कन्नौज। प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने आज यहां कहा कि योगी सरकार में प्रदेश का आम व्यक्ति सुरक्षित है और अपराधीकरण पूरी तरह समाप्त हो गया है। जिन गुंडों को टिकट देकर विधानसभा भेजा जाता था आज उनके पाप की कमाई पर बनाई गई संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। श्री महाना भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित भाजपा के प्रबुद्ध सम्मेलन में भाग लेने के लिए आज कन्नौज आये थे जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत करने हुए उन्होंने योगी और मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई और कहा कि देश मे मोदी जी और प्रदेश में योगी जी ने जो कार्य किये हैं वह इससे पहले कोई सरकार नहीं कर सकी। आज प्रदेश में सभी जिलों को 24 घंटे बिजली मिल रही है। रसोई गैस सिलेंडर के लिए अब लोगो को न तो लाइन लगानी पड़ती है और न धक्के खाने पड़ते हैं। सारी व्यवस्था ऑनलाइन कर दी गई है। श्री महाना ने कहा कि किसानों को सम्मान निधि मिल रही है। बिना घर वालो को मकान मिल रहे हैं। यह सरकार की बड़ी उपलब्धि है। प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सोनू सूद पर आईटी के छापे के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में श्री महाना के कहा कि सरकारी एजेंसी अपना काम कर रही है। सरकार इसमे कोई हस्तक्षेप नही करती है।
उन्होंने मुफ्त राशन दिये जाने को एक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इतने लंबे समय तक किसी सरकार ने मुफ्त राशन नहीं दिया। पेट्रोल डीजल के बढ़े दामों पर पल्ला झाड़ते हुये कहा कि पेट्रोल डीजल के दाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तय किये जाते हैं। किसान आंदोलन के सम्बन्ध में उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल के लोग किसान का चोला ओढ़कर किसान आंदोलन कर रहे हैं।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *