Sunday , October 27 2024

जसवंतनगर पर भाजपा की खास निगाह, एक दर्जन मंत्री, 50 विधायक प्रचार में झोंके

फोटो: मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के प्रत्याशी समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव और भारतीय जनता पार्टी के रघुराज सिंह शाक्य जिनके बीच सीधा मुकाबला है

जसवंतनगर इटावा। मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव को लेकर सरगर्मियां अब चरम पर पहुंच गई है। चुनाव में मुख्य मुकाबले के उम्मीदवारों सपा की डिंपल यादव और भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य के बीच मतदाताओं से संपर्क और जोड़-तोड़ की होड़ मची है।

इस लोकसभा उपचुनाव में जसवंतनगर के मतदाताओं को दोनों ही उम्मीदवार निर्णायक मान रहे हैं। यहां से भारी लीड लेने के प्रयास में भी है। जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 3 लाख 93 हजार वोटर है।

इस विधानसभा क्षेत्र में मुलायम सिंह यादव की जन्म स्थली सैफई का ब्लॉक भी शामिल है।

जसवंत नगर क्षेत्र सदैव से ही समाजवादी पार्टी का गढ़ रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में इस विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के रूप में शिवपाल सिंह यादव ने 92000 मतों की लीड ली थी। इससे पूर्व 2019 के लोकसभा चुनाव में मैनपुरी सीट से चुनाव लड़े नेताजी मुलायम सिंह यादव को जसवंत नगर इलाके ने इतनी बड़ी ही लीड दी थी। अगर 2017 का विधानसभा चुनाव देखा जाए ,उस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को मात्र 50 हजार वोट शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ हासिल हुए थे ,जबकि 2022 के चुनाव में इनकी संख्या बढ़कर 15000 और ज्यादा हो गई थी। मगर शिवपाल सिंह की लीड 60000 वोटों से बढ़कर 92000 पर पहुंच गई। जसवंत नगर इलाके पर इसीलिए भाजपा की खास निगाह है कि यहां से किसी भी तरह सपा प्रत्याशी डिंपल यादव की लीड को घटाया जाए।

भाजपा ने इसी के मद्देनजर जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्र में अपने करीब 2 दर्जन मंत्रियों को प्रचार अभियान में भेजा है। इसके अलावा भाजपा के विभिन्न जातियों के 50 से ज्यादा विधायक जसवंत नगर में रात दिन एक किए हुए हैं। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी अपने इस गढ़ जसवंतनगर के प्रति पूरी तरह आश्वस्त है और उसने यहां अपने स्टार प्रचारकों को नहीं झोंका है ।जसवंत नगर ब्लाक क्षेत्र में स्वयं सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव केवल एक बार चुनाव की शुरुआत में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने आए थे। इसके बाद जसवंत नगर ब्लॉक क्षेत्र में सारी जिम्मेदारी विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे शिवपाल सिंह यादव पर डाल दी। शिवपाल सिंह गांव गांव जा रहे हैं और जसवंत नगर कस्बे में भी उन्होंने पूरे 1दिन में 30 से ज्यादा नुक्कड़ सभाएं और डोर टू डोर संपर्क किया।

बताया गया है कि अखिलेश यादव ने शिवपाल सिंह यादव पर जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र को लेकर उन पर असीम विश्वास करते हुए पूरी जिम्मेदारी डाली है।

भाजपा ने जसवंत नगर में अब तक अपने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक।और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह को भेजा ही है ,साथ ही एक दर्जन मंत्रियों को भी संपर्क में लगाया है। इनमें केबिनेट मंत्री राकेश सचान ,असीम अरुण ,प्रतिभा शुक्ला,नितिन अग्रवाल ,रामकेश निषाद,अजीत पाल,मनोहर लाल मन्नू कोरी आदि प्रमुख है।

बताया गया है कि सपा प्रत्याशी डिंपल यादव प्रचार के अंतिम दिन 3 दिसंबर को जसवंत नगर कस्बे में रोड शो करके मतदाताओं का आशीर्वाद लेंगी। अखिलेश यादव का जसवंतनगर कस्बे अथवा इससे सटे गांव में कोई कार्यक्रम नहीं लगाया गया है हालांकि वह सैफई, वैदपुरा इलाके में सभाएं कर रहे हैं।

चूंकि भाजपा प्रत्याशी रघुराज शाक्य जसवंत नगर क्षेत्र के ही निवासी है इसलिए भाजपा उम्मीद कर रही है कि वह सपा के इस ग्रहण में सेंध लगाने में अवश्य ही कामयाब होगी।

रिपोर्ट:वेदव्रत गुप्ता