प्रज्ञेश प्रकाश भट्ट

कन्नौज। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रीना सिंह वर्मा एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश पालीवाल के नेतृत्व में आज दर्जनों महिलाओ ने कलेक्ट्रेट पहुँच कर दिल्ली की साबिया उर्फ राबिया के साथ दुष्कर्म व निर्ममता पूर्वक हत्या के मामले में दोषियों को फांसी दिए जाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश पालीवाल ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार तमाम दावे करती है लेकिन स्थिति उसके उलट है। महिलाओ के साथ अत्याचार हो रहा है। बलात्कार के बाद उनकी हत्या की जा रही है लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है।
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रीना सिंह वर्मा ने कहा कि दिल्ली के सँगम बिहार की रहने वाली साबिया उर्फ राबिया सिविल डिफेंस में संविदा पर कार्य करती थी। 27 अगस्त की रात को अपने घर नही लौटी तो उसकी खोज खबर की गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में साबिया का शव सूरज कुंड पाली रोड पर मिला। साबिया की दुष्कर्म के बाद चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गयी। इस घटना से महिलाये बहुत आहत है और इस घटना से पूरे देश के लोग स्तब्ध हैं। उन्होंने इस प्रकरण में दोषियों को फांसी दिलाये जाने की मांग की है। प्रदर्शन के बाद अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन दिया गया। इस मौके पर मीना राजपूत, शिववती, शमा बेगम, जगन्नाथ सिंह, पूजा गौतम, निर्मला, संगीता बाथम, कलावती, अशोक कुमार कनौजिया, आशुतोष त्रिपाठी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *