Monday , October 28 2024

उप चुनाव में वोट करने वाले सभी राजनैतिक सेलिब्रिटीज जसवंत नगर के

जसवंतनगर (इटावा)। सोमवार को मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र का उपचुनाव संपन्न हो गया ।यह संसदीय सीट देश के सबसे बड़े नेताओं में शुमार रहे स्वर्गीय नेता जी मुलायम सिंह जी यादव की परंपरागत सीट थी, उनके न रहने के कारण ही इस सीट पर उपचुनाव हुआ।

हालांकि मैनपुरी संसदीय सीट पांच विधानसभाओं के सम्मिश्रण से बनी है ,जिनमें मैनपुरी, किशनी, भोगांव, करहल और जसवंतनगर विधानसभाएं समाहित हैं।

आज जब मतदान हुआ तो लोकसभा सीट के लिए मतदान करने वाले राजनैतिक सेलिब्रिटीज में सबसे ज्यादा जसवंतनगर या उससे जुड़े सैफई ब्लॉक के निवासी ही थे। इस संसदीय सीट के लिए, जो चुनाव हो रहा है, उस में मुख्य मुकाबला सैफई की निवासिनी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की धर्मपत्नी डिंपल यादव हैं। वह समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी हैं। जबकि भारतीय जनता पार्टी ने भी जसवंत नगर के ही निवासी रघुराज शाक्य को प्रत्याशी बनाया है।

सोमवार को जब चुनाव हुआ, तो मतदान के लिए राजनीतिक हस्ती सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी प्रत्याशी डिंपल यादव के साथ सेफई में वोट डाला। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने भी सैफई में ही मतदान किया। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव और उनके पुत्र प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव अंकुर ने भी सैफई मतदान केंद्र पर वोट डाला ।इसके अलावा अन्य राजनैतिक हस्तियों में शुमार पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, तेज प्रताप सिंह यादव, अक्षय यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक अंशुल ने भी सैफई में ही वोट डाले। इन सभी राजनैतिक हस्तियों के वोट मतदान करने की कवरेज के लिए राष्ट्रीय स्तर के मीडिया चैनल्स बड़ी संख्या में सेफई में जमा थे।

इन सभी ने बड़ी सादगी के साथ मतदान किया ।मतदान करने के बाद क्षेत्र में मतदान की स्थिति जानने को निकल गए। हालांकि इनके पीछे प्रशासन ने निगरानी के लिए काफी फोर्स लगाया था।

भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी तथा दो बार सांसद और एक बार विधायक रह चुके रघुराज सिंह भी जसवंत नगर के ही रहने वाले हैं उन्होंने अपने गांव धौलपुर खेड़ा में मतदान किया।

जसवंत नगर के सबसे बड़े राजनीतिक जुगौरा परिवार , जिसमें 36 वर्षों से ब्लॉक प्रमुखी है, उस परिवार के पूर्व ब्लाक प्रमुख रामपाल सिंह यादव, प्रोफेसर बृजेश यादव, संतोष यादव, अनुज मोंटी यादव और वर्तमान प्रमुख डॉक्टर अंजली यादव ने जुगौरा बूथ पर ही मतदान किया ।उनके साथ परिवार के डॉक्टर भुवनेश यादव ,राजपाल सिंह यादव और हनी यादव जैसे सदस्य भी शामिल थे। जिला पंचायत इटावा के सदस्य भुजवीर सिंह यादव ने भी जुगौरा में ही मतदान किया।

जसवंतनगर कस्बे में सपा और भाजपा के बस्ते काफी जोर शोर से लगे थे। खुद प्रसपा के जिला महासचिव अजेंद्र सिंह गौर, राहुल गुप्ता, राजीव यादव,राकेश यादव, आलोक गंगलास, भागीरथ यादव, मोहम्मद नवी आदि सपा के बस्ते संभाले थे। जबकि भाजपा बस्ते अजय बिंदु , कुशलपाल शर्मा, जैसे प्रमुख चेहरे संभाले थे।