Monday , October 28 2024

मैनपुरी उपचुनाव कोई भी जीते मगर होगा, जसवंत नगर का ही रहने वाला

फोटो मतदान के बाद अखिलेश यादव और डिंपल यादव अपनी उंगली पर स्याही का निशान दिखाते। दूसरे चित्र में भाजपा प्रत्याशी रघुराज शाक्य अपनी पत्नी के साथ वोट डालकर निकलते हुए

वेदव्रत गुप्ता।जसवंतनगर (इटावा)। मैनपुरी लोकसभा चुनाव का कोई भी परिणाम हो या कोई भी सांसद चुने मगर यह निश्चित है कि जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्र का निवासी ही संसद में प्रतिनिधित्व करेगा।

सोमवार को लोकसभा का उपचुनाव संपन्न हो गया । दोनों मुख्य प्रत्याशी समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव और भारतीय जनता पार्टी के रघुराज सिंह सिंह शाक्य के मध्य मुकाबला है। यह निश्चित है इनमें से ही कोई चुनाव का विजेता होगा। स्वर्गीय नेताजी मुलायम सिंह यादव का यह संसदीय क्षेत्र रहा है। मुलायम परिवार की प्रतिष्ठा का यह चुनाव है।

दोनों मुख्य प्रत्याशियों डिंपल यादव और रघुराज शाक्य ने अपने वोट जसवंत नगर विधानसभा की पोलिंग बूथों क्रमशः सैफई और धौलपुर खेड़ा पर डालकर मतदान किया।

डिंपल यादव सैफई के जूनियर स्कूल में अपने पति और समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव के साथ वोट डालने पहुंची थी। उन्होंने वोट डालने से पहले नेताजी मुलायम सिंह यादव की समाधि पर पहुंचकर और उनके चित्र पर उनका नमन किया और उनकी स्वर्गीय आत्मा से मैनपुरी में अपना प्रतिनिधित्व देने का आशीर्वाद मांगा।

भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य अपने गांव धौलपुर खेड़ा अपनी पत्नी के साथ तड़के सवेरे ही पहुंच गए थे। उन्होंने अपने गांव के मंदिर पर सबसे पहले जा कर पूजा अर्चना की और फिर मतदान केंद्र पर दोनों पति-पत्नी मतदान करने पहुंचे।

डिंपल यादव मतदान के बाद बोली की जनता और नेताजी दोनों का आशीर्वाद उन पर है ,इसी आशीर्वाद से वह विजय हासिल करेंगी।

रघुराज शाक्य ने मतदान के बाद बातचीत में दावा किया कि वह भाजपा की नीतियों और समर्थन से भारी विजय हासिल कर रहे हैं।