लापता थे। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने संगीता के शव को जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भिजवाया, पिता की ओर से पति व अन्य ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया।

पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष अमित सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।