नरेन्द्र वर्मा
शिकोहाबाद। नगर पालिका सीमा में ऑटो रिक्शा से अवैध वसूली की जा रही है। कई लोग ठेकेदार बन कर ऑटो चालकों से प्रतिदिन 20 रुपये के हिसाब से बसूली कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को पालिका के टैक्स कलक्टर ने सुभाष तिराहे से एक युवक को अवैध वसूली करते हुए पकड़ लिया, जबकि दो भागने में सफल हो गये। पालिका ने थाने में तहरीर दी है।

जलकर और गृह कर वसूली बंद होने से नगर पालिका की आमदनी में भारी कमी आई है। इसके साथ ही विगत वर्षों से पालिका नगर सीमा में चलने वाले वाहनों से भी शुल्क नहीं बसूल पा रही थी। इस माह से पालिका ने नगर पालिका सीमा में चलने वाले वाहनों, ऑटो, लोडर वाहन आदि से पंजीकरण शुल्क वसूलना प्रारंभ किया है। पालिका के जो कर्मचारी इस कार्य में लगाये गये हैं, उन्हें भारी परेशानी हो रही थी। बृहस्पतिवार को टैक्स कलेक्टर दयाशंकर, शमीम अख्तर,मनीष कुमार और अवनीश कुमार सुभाष तिराहे पर पहुंचे तो वहां पहले से ही तीन लोग मौजूद थे, और वह वाहनों से वसूली कर रहे थे। पालिका की टीम को देख वसूली कर रहे लोग भागने लगे। जिसमें से एक को पालिका के कर्मचारियों ने पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पकड़े गये युवक के पास से 260 रुपये बरामद हुए।

इस सम्बंध में ईओ ने थाने में तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने तीन लोगों पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में ईओ अवधेश कुमार ने बताया कि तीन युवक पालिका कर्मी बनकर नगर क्षेत्र में चलने वाले ऑटो से अवैध बसूली कर पालिका के राजस्व को नुकसान पहुँचा रहे थे। उनमें से एक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा है। इस संबंध में थानाध्यक्ष छत्रपाल सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *