महोबा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने मित्र गौतम शर्मा के पिता की त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। जहां उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए गाय गंगा और गड्ढा में सरकार को फेल बताया। साथ ही 400 सीटें लाने का दावा किया। आगे कहा कि चाचा शिवपाल की पार्टी सहित सभी क्षेत्रीय दलों को साथ लाकर समाजवादी पार्टी चुनाव लड़ेगी। सीएम योगी को घेरते हुए कहा कि दूसरों को माफिया बताने वाले मुख्यमंत्री बताएं कि उनके ऊपर खुद कितने मुकदमे थे।

सीएम पर की टिप्पणी
बुंदेलखंड के महोबा एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे अखिलेश यादव का समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। निजी विमान से वह खजुराहो उतरे। वहां से वह कारों के काफिले के साथ महोबा के गांधीनगर स्थित अपने मित्र गौतम शर्मा के घर पहुंचे। इस दौरान श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंकने की बात कही। अखिलेश ने सीएम योगी को घेरते हुए कहा कि दूसरों को माफिया बताने वाले मुख्यमंत्री बताएं कि उनके ऊपर खुद कितने मुकदमे थे। जिन्हें लैपटॉप चलाने का ज्ञान नहीं है। वह लैपटॉप और एंबुलेंस जैसी सेवाओं के बारे में क्या सोचते होंगे। यह अंदाजा आप लगाइए।
गाय, गंगा और गड्ढा में सरकार ने बरबाद किए पैसे
आगे कहा कि इस सरकार ने गाय, गंगा और सड़कों में गड्ढे के नाम पर हजारों करोड़ रुपए पिछले साढ़े 4 सालों में बर्बाद कर दिए। इसके बाद भी समस्या जस की तस है। यहीं नहीं आम लोगों की बीजेपी से नाराजगी सपा को 400 सीट दिलवाएगी। उन्होंने महोबा के चर्चित विस्फोटक व्यापारी इंद्र कांत त्रिपाठी मामले में बीजेपी को घेरने का काम किया। कहा कि सरकार में महिला दलित उत्पीड़न के मामले सहित अपराधों का ग्राफ बढ़ा है। जिसमें एक आईपीएस तक भगोड़ा है।

प्रसपा के साथ मिलकर पार्टी लड़ेगी चुनाव
चाचा शिवपाल की पार्टी सहित सभी क्षेत्रीय दलों को चुनाव में साथ लाने की बात भी अखिलेश यादव ने कही। साथ ही भाजपा पर आरोप लगाया कि सरकार ने सिर्फ योजनाओं का नाम बदलने का काम किया। इस सरकार का प्रिय काम बिना पानी का शौचालय बनाना है। सरकार में सबसे ज्यादा साधु संतों और बाबाओं की हत्याएं हो रही हैं। महोबा में भाजपा के कार्यकर्ता आईपीएस के साथ मिलकर वसूली करते थे। आईपीएस को भगोड़ा होना पड़ा। भाजपा कभी एक्सप्रेसवे नहीं बना पाएगी।
महंत महेंद्र नरेंद्र गिरी की मौत की जांच की उठाई मांग
प्रदेश के चर्चित महेंद्र नरेंद्र गिरी की संदिग्ध मौत मामले में हाई कोर्ट के जज के नेतृत्व में जांच कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा की सरकार में जितने भी गरीबों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं। सपा सरकार में सभी वापस किए जाएंगे। सच बोलने वालों के खिलाफ सरकार मुकदमे लिखवा रही है और आजम खां के लिए समाजवादी पार्टी जो कर सकती है कर रही है और करती रहेगी।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *