Sunday , October 27 2024

वृद्धाश्रम में वृद्धजनों का समय समय पर कराया जाए स्वास्थ्य परीक्षण : डीएम

माधव संदेश /ब्यूरो चीफ जय सिंह यादव रायबरेली। रायबरेली 22 फरवरी, 2023

जिलाधिकारी श्रीमती माला श्रीवास्तव ने कहा कि वृद्धजनों को पूरे आदर एवं सम्मान के साथ उनके भरण पोषण की व्यवस्था का लगातार अनुश्रवण किया जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण भी समय-समय पर कराया जाए तथा मनोरंजन आदि के लिए स्थानीय तीर्थ स्थान आदि पर भ्रमण कराया जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में भजन कीर्तन आदि की व्यवस्था भी करायी जाए।

जिलाधिकारी श्रीमती माला श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बचत भवन सभागार में पी0पी0पी0 मॉडल पर जनपद में वृद्धाश्रम संचालन करने वाली संस्था के नवीनीकरण हेतु समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती पूजा यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ0 वैभव त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम से आई हुई एक वृद्ध महिला से वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। महिला ने उन्हें अवगत कराया कि वृद्धाश्रम में समय पर भोजन आदि अन्य व्यवस्थाए समुचित रूप से उपलब्ध कराई जाती हैं। जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों से भी वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा कहा कि नियमित रूप से वृद्धाश्रम का भ्रमण किया करें। समिति के सदस्यों की सहमति से वृद्धाश्रम संचालन करने वाली संस्था के नवीनीकरण हेतु जिलाधिकारी द्वारा संस्तुति प्रदान की गई।