प्रज्ञेश प्रकाश भट्ट

कन्नौज। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कन्नौज में कहा कि सपा सरकार आएगी तो किसानों और नौजवानों के हित में काम करेगी। उन्होंने कहा कि सपा के काम की गिनती हम नहीं कराना चाहते। अब आप ही बताओ जिन्होंने काम ही नहीं किया उनसे काम करने वालों की क्या तुलना करना। उन्होंने पूछा बताओ किस किसान की आय दोगुनी हो गई। उज्ज्वला योजना उज्जवला नहीं है वह बुझला योजना है। बीजेपी का सबसे प्रिय काम है शौचालय बनाना। शौचालय बनाए तो उसका क्या काम हो रहा, सब जानते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सरकार में न रोजगार है न व्यापार। भाजपा वाले सब स्टेशन तो नहीं बनवा पाए इसलिए बिजली महंगी कर दी। समाजवादी सरकार बनी तो बिजली सस्ती होगी। हो सकता है कि बिजली फ्री भी कर दें। इसे घोषणा पत्र में शामिल करेंगे।
गुरसहायगंज के सराय प्रयाग स्थित कप्तान सिंह महाविद्यालय में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सड़क, अस्पताल, लैपटॉप, पेंशन, बिजली के सबस्टेशन जैसे न जाने कितने काम सपा सरकार में करवाए गये। आप लोग एटा चले जाएं, वहां देखे कितना बड़ा बिजली पावर हाउस बन रहा है। उस थर्मल पावर प्लांट का मुख्यमंत्री नाम भी नहीं ले सकते।
बाबा लैपटॉप चलाना नहीं जानते, इसलिए नहीं बांटे। समाजवादियों ने सब स्टेशन बनवाए। भाजपा वालों ने क्या किया, मीटर लगवा कर बिजली बिल अधिक थमा दिए। बिजली महंगी कर दी। सपा सरकार बनी तो किसानों, नौजवानों के लिए बिजली सस्ती की जाएगी। भाजपा ने जो काम बंद किये हैं, पेंशन बंद की है, उसे शुरू करेंगे और पेंशन भी बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि सपा चाहती कि प्रदेश खुशहाली के रास्ते पर चले। यह तभी होगा जब यहां रोजगार होगा, उद्योग होंगे। अखिलेश यादव ने बगैर नाम लिए भाजपा नेताओं पर निशाना साधा। कहा कि यहीं गुरसहायगंज में भाजपा के एक बड़े नेता आये थे, यहां बोलकर गए थे कि किसानों की आय दोगुनी कर देंगे। यहां किसान बैठे हैं, वो बताएं कि कौन सी फसल की आय दोगुनी हुई। आलू का गढ़ है कन्नौज क्या आय दोगुनी हुई?

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *