सुबोध पाठक

जसवंतनगर/इटावा। फ्लाईओवर के अंडर पास व सर्विसलेन रात भर अंधेरे में डूब रहने से आए दिन लूट व हादसे हो रहे हैं। तमाम शिकायतों के बावजूद हाईवे अथॉरिटी अधिकारियों के कानों पर जूं नहीं रेंगी है।
सिक्सलेन हाईवे आगरा की ओर जमुना बाग के निकट फ्लाई ओवर का अंडरपास बना हुआ है जिसमें हाईवे अथॉरिटी द्वारा रोशनी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। सर्विसलेन पर लगाई गई घटिया क्वालिटी की स्ट्रीट लाइटें तो कुछ महीनों में ही खराब हो गईं थीं। रात भर अंधेरे में रहने वाला अंडरपास अराजक तत्वों की शरण स्थली बन जाता है। यही कारण है कि यहां आए दिन हादसे होते हैं। कई बार लूट की घटनाओं को भी अंजाम दिया जा चुका है। इस अंडरपास से करीब सैकड़ा भर गांव के लोगों का आना जाना रहता है। एक साइड की रोड धनुवां होकर करहल की ओर जाती है तो दूसरी साइड वाली रोड बलरई रेलवे स्टेशन होते हुए फिरोजाबाद व आगरा जिले के बॉर्डर से जुड़ती है यही कारण है कि रात भर अंडरपास से लोगों का आवागमन रहता है और अंधेरा होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो जाती हैं।
हमारे संवाददाता ने बीती रात 8.30 बजे देखा तो फ्लाई ओवर पर लगी तमाम स्ट्रीट लाइटों में सिर्फ गिनती की लाइट जल रही थीं और चारों ओर अंधेरा छाया हुआ था। हाईवे पर गुजरने वाले वाहनों की लाइट ही अचानक सर्विस लेन को गरजती बिजली के सामान कुछ पलों के लिए रोशन कर रही थी। स्थानीय लोगों ने कई बार हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया लेकिन किसी भी अधिकारी के कानों पर जूं नहीं रेंगी है और आए दिन में बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *