अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आगामी फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ की कुछ तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में अभिनेत्री क्रिकेटर के किरदार में नजर आ रही हैं।

अभिनेत्री द्वारा साझा की गई तस्वीरों में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक जान्हवी को प्रशिक्षण देते हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीरों से ऐसा लगता है कि जान्हवी फिल्म में एक क्रिकेटर की भूमिका निभा रही हैं और वह अपने शॉट्स और स्टांस को परफेक्ट बनाने के लिए वास्तव में कड़ी मेहनत कर रही है।

एक तस्वीर में दिनेश कार्तिक बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं और फिल्म के निर्देशक शरण शर्मा विकेट के पीछे नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान युद्ध क्षेत्र में उड़ान भरने वाली भारतीय वायु सेना अधिकारी गुंजन सक्सेना की बायोपिक ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ की सफलता के बाद जान्हवी कपूर फिर से शरण के साथ काम कर रही हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो जान्हवी ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ के अलावा सर्वाइवल थ्रिलर ‘मिली’ में भी दिखाई देंगी, जो मलयालम फिल्म ‘हेलेन’ की रीमेक है। इसके अलावा उनके पास पाइपलाइन में ब्लैक-कॉमेडी क्राइम ड्रामा ‘गुड लक जेरी’ भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *