मध्य प्रदेश के रीवा में बेटी से मिलने आए प्रेमी युवक को पिता ने केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. युवक के बयान पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना से रीवा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.

बता दें कि ये वारदात चाकघाट थाना क्षेत्र में उस वक्त हुई जब ढेड़हा निवासी युवक 22 वर्षीय युवती से मिलने उसके गांव गया था. बताया जा रहा है कि शख्स युवती के घर के आस-पास घूम रहा था.

इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई. लोगों ने तत्काल शख्स पर कंबल और पानी डाल आग को बुझाया पर तब तक युवक का 90 फीसदी शरीर झुलस गया था. इस बीच किसी ने पुलिस को भी पूरी घटना की जानकारी दे दी.

रीवा एएसपी शिवकुमार वर्मा ने बताया कि हमें पीसीआर पर एक युवक पर केरोसिन डालकर जिंदा जला देने की सूचना मिली थी. जिसके बाद हमने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

युवक रविवार दोपहर भी युवती से मिलने गांव आया था. इस दौरान पिता की उस पर नजर पड़ गई. जिसके बाद ये पूरी वारदात हुई. फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *