लखनऊ के कारोबारी की पुत्री रूबी की सरधना में हुई हत्या के मामले में जल्द खुलासा हो सकता है। रूबी का शव अभी तक बरामद नहीं हुआ है। पीएसी के गोताखोर तीन दिन गंगनहर को छानकर चले गए, लेकिन शव नहीं मिला। अब रूबी का शव घर के ठीक पीछे कब्रिस्तान में दबा होने की आशंका जताई जा रही है। हाल ही में उस कब्रिस्तान में दो ताजे गड्ढे बराबर-बराबर में देखे गए हैं। शव यहां दबाए जाने की आशंका है। पुलिस स्थानीय लोगों से बातकर इन गड्ढों को खुदवाने की तैयारी कर रही है।

लखनऊ के कारोबारी रामचंद्र गुप्ता की पुत्री रूबी गुप्ता की उसके पति दीपक निराला ने हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को गायब कर दिया गया। हत्याकांड का खुलासा करते हुए दीपक ने बताया था कि रूबी के शव के दो टुकड़े कर नहर में फेंकने की बात कही थी। पुलिस ने तीन दिन पीएसी के गोताखोरों से भलसौना पुल के पास नहर में शव की तलाश कराई, लेकिन कोई पता नहीं लगा। शव न मिलने पर रूबी के परिजन भी लखनऊ लौट गए। हालांकि वह लगातार पुलिस से संपर्क कर शव बरामदगी की मांग कर रहे हैं।

 

इस मामले में जांच में जुटी पुलिस को रूबी का शव दीपक के घर के पीछे स्थित कब्रिस्तान में दबे होने की जानकारी मिली है। कब्रिस्तान में झाड़ियों में हाल ही में खोदे गए दो गड्ढे भी दिख रहे हैं। दोनों बराबर-बराबर में हैं, जिसके चलते उन गड्ढों में रूबी का शव होने की आशंका जताई जा रही है। सीओ आरपी शाही को ने तुरंत इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार को कब्रिस्तान कमेटी व जिम्मेदार लोगों से इस बारे में बात करने व उनके सहयोग से गड्ढों को खुदवाकर जांच करने के निर्देश दिए। लोगों की मानें तो हाल ही में किसी की मौत नहीं हुई है, ना ही कब्रिस्तान में किसी शव को दफनाया गया है। ऐसे में इन गड्ढों की ओर पुलिस का शक गहरा गया है।

कहना इनका …

दीपक के घर के पीछे स्थित कब्रिस्तान में दो नए गड्ढे खोदकर कुछ दबाए जाने की बात सामने आई है। थानाध्यक्ष को जांच कर उन गड्ढों को खुदवाने के निर्देश दिए गए हैं। खुदाई के बाद ही कुछ कहा जाएगा। – आरपी शाही, सीओ सरधना

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *