Sunday , October 27 2024

क्रिसमस सेलिब्रेशन में आए अखिलेश यादव, बोले- मास्क लगाकर मुंह बंद करना चाहती है सरकार

मैनपुरी। मैनपुरी में आयोजित क्रिसमस सेलिब्रेशन शामिल होने आए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि सरकार मास्क लगाकर लोगों का मुंह बंद करना चाहती है।

विस्तार

मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जनाधार गिरने से भाजपा सरकार घबरा गई है। इसलिए मास्क लगाकर लोगों का मुंह बंद करना चाहती है। वे शहर के मिशन कंपाउंड में क्रिसमस के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।

अघोषित आपातकाल जैसे हालात

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं। सरकार की गलत नीतियों का विरोध करने वाले जनप्रतिनिधियों तक को जेल में डाला जा रहा है। किसान गाय और साड़ से परेशान हैं, तो वहीं युवा नौकरी पाने के लिए युवा परेशान है। महंगाई चरम पर पहुंच गई है। इन सब से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए सरकार फ्री राशन देने की बात एक बार फिर करने लगी है।

गुजरात मॉडल पर भारी पड़ा मैनपुरी मॉडल 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की बात आती है तो भाजपा गुजरात मॉडल की दुहाई देती है। मैनपुरी में हुए लोकसभा उप चुनाव में गुजरात मॉडल पर मैनपुरी मॉडल भारी पड़ा है। मैनपुरी में सपा शासन में कराए गए विकास कार्य आज भी याद किए जाते हैं। विकास केवल सपा ही करा सकती है। भाजपा तो केवल नफरत फैला सकती है।