Thursday , October 24 2024

प्रियंका गांधी बोलीं- कांग्रेस ने खाद्य सुरक्षा कानून दिया, इसलिए जनता को मिल रहा राशन

रायबरेली: प्रियंका गांधी ने बुधवार को ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के उमरान में आयोजित नुक्कड़ सभा के दौरान मोदी सरकार पर धर्म के नाम पर वोट मांगने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा के लोग विकास, महंगाई और बेरोजगारी पर बात नहीं करते। कांग्रेस ने खाद्य सुरक्षा योजना के तहत आपको राशन का अधिकार दिया इसलिए आपको राशन मिल रहा है।

कांग्रेस ने मनेरगा योजना में 100 दिन के रोजगार का अधिकार दिया। प्रियंका ने कहा कि देश का गरीब किसान फसल के लिए, अपनी बेटी की शादी और बच्चों की शिक्षा के लिए कर्ज लेता है। किसान कर्ज नहीं भर पाता है। मोदी किसान का कर्ज माफ करने के बजाय 16 लाख करोड़ रुपये उद्योगपतियों का माफ कर दिया।

लखीमपुर खीरी में काले कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन कर रहे थे। मंत्री के बेटे ने किसानों पर कार चढ़ा दी। किसानों की मौत हुई, लेकिन मोदी जी ने किसानों से बात करने की जरूरत नहीं समझी। मोदी कभी मंच से नीचे उतरकर आप से नमस्ते भी नहीं करेंगे। मोदी जी दिन भर मे तीन बार कपड़े बदलते हैं। इतना महिलाएं भी नहीं बदलती हैं।